90s में एक साल में आईं 3 फिल्में, नदीम-श्रवण के ब्लॉकबस्टर गाने, तीनों मूवी ने की बंपर कमाई
Last Updated:
Nadeem Shravan Blockbuster Songs : 90 के दशक में नदीम-श्रवण का म्यूजिक फिल्म के सफल होने के गारंटी माना जाता था. दोनों 1990 की ‘आशिकी’ फिल्म की सफलता के बाद रातोंरात स्टार बन गए थे. फिर साजन, दिल है की मानता नहीं, साथी, फूल और कांटे, सड़क, दीवाना, हम हैं राही प्यार के, दिलवाले जैसी फिल्मों में उन्होंने बॉलीवुड में धाक जमा ली. नदीम-श्रवण की 90 के दशक में तूती बोलती थी. एक बार तो एक ही साल में नदीम-श्रवण की तीन फिल्में रिलीज हुईं. तीनों ही फिल्मों का म्यूजिक ब्लॉकबस्टर रहा था. तीनों फिल्मों में करिशमा कपूर थीं. एक मूवी तो उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मूवी बनी. दो फिल्मों के गाने भी अदले-बदले गए थे. ये तीनों फिल्मों कौन सी थीं, आइये जानते हैं.
बॉबी देओल की 1995 की डेब्यू फिल्म ‘बरसात’ और माधुरी दीक्षित-संजय की फिल्म ‘राजा’ के गानों का खुमार अभी संगीत प्रेमियों के दिल से उतरा भी नहीं था कि नदीम-श्रवण की 1996 में एक के बाद तीन फिल्में आ गईं. तीनों ही फिल्मों का म्यूजिक ब्लॉकबस्टर था. एक फिल्म का म्यूजिक इतना शानदार था कि पूरे दो साल तक कैसेट बिकते रहे. मूवी भी बॉक्स ऑफिस पर ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर रही. ये तीनों फिल्में थी : साजन चले ससुराल, जीत और राजा हिंदुस्तानी. इन तीनों ही फिल्मों में उदित नारायण, कुमार सानू और अलका याज्ञनिक की मखमली आवाज से सजे ब्लॉकबस्टर गाने थे.
सबसे पहले बात करते हैं ‘साजन चले ससुराल’ फिल्म की जो कि 12 अप्रैल 1996 को रिलीज हुई थी. गोविंदा तब्बू-करिश्मा कपूर स्टारर इस फिल्म का निर्देशन डेविड धवन ने किया था. कादर खान ने डायलॉग लिखे थे. म्यूजिक नदीम-श्रवण का था. गीत समीर ने लिखे थी. इस फिल्म का म्यूजिक सुपरहिट रहा था. वैसे तो यह फिल्म 1994 में रिलीज होनी थी लेकिन प्रोडक्शन इश्यूज के चलते लेट हो गई, फिर भी सुपरहिट साबित हुई.
सबसे दिलचस्प बात यह है कि नदीम-श्रवण ने शुरुआत में इस फिल्म में म्यूजिक देने से इनकार कर दिया था. जब उनसे कहा गया कि प्रोड्यूसर फिल्म में एक भी डलब मीनिंग सॉन्ग नहीं रखेगा और म्यूजिक साफ-सुथरा रहेगा, तब जाकर दोनों ने फिल्म के लिए हामी भरी. मूवी में 36 मिनट के 7 गाने थे. ‘साजन चले ससुराल’ का म्यूजिक सुपरहिट था. फिल्म के मकबूल गानों में ‘दिल जाने जिगर तुझपे निसार किया है, ‘तुम तो धोखेबाज हो’ शामिल हैं. फिल्म के ज्यादातर गानों में कुमार सानू-उदित नारायण और अलका याज्ञनिक ने गाए थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google
‘साजन चले ससुराल’ एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म थी. स्क्रीनप्ले रूमी जाफरी ने लिखा था. यह फिल्म 1992 में आई तेलुगू फिल्म अल्लारी मोगुडु का रीमेक थी. हाल ही में राजू श्रेष्ठ ने खुलासा किया था कि खुद्दार फिल्म के प्रीमियर के दौरान तेलुगू फिल्म ‘अल्लारी मोगुडु’ का डायरेक्ट तलत जानी के साथ रीमेक बनाने का अनाउंसमेंट किया गया था. बाद में गोविंदा का डायरेक्टर तलत जानी से झगड़ा हो गया. ऐसे में प्रोड्यूसर ने यह मूवी डेविड धवन के साथ बनाई. 4.5 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 23 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. यह एक सुपरहिट मूवी साबित हुई थी.
अगस्त 1996 में एक ऐसी फिल्म रिलीज हुई थी जिसके डायलॉग-डांसिंग स्टेप्स के सोशल मीडिया पर खूब मीम्स बनते हैं. सनी देओल का किरदार ‘विलेन’ जैसा था, फिर भी वह दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रहे थे. हम ‘जीत’ फिल्म की बात कर रहे हैं जिसमें सलमान खान-करिश्मा कपूर ने अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरा था. तब्बू का भी छोटा सा रोल था. एक आइटम नंबर भी था जो ‘धुरंधर 2’ में सुनाई देता है. सनी देओल अपनी एक्टिंग के दम पर सलमान खान पर भारी पड़े थे. डायरेक्टर राज कंवर थे. स्टोरी भी राज कंवर ने ही लिखी थी. डायलॉग अमरीक गिल ने लिखे थे. प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला थे. इस फिल्म का म्यूजिक नदीम-श्रवण ने कंपोज किया था.
‘जीत’ फिल्म के गीतकार समीर थे. मूवी का म्यूजिक ब्लॉकबस्टर रहा था. फिल्म में 54:35 मिनट की लेंग्थ के कुल 8 गाने रखे गए थे. फिल्म के म्यूजिक के 25 लाख ऑडियो कैसेट बिके थे. मेलोडियस गानों में ‘तू धरती पे चाहे जहां भी रहेगे’, ‘यारा ओ यारा’, ‘सांसों का चलना’, ‘अभी सांस लेने की फुर्सत नहीं है’, ‘दिल का क्या करें साहिब’ ‘वादों से नहीं’ और ‘साजन घर आना’ जैसे सॉन्ग शामिल थे. जीत फिल्म मिथुन चक्रवर्ती की 1988 में आई एक फ्लॉप फिल्म ‘रुखसत’ का अनाधिकारिक रूप से रीमेक ही थी. दोनों ही फिल्मों का लास्ट सीन सेम था. दोनों ही फिल्मों की कहानी एक जैसी थी. दोनों ही फिल्मों में अमरीश पुरी मेन विलेन थे. रुखसत फिल्म का डायरेक्शन एक्ट्रेस सिमी ग्रेवाल ने किया था.
जीत फिल्म का एक गाना ‘अभी सांस लेने की फुर्सत नहीं है…’ वैसे तो ‘सुहागरात’ के लिए लिखा गया था लेकिन उसे डायरेक्टर राज कंवर ने गलती से खुली वादियों-पहाड़ों में फिल्मा दिया था. सिर्फ एक सीन कमरे के अंदर का था. गीतकार समीर ने पूरा किस्सा सुनाया था. फिल्म 1977 में आई पाकिस्तानी मूवी ‘पहली नजर’ और 1978 में आई बॉलीवुड मूवी ‘मुकद्दर का सिकंदर’ का मिश्रण थी. इन दोनों फिल्मों का प्लॉट ‘जीत’ में दिखाई देता है. 6 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 30 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी. यह एक सुपरहिट फिल्म साबित हुई थी. यह 1996 में सबसे ज्यादा पैसा कमाने के मामले में तीसरे नंबर पर थी.
साल खत्म होने से पहले नवंबर 1996 में आमिर खान-करिश्मा कपूर के लीड रोल में एक ऐसी मूवी आई जिसे हिंदी सिनेमा के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा. ‘राजा हिंदुस्तानी’ नाम की इस फिल्म का डायरेक्शन धर्मेश दर्शन ने किया था. अली मोरानी, करीम मोरानी और बंटी शर्मा ने मिलकर फिल्म को प्रोड्यूस किया था. स्टोरी धर्मेश दर्शन ने, स्क्रीनप्ले रॉबिन भट्ट और डायलॉग जावेद सिद्दीकी ने लिखे थे. अर्चना पूरण सिंह और सुरेश ओबेरॉय, मोहनीह बहल, फरीदा जलाल और जॉनी लीवर सपोर्टिंग रोल में थे. यह एक म्यूजिकल रोमांटिक एक्शन फिल्म थी जिसकी लव स्टोरी को बहुत पसंद किया गया था.
‘राजा हिंदुस्तानी’ का म्यूजिक उसकी सबसे बड़ी खूबी थी. फिल्म में नदीम-श्रवण और गीतकार समीर की तिकड़ी थी. म्यूजिक ब्लॉकबस्टर रहा था. फिल्म में 51 मिनट की लंबाई के 8 गाने रखे गए थे. इन सुपरहिट गानों में ‘आए हो मेरी जिंदगी में तुम बहार बनके’, ‘परदेसी परदेसी जाना नहीं’, ‘पूछो जरा पूछो’, ‘कितना प्यारा तुझे रब ने बनाया’, ‘तेरे इश्क में नाचेंगे’ जैसे सॉन्ग शामिल थे. फिल्म का सबसे सुपरहिट गाना ‘परदेसी परदेसी जाना नहीं’ था. फिल्म में इस गाने के कई वर्जन सुनाई देते हैं. इस गाने को कुल 6 सिंगर्स ने अपनी आवाज दी थी. पहली बार यह गाना फिल्म में उस समय सुनाई देता है जब आरती (करिश्मा कपूर) राजा (आमिर खान) को छोड़कर वापस अपने शहर लौटने लगती है. यह फेमस सॉन्ग माधुरी दीक्षित की हमशक्ल प्रतिभा सिन्हा पर फिल्माया गया था. उदित नारायण, अलका याज्ञनिक, सपना अवस्थी ने इसे गाया था. गाने की शुरुआत में शेर सपना अवस्थी ने गाया था. मूवी को 5 फिल्मफेयर अवॉर्ड मिले थे.
फिल्म का सबसे पॉप्युलर सॉन्ग ‘परदेसी परदेसी जाना नहीं’ था जिसे मेकर्स मूवी में नहीं रखना चाहते थे. नदीम-श्रवण से कई बार प्रोड्यूसर्स की बहस हुई थी. प्रोड्यूसर का कहना था कि ‘परदेसी परदेसी……’ वर्ड हटा दीजिये. बहुत अजीब लग रहा है. नदीम ने कहा कि ये शब्द तो चाहिए ही चाहिए. गाने को पहले उदित नारायण से गवाया गया. फिर कुमार सानू को बुलाया गया. नदीम ने कहा था कि अगर यह सॉन्ग नहीं चला तो पूरा खर्चा देंगे. उन्होंने प्रोड्यूसर से डबल पैसा लिया था. करीब 6 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 76 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक ऑल टाइब ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. 1996 में सबसे ज्यादा पैसे कमाने की लिस्ट में पहले नंबर पर थी. राजा हिंदुस्तानी फिल्म फिल्म करिश्मा कपूर के करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई. उनकी गिनती बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेस में होने लगी. राजा हिंदुस्तानी के लिए आमिर खान को पहली बार बेस्ट एक्टर का फिल्म फेयर अवॉर्ड भी मिला था.