मेरठ में बेटी ने लिया तलाक, तो परिवार ने मनाई खुशियां, उन्नाव में पुलिस मुठभेड़
UP News Hindi LIVE: उत्तर प्रदेश में हो रही हलचल, नेताओं के बयान, पुलिस कार्रवाई, बड़े फैसले और जनता से जुड़े मुद्दों की हर जानकारी आपको तुरंत और सटीक रूप में यहां उपलब्ध कराई जाएगी. इसके साथ ही मौसम, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी जरूरी अपडेट भी समय-समय पर साझा की जाएंगी. यह लाइव कॉपी उन लोगों के लिए खास है जो उत्तर प्रदेश की हर गतिविधि पर नजर रखना चाहते हैं और पल-पल की खबर से अपडेट रहना चाहते हैं. इसलिए अगर आप भी सूबे की हर खबर सबसे पहले और भरोसेमंद तरीके से जानना चाहते हैं, तो इस लाइव अपडेट के साथ लगातार जुड़े रहें.
झांसी-ललितपुर में बे-मौसम बारिश और ओलावृष्टि, गेहूं की फसल को भारी नुकसान
झांसी और ललितपुर में अचानक हुई बे-मौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. खासकर गेहूं की फसल को ओलों से भारी नुकसान हुआ है. कटाई से पहले ही मौसम ने किसानों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं. स्थानीय किसान अब नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं, ताकि उनकी मेहनत और फसल सुरक्षित रह सके.
गाजियाबाद में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की बड़ी पहल, 67 हजार नई महिलाएं जुड़ेंगी
गाजियाबाद में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए नई पहल शुरू की गई है. राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन विभाग के तहत वित्त वर्ष में 6,700 नए स्वयं सहायता समूह (SHG) बनाए जाएंगे, जिसमें हर समूह में 10 महिलाएं शामिल होंगी. इस योजना का उद्देश्य 15,000 महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाना है. इसके साथ ही जिले में प्रेरणा कैफे खोले जाएंगे और महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए उन्हें विभिन्न प्रोजेक्ट्स से जोड़ा जाएगा। इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का अवसर मिलेगा.
गाजियाबाद-दिल्ली के नामी अस्पताल से भी जुड़े तार, शिवम के फोन में रिकॉर्डिंग, किडनी डोनर ग्रुप
गाजियाबाद और दिल्ली के अस्पतालों से भी किडनी रैकेट के तार जुड़े हैं. अब पुलिस गाजियाबाद के वैशाली और दिल्ली के द्वारका स्थित हॉस्पिटल से और जानकारी जुटा रही है. पुलिस को आरोपी शिवम अग्रवाल के मोबाइल से रिकॉर्डिंग मिली. मामले में आरोपी डॉ. रोहित की मुलाकात ओटी टेक्नीशियन कुलदीप सिंह राघव, राजेश कुमार और मुदस्सर अली सिद्दीकी से यहीं हुई थी. यह खुलासा ओटी टेक्नीशियन से पुलिस पूछताछ में हुआ है. पुलिस गाजियाबाद के वैशाली और दिल्ली के द्वारका स्थित हॉस्पिटल से और जानकारी जुटा रही है. मामले में गाजियाबाद के कई निजी अस्पताल प्रबंधनों में भी हड़कंप है.
गाज़ियाबाद में डिप्टी सीएम का दौरा, महर्षि कश्यप जयंती महाकुंभ में होंगे शामिल
गाज़ियाबाद में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. दोनों नेता महर्षि कश्यप जयंती महाकुंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसका आयोजन रामलीला ग्राउंड में किया जाएगा. यह कार्यक्रम सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से खास महत्व रखता है.
तलाक नहीं, नई शुरुआत का जश्न, मेरठ में बदली सोच की मिसाल
मेरठ से सामने आई यह अनोखी तस्वीर समाज की बदलती सोच को दर्शाती है, जहां एक बेटी के तलाक को दुख नहीं बल्कि उसकी आज़ादी और नई जिंदगी की शुरुआत के रूप में मनाया गया. ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और पूरे परिवार के समर्थन के साथ बेटी का स्वागत कर यह संदेश दिया गया कि सम्मान और खुशी किसी भी रिश्ते से बढ़कर हैं.
उन्नाव में अपहरण आरोपी से पुलिस मुठभेड़, 8 घंटे में किया गिरफ्तार
उन्नाव में कक्षा 5 के छात्र के अपहरण मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 8 घंटे के भीतर आरोपी को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया. पुरानी रंजिश के चलते हुए इस अपराध में शामिल युवक ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे घायल कर हिरासत में लिया. यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और तत्परता को दर्शाती है.