प्रियंका सरकार ने 5 लोगों पर लगाए राहुल बनर्जी की मौत का आरोप, पुलिस 2 के खिलाफ दर्ज की FIR, अब होगी हड़ताल
Last Updated:
एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी की 29 मार्च को समुद्र में डूबने से मौत हुई. 43 साल के राहुल की मौत बंगाली सीरियल ‘भोलेबाबा पार करेगा’ की शूटिंग के दौरान डूबने से हुई. उनकी पत्नी और एक्ट्रेस प्रियंका सरकार ने शो के प्रोडक्शन हाउस के 5 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने 2 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की. इसके अलावा, वेस्ट बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट फोरम ने 7 अप्रैल से हड़ताल करने का ऐलान किया है.

प्रियंका सरकार ने पति की मौत के आरोप में 5 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई. (फोटो साभारः इंस्टाग्राम)
मुंबई. प्रियंका सरकार ने शनिवार रात प्रोडक्शन हाउस मैजिक मोमेंट्स मोशन पिक्चर प्राइवेट लिमिटेड के 5 सदस्यों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. इसमें निर्देशक लीना गांगोपाध्याय का नाम भी शामिल है. प्रियंका दिवंगत एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी की पत्नी हैं. प्रियंका ने लापरवाही के कारण राहुल की मौत का आरोप लगाया है. प्रियंका, प्रसनजीत चटर्जी और ऋतुपर्णा सेनगुप्ता समेत कई अन्य कलाकारों के साथ शनिवार देर रात तालसरी मरीन पुलिस स्टेशन पहुंचीं और प्रोडक्शन हाउस के सदस्यों के नाम लेकर शिकायत दर्ज कराई.
द टेलीग्राफ ओडिशा पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने प्रोडक्शन हाउस की दो डायरेक्टर- लीना गांगोपाध्याय और सैबल बनर्जी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. इसके अलावा शंतनु नंदी (फ्लोर एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर), चंद्रशेखर चक्रवर्ती (प्रोडक्शन मैनेजर) और एक अन्य अधिकारी सुभाषिष मंडल के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है.
तालसरी मरीन पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया, “मामला धारा 106(1)/240/3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है, जो लापरवाही से मौत, सामान्य इरादा और झूठी जानकारी देने से जुड़े अपराधों से संबंधित है. अगर आरोप साबित होते हैं तो अधिकतम दो साल की जेल हो सकती है. घटना के तुरंत बाद आरोप लगे कि लीना गांगोपाध्याय ने कथित तौर पर कहा था कि सीरियल में कोई समुद्र से जुड़ा सीन नहीं था.
यह घटना 29 मार्च को टीवी सीरियल ‘भोले बाबा पार करेगा’ की शूटिंग के दौरान हुई थी. जब राहुल अरुणोदय और एक एकट्रेस के साथ पानी में फिसल गए थे. एक्ट्रेस को जल्दी बचा लिया गया, लेकिन राहुल को बचाने तक उन्होंने काफी मात्रा में रेत और खारा पानी निगल लिया था, जिससे उनकी मौत हो गई. सूत्रों के मुताबिक, बाद में प्रियंका को पता चला कि न तो प्रोडक्शन हाउस ने स्थानीय प्रशासन से शूटिंग की अनुमति ली थी और न ही शूटिंग के दौरान कोई सुरक्षा इंतजाम किए गए थे.
अब वेस्ट बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट फोरम ने फिल्मों, टीवी शोज और वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान सुरक्षा और सेफ्टी की मांग को लेकर मंगलवार यानी 7 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है. इसे लेकर एक बयान जारी किया गया है. इस बयान में कहा गया,” 7 अप्रैल 2026 से सुबह 7 बजे से कलाकार और तकनीशियन अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे. जब तक शूटिंग (इनडोर और आउटडोर दोनों) के दौरान कलाकारों और तकनीशियनों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, हड़ताल जारी रहेगी.”
About the Author
रमेश कुमार, सितंबर 2021 से न्यूज 18 हिंदी डिजिटल से जुड़े हैं. इससे पहले एबीपी न्यूज, हिंदीरश (पिंकविला), हरिभूमि, यूनीवार्ता (UNI) और नेशनल दुनिया में काम कर चुके हैं. एंटरटेनमेंट, एजुकेशन और पॉलिटिक्स में रूच…और पढ़ें