‘उनसे बेहतर कोई नहीं हो सकता’, साई पल्लवी के मुरीद हुए रणबीर कपूर, यश के ‘रावण’ अवतार पर भी कही ये बात
Last Updated:
नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटेड फिल्म रामायण को लेकर रणबीर कपूर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने सीता के किरदार के लिए साई पल्लवी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उनके गेटअप और सादगी को देख वो दंग रह गए थे. उन्होंने साफ किया कि इस रोल के लिए साई से बेहतर कोई और हो ही नहीं सकता था. वहीं, रावण के रूप में यश की कास्टिंग पर रणबीर बोले कि इस शक्तिशाली किरदार के लिए जिस खास ऑरा और स्क्रीन प्रेजेंस की जरूरत थी, वो यश में बखूबी नजर आती है. दोनों सितारों की कास्टिंग ने फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ा दिया है.

‘रामायम’ की कास्टिंग पर रणबीर कपूर ने पहली बार की बात.
नई दिल्ली. नितेश तिवारी की फिल्म रामायण को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है. हाल ही में लॉस एंजिल्स में हुए एक खास इवेंट में फिल्म का टीजर दिखाया गया. इस मूवी में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के किरदार में नजर आएंगे. इस बीच एक्टर ने मीडिया से रामायण फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर खुलकर बात की. रणबीर कपूर ने बताया कि माता सीता के किरदार के लिए साई पल्लवी से बेहतर कोई और हो ही नहीं सकता था.
साई पल्लवी की तारीफ करते हुए रणबीर ने कहा कि वह एक बेहद मंझी हुई एक्ट्रेस हैं और उन्होंने अब तक कमाल का काम किया है. रणबीर कपूर ने रामायण मूवी के सेट का एक दिलचस्प किस्सा शेयर करते हुए बताया, ‘मुझे याद है जब पहले दिन मैंने साई को माता सीता के गेटअप में देखा, तो मैं बस नितेश सर को देखता रह गया. हम दोनों को उसी पल समझ आ गया था कि इस रोल के लिए उनसे बेहतर कोई और हो ही नहीं सकता.’