तीन गेंदबाजों ने मिलकर बिछाया जाल, फिर ऋषभ पंत ने कप्तानी पारी से किया हैदराबाद का काम तमाम
Last Updated:
SRH vs LSG Highlights: लखनऊ सुपर जायंट्स की दो मैचों में यह पहली जीत है. उसने सनराइजर्स हैदराबाद को उसके घर में 5 विकेट से हराया. एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने शानदार पारी खेली. इससे पहले एलएसजी की पेस तिकड़ी मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और आवेश खान की तिकड़ी ने धारदार गेंदबाजी कर हैदराबाद को 156 के स्कोर पर रोक दिया. हैदराबाद की तीन मैचों में यह दूसरी हार है.

पंत की शानदार पारी से लखनऊ ने खोला जीत का खाता.
नई दिल्ली. ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी था. पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स से हारने के बाद एलएसजी को दूसरे मैच में हर हाल में जीत जरूरी थी. हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 10वें मैच में लखनऊ ने हैदराबाद को 5 विकेट से हरा दिया. लखनऊ की जीत में मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और आवेश खान ने जहां गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाई वहीं बल्लेबाजी में एडेन मार्करम और पंत ने धमाल मचाया.
सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से रखे गए 157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने 19.5 ओवर में 5 विकेट नुकसान पर 160 रन बनाए. एडेन मार्करम और मिचेल मार्श की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी की. मार्श 12 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हुए वहीं मार्करम ने 27 गेंदों पर 45 रन का योगदान दिया. उन्होंने छह चौके और दो छक्के जड़े. आयुष बडोनी 12 रन बनाकर आउट हुए वहीं निकोलस पूरन एन रन बनाकर रनआउट हो गए. पंत ने 50 गेंदों पर नाबाद 68 रन बनाए. उन्होंने चौका जड़किर टीम को पहली जीत दिलाई. पंत ने अपनी मैच विनिंग पारी में 9 चौके लगाए.
पंत की शानदार पारी से लखनऊ ने खोला जीत का खाता.
क्लासेन-नितीश की बदौलत हैदराबाद ने 156 रन बनाए
इससे पहले, मोहम्मद शमी के करिश्माई शुरुआती स्पैल के बाद हेनरिक क्लासेन और नीतिश कुमार रेड्डी की आक्रामक शतकीय साझेदारी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ नौ विकेट पर 156 रन बनाए. शुरुआती 10 ओवर में 35 रन पर चार विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही हैदराबाद टीम के लिए क्लासेन (41 गेंद में 62 रन) और रेड्डी (33 गेंद में 56 रन) ने ‘आक्रमण ही सर्वश्रेष्ठ बचाव’ की रणनीति पर अमल किया. दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 63 गेंदों में 116 रन की रिकॉर्ड साझेदारी के दौरान सात छक्के जड़े. दोनों के जल्दी-जल्दी आउट होते ही लखनऊ ने मैच पर फिर से पकड़ बना ली और मेजबान टीम को 160 रन से नीचे रोकने में सफलता हासिल की.
शमी ने 18 डॉट गेंदें फेंकी
इससे पहले शमी ने चार ओवर में मात्र नौ रन देकर दो विकेट चटकाते हुए 18 डॉट गेंदें फेंकी. जिससे हैदराबाद की शुरुआत पूरी तरह लड़खड़ा गई. उनके स्पैल के दौरान शीर्ष क्रम के बल्लेबाज ट्रेविस हेड (सात), अभिषेक शर्मा (शून्य) और कप्तान इशान किशन (एक) सस्ते में पवेलियन लौटे. आक्रामक बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन भी लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत की शानदार विकेटकीपिंग का शिकार बने. पारी के 11वें से 15वें ओवर के बीच मैच का रुख बदलता नजर आया जब सनराइजर्स ने पांच ओवरों में 79 रन बटोरे. अपने शुरुआती दो ओवरों में सिर्फ 10 रन देने वाले लेग स्पिनर दिग्वेश राठी अगले दो ओवरों में 36 रन लुटा बैठे.
क्लासेन-रेड्डी की जोड़ी ने सात छक्के और 8 चौके जड़े
भारतीय तेज गेंदबाज आवेश खान और प्रिंस यादव शुरुआती ओवरों में प्रभावी दिख रहे थे, लेकिन बाद में लाइन और लेंथ से भटक गए, जिसका क्लासेन और रेड्डी ने पूरा फायदा उठाया. पहले 10 ओवर में जहां केवल एक छक्का और एक चौका लगा था, वहीं इस जोड़ी ने सात छक्के और आठ चौके जड़े. पैंतीस साल के शमी ने एक बार फिर चयनकर्ताओं को कड़ा संदेश देते हुए यादगार शुरुआती स्पैल डाला. उन्होंने अपने पहले दो ओवरों में लगातार गेंदों पर अभिषेक और हेड को आउट कर सुपर जायंट्स का दबदबा कायम किया.
शमी ने पिच को भांपते हुए अपनी गेंदों की गति में बदलाव किया
शमी ने पिच को भांपते हुए अपनी गेंदों की गति में बदलाव किया. हेड के खिलाफ उन्होंने फुल लेंथ गेंदबाजी करते हुए उन्हें दौड़कर रन लेने पर मजबूर किया. उन्होंने अभिषेक को ऑफ स्टंप के बाहर धीमी गेंद पर चकमा दिया. बड़ा शॉट खेलने की कोशिश कर रहे अभिषेक के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए गेंद शॉट थर्ड मैन की दिशा में खड़े एडेन मारक्रम की ओर गई और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी ने ड्राइव लगाकर शानदार कैच पूरा किया. अगले ओवर की पहली ही गेंद पर शमी ने धीमी गेंद फेंकी, जो टप्पा खाने के बाद और धीमी हो गई. हेड का शॉट हवा में चला गया, जिसे मिड-ऑफ पर बेहतरीन कैच में तब्दील कर दिया गया.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें