पोहाः सुबह की शुरुआत हेल्दी ब्रेकफास्ट के साथ, एक बार ट्राई करें चूड़े की यह खास रेसिपी! हर मौसम में परफेक्ट
Last Updated:
Bihari Style Poha Recipe: चूड़े की इस रेसिपी ने पारंपरिक नाश्ते को मॉडर्न और हेल्दी ट्विस्ट दिया है. देसी घी, ड्राई फ्रूट्स और ताजे मसालों के मिश्रण से तैयार यह डिश स्वाद और पोषण का बेजोड़ संगम है. कम मेहनत में बनने वाला यह परफेक्ट ब्रेकफास्ट हर मौसम के लिए बेहतरीन है.
बिहार में चूड़ा का नाम सुनते ही अक्सर मकर संक्रांति, सर्दियों में भूनकर और दही-चूड़ा की परंपरा याद आती है, लेकिन अब यह पारंपरिक डिश मॉडर्न ट्विस्ट के साथ सालभर के लिए परफेक्ट ब्रेकफास्ट बन चुकी है. खासकर देसी घी, ड्राई फ्रूट्स और मसालों के साथ तैयार किया गया यह रॉयल बिहारी स्टाइल चूड़ा स्वाद और पोषण दोनों का बेहतरीन कॉम्बिनेशन देता है. इसे बनाने के लिए ज्यादा मेहनत करने की भी जरूरत नहीं है. एक बार इसको खा लिया तो रोज बनाने की इच्छा होगी. इसकी रेसिपी है ही इतनी खास. बता रही हैं देश के कई बड़े होटलों में काम कर चुकी शेफ स्पर्श नरूला.
इस खास रेसिपी में चूड़ा (चिवड़ा), मटर, देसी घी, काजू, बादाम, किशमिश, हरी मिर्च, प्याज, अदरक और जीरा जैसे इंग्रेडिएंट्स का इस्तेमाल किया जाता है. वहीं मसालों में हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च, चाट मसाला और नमक स्वाद अनुसार तैयार रखें. ऊपर से नींबू और हरा धनिया डालने से इसका फ्लेवर और फ्रेश हो जाता है.
रेसिपी की शुरुआत चूड़ा को हल्का सॉफ्ट करने के लिए 5 से 10 सेकंड तक हल्का पानी से भिगो कर रखें और तुरंत छान लें. इसे कुछ देर के लिए साइड में रख दें. इससे यह नरम हो जाएगा. ध्यान रहे कि ज्यादा देर पानी में रखने से चूड़ा गीला और चिपचिपा हो सकता है. इसीलिए तुरंत निकाल लें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसके बाद आता है इस डिश का सबसे खास स्टेप. ड्राई फ्रूट्स फ्राई करना. कढ़ाई में एक चम्मच देसी घी गर्म करें. गर्म होने के बाद उसमें काजू और बादाम डाल दें. हल्का गोल्डन होने तक इसको फ्राई करें. अंत में किशमिश डालें. यह डालते ही तुरंत फूल जाएगी. इन फ्राई किए गए ड्राई फ्रूट्स को निकालकर अलग रख लें यही स्टेप इस रेसिपी को रॉयल टच देता है.
अब उसी कढ़ाई में थोड़ा और घी डालकर जीरा, अदरक और हरी मिर्च का तड़का लगाएं. इसके बाद प्याज और मटर डालकर 3 से 4 मिनट तक भूनें. जब तक मटर सॉफ्ट न हो जाए तबतक भूनते रहें. इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च, काली मिर्च और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. यह मसाला बेस इस डिश का फ्लेवर तैयार करता है. इसलिए इसे थोड़ा भूनना जरूरी होता है.
अब नरम किया हुआ चूड़ा इसमें डालें और धीरे-धीरे मिक्स करें. धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट तक पकाएं. ध्यान रखें कि इसे ज्यादा दबाएं नहीं, वरना चूड़ा टूट सकता है. इस दौरान सभी मसाले और मटर अच्छे से चूड़ा में मिल जाएंगे और एक शानदार खुशबू आने लगेगी.
अंत में गैस बंद करके इसमें फ्राई किए हुए ड्राई फ्रूट्स डालें. ऊपर से चाट मसाला और नींबू का रस मिलाएं. हरा धनिया और थोड़ा सा देसी घी डालकर इसे फाइनल टच दें. इस तरह तैयार है आपका स्वादिष्ट और पौष्टिक बिहारी स्टाइल चूड़ा. इसे आप नाश्ते में पूरे साल कभी भी एंजॉय कर सकते हैं. किसी भी खास त्यौहार या मौसम की जरूरत नहीं पड़ेगी.