डेविड-पाटीदार के तूफान ने सीएसके को किया शांत, आरसीबी की लगातार दूसरी जीत, हार की हैट्रिक से नहीं बच पारी चेन्नई
Last Updated:
RCB beat CSK IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स पर बड़ी जीत दर्ज की. यह आरसीबी की सीजन में लगातार दूसरी जीत है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है. अपने घरेलू मैदान पर पहले बैटिंग करते हुए आरसीबी से धमाकेदार बैटिंग देखने को मिली, जिससे उसने 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके के बल्लेबाज 207 रन तक ही पहुंच सके.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराया.
नई दिल्ली. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स पर 43 रन से बड़ी जीत दर्ज की. यह आरसीबी की सीजन में लगातार दूसरी जीत है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है. अपने घरेलू मैदान बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी से धमाकेदार बैटिंग देखने को मिली. फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार और टिम डेविड की तूफानी पारियों से आरसीबी ने तीन विकेट के नुकसान पर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके की टीम दो गेंद पहले ही 207 रन पर ढेर हो गई. आरसीबी अंकतालिका में पहले पायदान पर पहुंच चुकी है, जबकि लगातार तीन हार ने चेन्नई को फिसड्डी बना दिया है.
पहाड़ स्कोर तले दबी चेन्नई सुपर किंग्स
चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज पहाड़ से लक्ष्य का पीछा करते हुए दबाव में आ गए और एक-एक करके आउट होते चले गए. पावरप्ले में ही सीएसके का टॉप ऑर्डर बिखर गया. टॉप ऑर्डर के कोलैप्स होने के बाद मुकाबले में लौट नहीं सकी. 251 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ महज 7 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, संजू सैमसन 5 गेंदों में 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे. आयुष म्हात्रे भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज एक रन बनाकर आउट हुए. कार्तिक शर्मा ने लगातार तीसरे मुकाबले में अपने प्रदर्शन से निराश किया और वह 3 गेंदों में सिर्फ 6 रन ही बना सके. शिवम दुबे अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 13 गेंदों में 18 रन बनाने के बाद अभिनंदन सिंह का शिकार बने.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराया.
सरफराज ने दिखाया दम
सरफराज खान ने एक छोर से बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 50 रनों की दमदार पारी खेली, लेकिन उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला, जिससे वह भी आउट हो गए. अपनी इस पारी में सरफराज ने 8 चौके और 2 छक्के लगाए. प्रशांत वीर ने 29 गेंदों में 43 रन बनाए और उन्होंने जेमी ओवरटन के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 57 रन जोड़े. ओवरटन ने 37 रनों का योगदान दिया. नूर अहमद 8 रन बनाकर भुवनेश्वर कुमार का शिकार बने. मैट हेनरी को अभिनंदन सिंह ने 2 रनों के स्कोर पर आउट किया. गेंदबाजी में आरसीबी की तरफ से भुवनेश्वर कुमार ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले. वहीं, जैकब डफी और क्रुणाल पांड्या ने दो-दो विकेट चटकाए.
आरसीबी के बल्लेबाजों ने मचाया कोहराम
पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी का बैटर्स ने विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचाया. टिम डेविड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 25 गेंदों में 70 रनों की धमाकेदार पारी खेली. आरसीबी की शुरुआत अच्छी रही. विराट कोहली और फिल साल्ट ने पहले विकेट के लिए 4.3 ओवर में 37 रन जोड़े. कोहली 18 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद क्रीज पर आए सभी बल्लेबाजों ने सीएसके के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ी. फिल साल्ट ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 46 रन बनाए. साल्ट ने अपनी इस पारी में 3 चौके और 2 छक्के लगाए. देवदत्त पडिक्कल ने लगातार दूसरे मुकाबले में अर्धशतक लगाया. पडिक्कल ने महज 29 गेंदों का सामना करते हुए 50 रन बनाए. उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और 2 छक्के लगाए. पडिक्कल ने कप्तान रजत पाटीदार के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए महज 21 गेंदों में 58 रनों की साझेदारी निभाई.
अंत में डेविड-पाटीदार का आया तूफान
इसके बाद टिम डेविड और रजत पाटीदार ने मोर्चा संभाला. दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में 99 रनों की अटूट साझेदारी निभाई. रजत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों का सामना करते हुए 48 रनों की नाबाद पारी खेली. अपनी इस पारी में रजत ने एक चौका और 6 छक्के लगाए. वहीं, डेविड ने सिर्फ 25 गेंदें खेलते हुए 3 चौके और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 70 रन बनाए. टिम डेविड और रजत की धमाकेदार पारियों के दम पर आरसीबी इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही. गेंदबाजी में सीएसके की ओर से अंशुल कंबोज, जेमी ओवरटन और शिवम दुबे ने एक-एक विकेट चटकाया.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें