IMD Weather Warning | Cyclonic Circulation | साइक्लोनिक सर्कुलेशन से 9 राज्यों में आंधी, ओले और बारिश, दिल्ली से बिहार तक IMD अलर्ट
Tomorrow Weather News: मौसम विभाग ने पहले ही बता दिया था कि इस साल आधा अप्रैल सुकून भरा रहने वाला है. यानी कि हल्की बारिश और आंधी का दौर चलने की संभावना है. पंजाब से लेकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र में लगातार बारिश का दौर जारी है. पिछले कुछ दिनों से जारी तूफान और बेमौसम बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. इसी बीच मौसम विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी दी है कि 6 अप्रैल से एक नया और अधिक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ के साथ दो जगहों पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन की स्थिति बन रही है, जिसकी वजह से अगले तीन-चार दिनों तक पूरे उत्तर और मध्य भारत का मौसम खराब हो सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में दिन के समय सूर्य और बादलों के बीच लुकाछीपी चल रही है. मौसम विभाग ने बताया कि 6 अप्रैल को मौसम थोड़ा स्थिर रह सकता है. दिन का तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. शाम के समय बादल छाए रह सकते हैं. हालांकि, यह ‘तूफान से पहले की शांति’ जैसी स्थिति है. मौसम विभाग के अनुसार, 7 और 8 अप्रैल को दिल्ली-NCR में फिर से बादल छाएंगे और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी. अगर आप शाम को बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो छाता साथ रखें.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राजस्थान में ओलावृष्टि और 60 की रफ्तार से आंधी
आईएमडी ने बताया कि 6 अप्रैल से राजस्थान में मौसम सबसे ज्यादा बिगड़ने वाला है. जयपुर और भरतपुर संभाग में हल्की बारिश शुरू होगी, लेकिन जोधपुर, बीकानेर और शेखावाटी क्षेत्र में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है. 7 अप्रैल को यह सिस्टम अपने चरम पर होगा. जिसकी वजह से कई जिलों में ओले गिरने के साथ भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी चेतावनी जारी किया है.
उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि पाकिस्तान और पंजाब से लगे सीमा पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन की स्थिति बनी हुई है. साथ ही उत्तर प्रदेश (यूपी) में भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन की मौसमी प्रणाली बन रही है. इसकी वजह से यूपी के अलग-अलग शहरों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. राजधानी लखनऊ सहित पश्चिमी और मध्य यूपी के जिलों सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, झांसी, कानपुर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
बिहार के पटना, गया और औरंगाबाद जैसे जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों को पेड़ों के नीचे न रुकने की सलाह दी गई है.
पहाड़ी राज्यों में खतरे का अलर्ट
- हिमाचल प्रदेश: चंबा, कांगड़ा, शिमला और मंडी में 7-8 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.
- उत्तराखंड: नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ में बादल फटने जैसी स्थिति और भारी बारिश का अंदेशा है.
- जम्मू-कश्मीर: 8-9 अप्रैल को ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है.
- पंजाब और हरियाणा आंधी-तूफान
मौसम विभाग ने आने वाले 80 घंटों के लिए स्पेशल अलर्ट जारी किया है. दिल्ली से लेकर हरियाणा और पंजाब में शांति के बाद तूफानी हलचल मचने वाली है. मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी और पंजाब के अमृतसर, पटियाला व लुधियाना में 6 अप्रैल को 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है. बिजली कड़कने के साथ-साथ बारिश की तेज बौछारें होने की प्रबल संभावना है.
मध्य प्रदेश से बंगाल तक के मौसम का हाल
मध्य प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर और रीवा संभाग में तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। वहीं पश्चिम बंगाल के उत्तरी जिलों (दार्जिलिंग, कालिम्पोंग) में 8 अप्रैल तक भारी बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा। दक्षिण भारत में तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी।
किसानों के लिए विशेष चेतावनी
3 और 4 अप्रैल को पहले ही ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. मौसम विभाग ने किसानों को सख्त हिदायत दी है कि जो फसल तैयार हो चुकी है, उसे सोमवार (6 अप्रैल) तक हर हाल में काटकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दें. 7 से 10 अप्रैल के बीच आने वाला सिस्टम फसल को पूरी तरह बर्बाद कर सकता है.