गुजरात टाइटंस ने फंसा दिया था मैच, फिर पंजाब किंग्स ने कैसे पलटी बाजी, मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट
Last Updated:
PBKs vs GT IPL 2026 Turning Point Cooper Connolly: आईपीएल 2026 का चौथा मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. मुल्लांपुर के नए स्टेडियम में पंजाब किंग्स ने जीत दर्ज की. हालांकि, दूसरी पारी के दौरान एक समय ऐसा लगा था कि गुजरात टाइटंस जीत दर्ज कर लेगी, लेकिन पंजाब किंग्स के कूपर कोनोली ने टीम की नैया पारी लगा दी. वह अंत तक क्रीज पर टिके रहे, जो पंजाब किंग्स की इस जीत का बड़ा टर्निंग पॉइंट भी साबत हुआ.

पंजाब किंग्स ने कैसे पलटा मैच?
नई दिल्ली. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स के बाद पंजाब किंग्स ने भी आईपीएल 2026 का विजयी आगाज किया है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब की टीम ने अपने घरेलू मैदान मुल्लांपुर में गुजरात टाइटंस को तीन विकेट से हराया. पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने पूरे ओवर खेलने के बाद मेजबानों को 163 रन का लक्ष्य दिया, जिसका पीछा पंजाब टीम ने 5 गेंदें रहते 165 रन बनाकर कर लिया. पंजाब ने भले ही मुकाबला जीत लिया, लेकिन रन चेज के दौरान एक समय ऐसा भी आया था, जहां लगा की अब गुजरात पासा पलटते हुए जीत दर्ज करने वाली है, लेकिन डेब्यू मैच खेल रहे कूपर कोनोली ने बड़े ही संयम से बल्लेबाजी करते हुए पंजाब को जीत की दहलीज पार करा दी.
गुजरात ने ऐसे फंसाया मैच
पंजाब किंग्स ने 12 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 110 रन बना लिए थे, लेकिन अगले तीन ओवर में पंजाब ने चार विकेट गंवाकर खुद को मुश्किल में ला खड़ा किया. इसी स्कोर पर कप्तान श्रेयस अय्यर का विकेट गिरा, जो 18 रन बनाकर आउट हो गए. प्रसिद्ध कृष्णा ने 13वें ओवर की पहली गेंद पर यह विकेट चटकाया. अगले ही ओवर में वॉशिंगटन सुंदर ने नेहल वढेरा को आउट कर दिया. पंजाब फैंस की धड़कनें तब और बढ़ गईं, जब 15वां ओवर लेकर आए प्रसिद्ध ने दो बड़े विकेट लेकर अचानक से मुकाबले का रुख ही बदल दिया. प्रसिद्ध ने इस ओवर में फिनिशर शशांक सिंह और मार्कस स्टोइनिस को चलता किया. पंजाब का स्कोर मात्र 8 रन के अंदर 110/2 से 118/6 हो गया. ऐसा लगा कि यहां से गुजरात मैच निकाल लेगा.
पंजाब किंग्स ने कैसे पलटा मैच?
मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट
जब अनुभवी खिलाड़ी एक-एक करके पवेलियन लौट रहे थे, तब आईपीएल में अपना डेब्यू कर रहे 22 साल के कूपर कोनोली ने एक छोर संभाले रखा और यही इस मैच का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुआ. कोनोली ने दबाव को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया. उन्होंने 44 गेंदों में नॉटआउट 72 रनों की एंकर इनिंग खेली. एक तरफ विकेट गिर रहे थे, लेकिन कोनोली ने एक छोर पर खड़े रहकर शुरुआत में तेज बैटिंग की. गुजरात टाइटंस ने प्रसिद्ध कृष्णा (29 रन देकर तीन विकेट) की अगुआई में पंजाब किंग्स के लगातार अंतराल पर विकेट चटकाकर दबाव बनाया, लेकिन कोनोली की सयंम से भरी धमाकेदार पारी ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. उन्होंने संयम बनाए रखा और हड़बड़ी न दिखाते हुए कुछ अच्छे शॉट्स खेलकर रन बनाए और मुकाबले को अंत तक लेकर गए. अंतिम ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर कोनोली ने पंजाब की जीत सुनिश्चित कर दी. कोनोली की पारी में 5 चौके और इतने ही छक्के शामिल रहे.
पंजाब किंग्स की जीत में चमके कूपर कोनोली.
पंजाब की जीत के अन्य हीरो
रन चेज से पहले पंजाब के गेंदबाजों से कमाल का प्रदर्शन देखने को मिला, खासकर विजयकुमार वैशाख, युजवेंद्र चहल और मार्को यानसेन से. इन तीनों गेंदबाजों ने किफायती गेंदबाजी करते हुए गुजरात को बड़े लक्ष्य तक पहुंचने से रोका. मार्को यानसेन ने पावरप्ले में गुजरात को झटका दिया. वहीं, बीच के ओवरों में चहल ने अपनी फिरकी में गुजरात के दो टॉप रन स्कोरर्स, शुभमन गिल और जोस बटलर को फंसाया. अंतिम 5 ओवरों में विजयकुमार ने तीन विकेट लेकर गुजरात को 170 रन के अंदर रोकने में अहम भूमिका निभाई.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें