यूपी की सियासत में शुरू हो गई धुरंधर पॉलिटिक्स
Last Updated:
UP Politics: यूपी में विधानसभा चुनाव होने में अब एक साल से भी कम का वक्त बचा है, ऐसे में सियासत भी चरम पर है. यूपी के कई शहरों में पोस्टर और होर्डिंग लगाकर फिल्म धुरंधर की तर्ज पर पूछा गया है कि आपको क्या चाहिए? अखिलेश का ल्यारी राज या यूपी का धुरंधर सीएम योगी आदित्यनाथ. पोस्टर्स में अखिलेश राज और योगी राज की तुलना की गई है.

यूपी में शुरू हुई धुरंधर पॉलिटिक्स,कई जिलों में लगे पोस्टर
लखनऊ. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में पोस्टर पॉलिटिक्स शुरू हो गई है. यूपी के कई जिलों में ‘यूथ अगेंस्ट माफिया’ नाम के संगठन ने बड़े स्तर पर होर्डिंग और पोस्टर लगाए हैं. इन पोस्टर्स के माध्यम से पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार के शासनकाल को ‘ल्यारी राज’ करार देते हुए सवाल उठाए गए हैं, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘धुरंधर सीएम’ बताते हुए माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तारीफ की गई है.
पोस्टरों में प्रमुख रूप से पूछा गया है, “अखिलेश का ‘ल्यारी राज’ या धुरंधर सीएम योगी?” यह तुलना फिल्म ‘धुरंधर’ के साथ की गई है, जिसमें सपा शासन को अराजकता और माफिया के राज से जोड़ा गया है. इन होर्डिंग्स को लखनऊ, मलिहाबाद, सीतापुर, हरदोई, जौनपुर, बाराबंकी, आजमगढ़, नोएडा, प्रतापगढ़, अमेठी और गोंडा समेत कई जिलों में लगाया गया है. पोस्टरों में सपा राज के दौरान हुए दंगों की पुरानी अखबारी कटिंग्स भी चिपकाई गई हैं, खासकर मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली दंगों का जिक्र कर सपा पर निशाना साधा गया है.
दोनों सरकारों की तुलना
एक तरफ जहां सपा शासन को दंगे, अराजकता और माफिया संरक्षण से जोड़ा गया है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में माफिया के अंत की तस्वीरें लगाई गई हैं. अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी और मुकीम काला जैसी हस्तियों की मौत या कार्रवाई से संबंधित कटिंग्स इन पोस्टरों का प्रमुख हिस्सा हैं. इनके जरिए यह संदेश दिया गया है कि योगी सरकार ने माफिया राज को पूरी तरह समाप्त कर कानून का राज स्थापित किया है.
राजनीतिक गलियारों में चर्चा
‘यूथ अगेंस्ट माफिया’ संगठन का दावा है कि यह अभियान युवाओं को माफिया के खिलाफ जागरूक करने और पिछले शासन की तुलना में वर्तमान सरकार की उपलब्धियों को उजागर करने के लिए शुरू किया गया है. पोस्टरों में साफ तौर पर लिखा है कि सपा के समय यूपी में दंगे और माफिया का बोलबाला था, जबकि योगी के नेतृत्व में राज्य माफिया मुक्त होकर विकास की राह पर अग्रसर है. यह पोस्टर अभियान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. सपा शासनकाल को लेकर पुरानी यादें ताजा करने के साथ ही वर्तमान सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति की तारीफ भी की जा रही है.
About the Author
अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें