‘रामायण को बनने में लगे कितने साल? डायरेक्टर नितेश तिवारी ने किया खुलासा, बोले- हर पल सताता रहा एक ही सवाल
नई दिल्ली. नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटेड फिल्म रामायण की पहली झलक आखिरकार सामने आ गई है, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम के अवतार में नजर आ रहे हैं. इस फिल्म के डायरेक्शन का जिम्मा नितेश तिवारी ने उठाया है. रामायण के टीजर लॉन्च के मौके पर डायरेक्टर नितेश काफी भावुक दिखे. उन्होंने दर्शकों से दिल की बात साझा करते हुए बताया कि इस फिल्म को बनाने में उनके जीवन के पूरे सात साल लगे हैं.
अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए नितेश ने कहा, ‘इस पल तक पहुंचने में मुझे सात साल लगे हैं. फिल्म बनाना एक ऐसा सफर है जहां आप अक्सर खुद को अकेला पाते हैं और मन में कई सवाल होते हैं. इन सात सालों के हर लम्हे में मैंने बस इसी पल की कल्पना की थी और हमेशा यही सोचता था कि जब यह (टीजर) आपके सामने आएगा, तो आपकी प्रतिक्रिया कैसी होगी.’
सफल हुई 7 साल की तपस्या
उन्होंने आगे कहा कि भले ही यह सफर लंबा और चुनौतीपूर्ण था, लेकिन रामायण के टीजर को लेकर फैंस का ऐसा जबरदस्त रिस्पॉन्स देखकर उनकी सात साल की मेहनत सफल हो गई. नितेश की बातों से साफ था कि यह फिल्म उनके लिए सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि सात साल की तपस्या है.
श्रीराम के किरदार में दिखे रणबीर कपूर
भावनाओं में बसी है ‘रामायण’ की महानता
नितेश तिवारी ने फिल्म की भावनात्मक गहराई पर बात करते हुए कहा, ‘रामायण की महानता इसकी भावनाओं में बसी है. असल में यह सिर्फ अच्छाई और बुराई की जंग नहीं है, बल्कि यह हमारे फैसलों, उनके नतीजों और सही राह पर चलने की जिम्मेदारी की कहानी है. राम का सफर बेहद मानवीय है और हमने इसी सच्चाई को पर्दे पर उतारने की पूरी कोशिश की है.’
‘रामायण पार्ट 1’ की स्टारकास्ट
‘रामायण: पार्ट 1’ की स्टार कास्ट काफी तगड़ी है, जिसमें रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी माता सीता के रूप में, यश रावण के किरदार में, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे. इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसमें भारतीय कहानियों को ग्लोबल लेवल पर ले जाने के लिए दुनिया भर के एक्सपर्ट्स को साथ लाया गया है. फिल्म का संगीत दिग्गज हंस जिमर और ए.आर. रहमान मिलकर तैयार कर रहे हैं.
क्या होगी फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास के सफर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो आगे चलकर एक बड़े धर्म-युद्ध में बदल जाती है. यह एक ऐसी महागाथा है जो सदियों से हमारे दिलों में बसी है. मेकर्स ने फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज करने का फैसला किया है. पहला पार्ट दिवाली 2026 पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगा, जबकि दूसरा हिस्सा दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा.