BJP Star Campaigner List: कंगना रनौत, हेमा मालिनी… पश्चिम बंगाल को फतह करने के लिए बीजेपी ने उतारी स्टार प्रचारकों की फौज
कोलकाता. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अपने प्रमुख प्रचारकों की सूची जारी की. आधिकारिक सूची के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, जेपी नड्डा और धर्मेंद्र प्रधान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई अन्य वरिष्ठ नेता राज्य में चुनाव प्रचार करेंगे.
सूची में शामिल अन्य प्रमुख नामों में मिथुन चक्रवर्ती, लिएंडर पेस, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और अश्विनी वैष्णव, पार्टी नेता स्मृति ईरानी, हेमा मालिनी, कंगना रनौत, अनुराग ठाकुर, अन्नपूर्णा देवी, अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी, सम्राट चौधरी, मनोज तिवारी, भूपेन्द्र यादव, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, मंगल पांडे और अमित मालवीय शामिल हैं.
इस सूची में शामिल राज्य के नेताओं में सामिक भट्टाचार्य, सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, डॉ. सुकांत मजूमदार, शांतनु ठाकुर, राजू बिस्ता और अन्य शामिल हैं. यह घोषणा उस दिन हुई जब प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले में एक चुनावी रैली की. 15 मार्च को मतदान तिथियों की घोषणा के बाद राज्य में यह उनकी पहली चुनावी रैली थी.
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक में हाल ही में हुई घटना से पूरा देश स्तब्ध है, जहां सात न्यायिक अधिकारियों को बदमाशों ने बंधक बना लिया था.
प्रधानमंत्री के अनुसार, पश्चिम बंगाल में स्थिति इतनी चिंताजनक है कि सुप्रीम कोर्ट ने भी राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में एक भी संवैधानिक निकाय ऐसा नहीं है जिस पर हमला न हुआ हो. लेकिन मैं वादा करता हूं कि चुनाव के बाद ऐसे सभी अपराधों का हिसाब लिया जाएगा. तृणमूल कांग्रेस अवैध घुसपैठियों को पनाह देने की कोशिश कर रही है. लेकिन भारतीय जनता पार्टी इन घुसपैठियों को रोकने के लिए दृढ़ संकल्पित है.