किसान के बेटे ने फेंकी आईपीएल 2026 की सबसे तेज गेंद… विश्व के खूंखार तेज गेंदबाज का रिकॉर्ड तोड़ा, भाई की मेहनत रंग लाई

Share to your loved once


Last Updated:

Ashok Sharma fastest ipl bowls: गुजरात टाइटंस के युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने आईपीएल 2026 में 154 kmph की रफ्तार से गेंद फेंककर इतिहास रच दिया. राजस्थान के इस 23 वर्षीय गेंदबाज ने एनरिक नॉर्किया को पछाड़कर सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. 90 लाख की कीमत पर गुजरात से जुड़े अशोक ने न केवल अपनी गति, बल्कि स्विंग और सटीकता से भी सबको प्रभावित किया है. 11 टी20 मैचों में 33 विकेट लेने वाला यह खिलाड़ी अब भारतीय गेंदबाजी का नया भविष्य माना जा रहा है.

किसान के बेटे ने फेंकी आईपीएल 2026 की सबसे तेज गेंदZoom

अशोक कुमार ने आईपीएल सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकी.

नई दिल्ली. युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में इतिहास रच दिया है. 23 साल के पेसर अशोक ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में अपनी रफ़्तार से क्रिकेट जगत के दिग्गजों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया. गुजरात टाइटंस के युवा तेज गेंदबाज अशोक ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया. इस पेसर ने अपनी खौफनाक स्पीड से एनरिक नॉर्किया जैसे दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों को पीछे छोड़ते हुए आईपीएल में मौजूदा सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. अशोक ने 4 ओवर में 37 रन देकर एक विकेट लिया.  उन्होंने शिमरोन हेटमायर को आउट किया.

पारी का 16वां ओवर लेकर आए अशोक शर्मा (Ashok Sharma) ने पहली ही गेंद से अपने इरादे साफ कर दिए थे. ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने 150.7 kmph की रफ़्तार दर्ज की, जिसे देखकर ही बल्लेबाज और कमेंटेटर्स हैरान रह गए थे. लेकिन असली धमाका अभी बाकी था. ओवर की आखिरी गेंद पर अशोक ने मानो अपनी पूरी ताकत झोंक दी और स्पीड गन पर 154 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार दर्ज हुई. यह इस सीजन की अब तक की सबसे तेज गेंद है. इससे पहले एनरिक नॉर्किया ने इस सीजन 150.9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी. नॉर्किया एलएसजी की ओर से खेल रहे हैं.

राजस्थान के इस युवा गेंदबाज ने साबित कर दिया कि भारत में रफ्तारी के सौदागरों की कोई कमी नहीं है. किसान परिवार में 17 जून 2002 को जन्मे अशोक को क्रिकेटर बनाने में उनके बड़े भाई अक्षय का बड़ा योगदान रहा है.अक्षय खुद क्रिकेटर बनना चाहते थे लेकिन पिता की इतनी ही हैसियत थी कि वो सिर्फ एक बेटे को क्रिकेटर बनाने का खर्च उठा सकते थे. जिसके बाद अक्षय ने छोटे भाई के लिए क्रिकेट छोड़ दिया और उनके साथ साये की तरह खड़े रहे.

अशोक कुमार ने आईपीएल सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकी.

राजस्थान के नेट बॉलर से गुजरात टाइटंस के स्टार तक का सफर
अशोक शर्मा का यह सफर इतना आसान नहीं रहा है. राजस्थान के एक मध्यम गति के गेंदबाज के रूप में शुरुआत करने वाले अशोक की ताकत शुरुआत में उनकी स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ मानी जाती थी. वह गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता रखते हैं. उनकी प्रतिभा को सबसे पहले राजस्थान रॉयल्स ने पहचाना, जहां वह एक नेट बॉलर के रूप में शामिल हुए थे. वहां संजू सैमसन और अन्य सीनियर खिलाड़ियों ने उनकी गेंदबाजी की काफी तारीफ की थी. इसके बाद साल 2022 की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 55 लाख रुपये में खरीदा. 2025 में वह दोबारा राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बने, लेकिन 2026 की नीलामी में गुजरात टाइटंस ने उनकी अहमियत को समझते हुए 90 लाख रुपये की बड़ी बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया.

आंकड़े दे रहे हैं गवाही
अशोक केवल रफ़्तार के ही धनी नहीं हैं, बल्कि उनके पास विकेट लेने की जबरदस्त कला भी है. उनके टी20 करियर पर नजर डालें तो उन्होंने महज 11 मैचों में 33 विकेट चटकाए हैं, जो उनकी स्ट्राइक रेट की काबिलियत को दर्शाता है. वहीं रेड बॉल क्रिकेट (प्रथम श्रेणी) में भी उन्होंने 4 मैचों में 14 विकेट और लिस्ट-ए के 7 मैचों में 13 विकेट लिए हैं.

स्विंग और रफ्तार  का बेजोड़ संगम
आमतौर पर माना जाता है कि जो गेंदबाज बहुत तेज फेंकता है, उसकी स्विंग खो जाती है. लेकिन अशोक शर्मा के साथ ऐसा नहीं है. वह 150 प्लस की स्पीड के साथ-साथ गेंद को हवा में लहराने की काबिलियत रखते हैं. गुजरात टाइटंस के खेमे में आशीष नेहरा जैसे दिग्गज की देखरेख में अशोक एक घातक हथियार बनकर उभरे हैं. शनिवार की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद अब भारतीय चयनकर्ताओं की नजरें भी इस राजस्थानी हुनर पर टिक गई हैं. अगर अशोक इसी तरह अपनी रफ़्तार और सटीकता बरकरार रखते हैं, तो वह दिन दूर नहीं जब वह नीली जर्सी में भारत के लिए मैदान पर उतरेंगे.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP