जीत के बाद भी श्रेयस अय्यर पर बीसीसीआई ने क्यों लगाया जुर्माना, 12 लाख का हुआ नुकसान
Last Updated:
पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत जीत के साथ की है लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर को नुकसान उठाना पड़ा. स्लो ओवर रेट की वजह से उनके ऊपर बीसीसीआई ने 12 लाख का जुर्माना लगाया है. मंगलवार को पंजाब की टीम ने गुजरात के खिलाफ 3 विकेट से जीत दर्ज की.

श्रेयस अय्यर पर स्लो ओवर रेट का लगा जुर्माना
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत पंजाब किंग्स की टीम के लिए शानदार रही और गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में रोमांचक जीत दर्ज की. हालांकि यह मैच कप्तान के लिए अच्छा नहीं रहा. पहले उनके मैच के दौरान चोट लग गई और अब जुर्माना भी लगाया गया है. पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान श्रेयस अय्यर पर आईपीएल कमेटी की तरफ से जुर्माना लगाने का फैसला लिया गया.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पंजाब किंग्स (PBKS) की गुजरात टाइटन्स (GT) पर जीत के बाद श्रेयस अय्यर पर 12 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया है. यह मैच 2026 इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के उद्घाटन मुकाबले में मंगलवार (31 मार्च) को महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़ में खेला गया. 2025 के फाइनलिस्ट ने रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से जीत दर्ज की. इसमें डेब्यू करने वाले कूपर कॉनॉली ने 44 गेंद में नाबाद 72 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच (POTM) का खिताब जीता.
BCCI ने श्रेयस अय्यर पर जुर्माना क्यों लगाया?
IPL की गवर्निंग काउंसिल ने मैच के अगले दिन भारतीय वनडे टीम के कप्तान पर आर्थिक दंड की घोषणा की. यह जुर्माना पंजाब की टीम द्वारा मैच में धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण लगाया गया है. लीग की गवर्निंग बॉडी द्वारा जारी बयान में कहा गया, “पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान श्रेयस अय्यर पर जुर्माना लगाया गया है क्योंकि उनकी टीम ने TATA इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर 4 में गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़ में धीमी ओवर गति बनाए रखी. यह सीजन में उनकी टीम का पहला अपराध था, IPL के आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत, जो न्यूनतम ओवर गति अपराधों से संबंधित है, अय्यर पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया,”
पिछले वर्षों के जैसे अब श्रेयस को कई अपराध करने पर बैन का खतरा नहीं है. 2025 सीजन की शुरुआत से BCCI ने दिशानिर्देश बदल दिए हैं. अब डिमेरिट पॉइंट्स दिए जाते हैं जो ICC के आचार संहिता के अनुरूप है. पहले अगर किसी कप्तान की टीम एक सीजन में तीन बार ओवर गति अपराध करती थी तो उसे एक मैच का बैन मिलता था. 2024 सीजन में ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या (जिन्होंने 2025 के पहले मैच में बैन झेला) को सस्पेंशन दिया गया था.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें