Aam ki Chutney Recipe: 5 मिनट में बनकर तैयार ये देसी चटनी, इसके साथ सादा चावल भी लगे बिरयानी जैसी!
Last Updated:
Kachhe Aam ki Chutney Recipe: गर्मी के मौसम में कच्चे आम की चटनी हर घर की पसंदीदा डिश बन जाती है, जो खाने का स्वाद दोगुना कर देती है. यह खट्टी-तीखी चटनी सिर्फ 5 मिनट में तैयार हो जाती है और हर थाली को खास बना देती है. गांवों में सिलबट्टे पर पिसी चटनी का स्वाद आज भी लोगों को बेहद पसंद आता है. दाल-रोटी, पराठा या चावल—हर चीज के साथ इसका स्वाद शानदार लगता है. यह चटनी न सिर्फ स्वाद बढ़ाती है, बल्कि गर्मी में भूख भी बढ़ाने का काम करती है.
आम की खट्टी चटनी की रेसिपी: जैसे ही गर्मी शुरू होती है, शिवपुरी के गांव और शहरों में एक खास खुशबू रसोई से आने लगती है कच्चे आम की चटनी की. ये सिर्फ एक चटनी नहीं, बल्कि हर थाली का स्टार बन जाती है. खट्टी, तीखी और हल्की मसालेदार ये चटनी खाने का मजा दोगुना कर देती है. खास बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा झंझट नहीं बस 5 मिनट और चटनी तैयार.
क्यों दीवाने हैं लोग इसके स्वाद के?
गर्मी में अक्सर खाने का मन नहीं करता, लेकिन अगर थाली में आम की चटनी हो तो भूख खुद-ब-खुद लगने लगती है. दाल-रोटी हो या पराठा, यहां तक कि सादा चावल भी… हर चीज के साथ इसका स्वाद अलग ही लेवल पर पहुंच जाता है. यही वजह है कि बच्चे हों या बड़े, हर कोई इसका फैन है.
सिलबट्टे वाली चटनी का अलग ही मजा
गांवों में आज भी लोग मिक्सर छोड़कर सिलबट्टे पर चटनी पीसना पसंद करते हैं. इसका कारण साफ है सिलबट्टे पर पिसी चटनी में जो देसी खुशबू और असली स्वाद आता है, वो मशीन में नहीं मिल पाता. हर कौर में एक अलग ही देसी फील आती है.
ऐसे बनती है ये झटपट चटनी
चटनी बनाना भी बेहद आसान है. सबसे पहले कच्चे आम को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें. फिर थोड़ा सा मेथी दाना हल्का भून लें. अब हरी मिर्च, धनिया, प्याज, मेथी दाना और आम के टुकड़े सिलबट्टे पर डालकर पीस लें. स्वादानुसार नमक डालें. चाहें तो थोड़ा जीरा और लहसुन भी मिला सकते हैं. बस, कुछ ही मिनट में आपकी चटनी तैयार गाढ़ी, खुशबूदार और एकदम लाजवाब.
साधारण खाने को बना दे खास
अगर थाली में ये चटनी रख दी जाए, तो साधारण खाना भी खास लगने लगता है. इसकी खटास और तीखापन हर निवाले को मजेदार बना देता है. एक बार खा लिया तो बार-बार खाने का मन करेगा. सच कहें तो कच्चे आम की चटनी सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि गर्मी का असली मजा है. ये हर घर की यादों और परंपरा से जुड़ी हुई चीज है, जो हर साल गर्मियों में फिर से थाली में लौट आती है.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें