DC vs GT IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स के वो पांच वीर, जो गुजरात को देंगे चोट गंभीर, टाइटंस पर लगातार तीसरी हार का खतरा
नई दिल्ली: आईपीएल में आठ अप्रैल की शाम दिल्ली कैपिटल्स अपने घर पर गुजरात टाइटंस की खबर लेने उतरेगी. गुजरात जहां अपने पिछले दोनों मैच हारकर आ रही है तो दिल्ली ने अपने दोनों मैच जीते हैं. दिल्ली के लिए 22 साल के समीर रिजवी ने बैटिंग का मोर्चा संभाला हुआ है. अगर टॉप ऑर्डर में केएल राहुल, नीतीश रेड्डी भी रन बनाने लगते हैं तो टीम और भी मजबूत बन जाएगी. इसके विपरीत गुजरात टाइटंस बैटिंग और बॉलिंग दोनों में लड़खड़ा रही है. उसके न बल्लेबाज चल रहे और न गेंदबाज.
लगातार तीन फिफ्टी ठोक चुके रिजवी
श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने यहां पिछले मैच में अपनी लय हासिल कर ली थी, जिससे उन्हें पावरप्ले में गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाजों कागिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज की जोड़ी का सामना करने के लिए जरूरी आत्मविश्वास मिलेगा. आईपीएल में लगातार तीसरा अर्धशतक (एक अर्धशतक पिछले सत्र के अपने आखिरी मैच में लगाया था) लगाने वाले समीर रिजवी आक्रामक फॉर्म में हैं, उनमें स्पिनरों की जमकर धुनाई करने की क्षमता तो पहले से थी ही, लेकिन अब वह तेज गेंदबाजों को भी नहीं बख्श रहे हैं.
बैटिंग बॉलिंग दोनों में फायर है दिल्ली
दिल्ली की तरफ से गेंदबाजों में मुकेश कुमार ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है, वहीं कप्तान अक्षर पटेल पावरप्ले और बीच के ओवरों दोनों में प्रभावी रहे हैं. लुंगी एनगिडी ने दिल्ली की गेंदबाजी इकाई को मजबूती प्रदान की है, जिसमें टी नटराजन और कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव भी शामिल हैं. गुजरात टाइटंस अपने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों पर जरूर से ज्यादा निर्भर नजर आ रही है और उसका मध्यक्रम नहीं चल पा रहा है.
क्या शुभमन गिल खेलेंगे अगला मैच?
ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया जैसे मध्यक्रम के बल्लेबाजों को दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है. कप्तान शुभमन गिल मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पिछला मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन कार्यवाहक कप्तान राशिद खान ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच के लिए वह पूरी तरह से फिट हो जाएंगे.
पूरी तरह बेरंग नजर आ रही जीटी
गुजरात टाइटंस की टीम अपने पहले दो मैच हार गई है और इनमें उसके गेंदबाजों का प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा. सिराज और रबाडा दोनों ही थोड़े महंगे साबित हुए हैं, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रख पाए हैं. गुजरात टाइटंस के लिए सकारात्मक बात यह है कि राशिद ने प्रतियोगिता की शुरुआत में ही अपनी लय पा ली है. गुजरात के सबसे प्रभावशाली गेंदबाज 23 वर्षीय तेज गेंदबाज अशोक शर्मा रहे हैं.
दिल्ली में रन बनेंगे या विकेट गिरेंगे?
कोटला की पिच पर आमतौर पर खूब रन बनते हैं, लेकिन पिछले सप्ताह दोपहर के मैच में ऐसा नहीं हुआ और मुंबई इंडियंस की टीम केवल 162 रन ही बना पाई. यह देखना बाकी है कि यहां की पिच अप्रैल में शाम के सत्र में होने वाले मैच में कैसा व्यवहार करती है.
दिल्ली कैपिटल्स का स्क्वॉड: अक्षर पटेल (कप्तान), अभिषेक पोरेल, करुण नायर, केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, माधव तिवारी, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, त्रिपुराना विजय, डेविड मिलर, बेन डकेट, औकिब नबी डार, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, पृथ्वी साव, काइल जैमीसन, टी नटराजन, अजय जादव मंडल और साहिल पारख.
गुजरात टाइटंस का स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत, जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, शाहरुख खान, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, वॉशिंगटन सुंदर, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, जयंत यादव, ईशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, पृथ्वी राज येरा, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन और अरशद खान.