हाथ में सूजन… फिर भी अय्यर ने कप्तानी पारी खेलकर दिलाई टीम को ऐतिहासिक जीत, सीएसके की लगातार दूसरी हार
Last Updated:
CSK vs PBKS Match Report Highlights: चेन्नई सुपरकिंग्स ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 209 रन बनाए. युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने सबसे अधिक 73 रन की पारी खेली जबकि शिवम दुबे 27 गेंदों पर 45 रन बनाकर आउट हुए वहीं सरफराज खान ने 12 गेंदों पर 32 रन की कैमियो पारी खेली. सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 28 रन की पारी खेली. पंजाब किंग्स की पांच विकेट से जीत में कप्तान श्रेयस अय्यर का अहम रोल रहा जिन्होंने पूरी तरह से फिट नहीं होने के बावजूद 50 रन की शानदार पारी खेली.

श्रेयस अय्यर ने नेहल वढ़ेरा के साथ मिलकर खेली शानदार पारी.
नई दिल्ली. आईपीएल के रोमांचक मुकाबले में पंजााब किंग्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की. सीएसके की लगातार यह दूसरी हार है. पंजाब की जीत में कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार अर्धशतक जड़ा. श्रेयस पूरी तरह फिट नहीं होने के बावजूद मैच विनिंग पारी खेलकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. उन्होंने 29 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से सबसे ज्यादा 50 रन बनाए. श्रेयस के आउट होने के बाद शशांक सिंह और मार्कस स्टोइनिस ने जीत की औपचारिकताएं पूरी की. पंजाब किंग्स ने 210 रन का लक्ष्य 18.4 ओवर में 5 विकेट पर हासिल कर लिया. पिछले आठ मुकाबलों में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ अपनी बादशाहत कायम रखते हुए 7 बार जीत का स्वाद चखा है, जबकि सीएसके को केवल एक मैच में जीत नसीब हुई. पंजाब की इस लगातार जीत की लय ने चेपॉक जैसे गढ़ में भी चेन्नई की चुनौतियों को बढ़ाया है.
श्रेयस अय्यर को पहले मैच में कलाई चोट लग गई थी. गुजरात टाइटंस के खिलाफ गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में हाथ में गेंद लगने के बावजूद उन्होंने बल्लेबाजी करना जारी रखा था. उनका चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में खेलना तय नहीं था. पंजाब किंग्स के असिस्टेंट कोच ब्रैड हैडिन ने मैच से एक दिन पहले बताया था कि श्रेयस अय्यर को फ्रैक्चर नहीं है, लेकिन उनके हाथ में सूजन है.
सीएसके की ओर से रखे गए 210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की. प्रियांश 11 गेंदों पर 39 रन बनाकर आउट हुए जिसमें चार छक्के और तीन चौके शामिल थे. प्रभसिमरन ने 34 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली वहीं कूपर कोनोली 22 गेंदों पर 36 रन बनाकर आउट हुए. शशांक सिंह 6 गेंदों पर नाबाद 14 रन बनाकर लौटे वहीं स्टोइनिस ने तीन गेंदों पर नाबाद 9 रन बनाए.
श्रेयस अय्यर ने नेहल वढ़ेरा के साथ मिलकर खेली शानदार पारी.
आयुष म्हात्रे के 43 गेंद में 73 रन की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पांच विकेट पर 209 रन बनाए. संजू सैमसन (सात) के जल्दी आउट होने के बाद म्हात्रे ने कप्तान रूतुराज गायकवाड़ (28) के साथ दूसरे विकेट के लिये 96 रन की साझेदारी की. सैमसन ने जेवियर बार्टलेट की आउटस्विंगर पर कवर में शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन विकेट के पीछे प्रभसिमरन सिंह को कैच दे बैठे. इसके बाद हालांकि म्हात्रे ने पंजाब के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. उन्होंने बार्टलेट को लगातार तीन चौके लगाये और पावरप्ले में चेन्नई को एक विकेट पर 57 रन तक पहुंचाया.
इससे पहले शॉर्टपिच गेंदों पर असहज महसूस कर रहे म्हात्रे आत्मविश्वास से ओतप्रोत दिखे और मुंबई के इस युवा बल्लेबाज ने मार्को यानसेन को छक्का लगाया. इसके बाद मार्कस स्टोइनिस को लगातार दो छक्के लगाये और 29 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपने से 17 साल छोटे इस बल्लेबाज को लगातार गुगली डालकर फांसने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली. म्हात्रे को 59 के स्कोर पर विजयकुमार विशाख ने और 67 के स्कोर पर शशांक सिंह ने डीप में जीवनदान दिया.
वह विशाख की गेंद पर खराब शॉट खेलकर शॉर्ट थर्डमैन में चहल को कैच देकर लौटे. इस बीच गायकवाड़ को भी चहल ने आउट किया. चेन्नई ने दसवें से 15वें ओवर के बीच सिर्फ 45 रन बनाए. सरफराज खान ने 12 गेंद में 32 रन बनाकर रनगति तेज करने की कोशिश की.उन्होंने अर्शदीप सिंह और विशाख को लगातार तीन तीन चौके लगाए लेकिन विशाख की ही गेंद पर निहाल वढेरा को कैच देकर पवेलियन लौटे.शिवम दुबे ने 27 गेंद में नाबाद 45 रन बनाये और चेन्नई ने आखिरी पांच ओवर में 64 रन बनाकर 200 का आंकड़ा पार किया.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें