तीखा, चटपटा, मजेदार… एक बार चखें मुनगे का अचार, भूल जाएंगे आम-नींबू! सीधी की दीदी से जानें झटपट रेसिपी
Last Updated:
Munga Achar Recipe: मुनगा, मोरिंगा, सहजन चाहे जो कहें, ये फली पोषक तत्वों का खजाना है. इसे सेहत के लिए लाभकारी माना जाता है. यह डायबिटीज कंट्रोल करने के साथ हार्ट को मजबूत बनाती है. सहजन की फली सब्जी तो खूब खाई जाती है, लेकिन क्या आपने इसका अचार टेस्ट किया है? सीधी की दीदी का दावा है कि एक बार ट्राई करेंगे तो आम-नींबू भूल जाएंगे…
Munga Achar Recipe: विंध्य क्षेत्र की रसोई का मुनगा यानी सहजन एक अहम हिस्सा रहा है. अब इसका अचार भी लोगों की पसंद बनता जा रहा है. स्वाद और सेहत से भरपूर सहजन का अचार न सिर्फ खाने में लाजवाब होता है, बल्कि इसे घर पर आसानी से तैयार भी किया जा सकता है. आम, नींबू और आंवले के अचार का स्वाद तो आपने कई बार लिया होगा, लेकिन सहजन का अचार एक अलग ही स्वाद और पोषण का अनुभव देता है.
सीधी की गृहणी प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को बताया कि सहजन की फलियों की सब्जी के साथ-साथ इसका अचार भी जरूर चखना चाहिए. अचार स्वाद में इतना बेहतरीन होता है कि एक बार खाने के बाद लोग इसे बार-बार बनाना पसंद करते हैं. खास बात यह है कि इसे बनाने की प्रक्रिया बेहद आसान है और इसे लंबे समय तक स्टोर करके रखा जा सकता है.
प्रियंका के अनुसार, अचार बनाने के लिए सहजन की फलियों का सही चयन बेहद जरूरी होता है. उन्होंने बताया कि फर्स्ट स्टेज यानी कच्ची और नरम फलियां ही अचार के लिए उपयुक्त होती हैं. अगर फलियां सेकंड स्टेज में पहुंच जाती हैं, तो वे सख्त और गलने वाली हो जाती हैं, जिससे अचार का स्वाद और गुणवत्ता प्रभावित होती है.
सहजन अचार के लिए सामग्री
सहजन का अचार बनाने के लिए 300 ग्राम सहजन की फली, 1 छोटी चम्मच नमक, 1/3 कप सरसों का तेल, 2-3 पिंच हींग, 1 छोटी चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटी चम्मच सौंफ पाउडर, 1/4 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1/4 छोटी चम्मच काली मिर्च पाउडर, 2 टेबल स्पून दरदरी पिसी पीली सरसों और 1 टेबल स्पून सिरका लिया जाता है. इन सभी मसालों को सही अनुपात में मिलाकर सहजन की फलियों में डालकर अचार तैयार किया जाता है. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें आमचूर पाउडर भी मिलाया जा सकता है.
बाजार में भी उपलब्ध
अगर कोई व्यक्ति घर पर अचार बनाने की प्रक्रिया से बचना चाहता है, तो बाजार में भी इसका विकल्प मौजूद है. शहर के वन उत्पादन केंद्र में सहजन का अचार करीब 250 रुपये प्रति किलो के हिसाब से उपलब्ध है. यहां सहजन के अचार के अलावा आंवले का मुरब्बा, सिरका और आंवले का पेड़ा जैसी अन्य चीजें भी मिलती हैं.
सेहत के लिए भी ठीक
स्वास्थ्य के लिहाज से भी सहजन किसी वरदान से कम नहीं है. इसमें भरपूर मात्रा में विटामिन, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर को कई बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं. सहजन का सेवन डायबिटीज को नियंत्रित करने, वजन घटाने और दिल की सेहत को बेहतर बनाए रखने में सहायक माना जाता है. इसके अलावा यह हड्डियों को मजबूत करने में भी बेहद लाभकारी होता है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें