डेब्यूटेंट कूपर कोनोली ने लगाई पंजाब किंग्स की नैया पार, गुजरात टाइटंस को रौंद अय्यर की टीम का जीत से आगाज

Share to your loved once


होमखेलक्रिकेट

कोनोली ने लगाई पंजाब की नैया पार, गुजरात को रौंद अय्यर की टीम का जीत से आगाज

Last Updated:

PBKS vs GT Highlights: डेब्यू आईपीएल मैच में कूपर कोनोली की शानदार अर्धशतकीय पारी से पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को हराकर आईपीएल 2026 का विजयी आगाज किया है. टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए श्रेयर अय्यर की पंजाब किंग्स ने गुजरात को 162 रन पर रोक दिया, जिसके बाद प्रभसिमरन और कोनोली की पारियों के दम पर 165 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली.

कोनोली ने लगाई पंजाब की नैया पार, गुजरात को रौंद अय्यर की टीम का जीत से आगाजZoom

पंजाब किंग्स की जीत में चमके कूपर कोनोली.

नई दिल्ली. पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 में अपने अभियान की जीत से शुरुआत की है. मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मैच में श्रेयस अय्यर की टीम ने गुजरात टाइटंस को तीन विकेट से शिकस्त दी. पंजाब की इस जीत के हीरो रहे कूपर कोनोली, जिन्होंने डेब्यू करते हुए 44 गेंदों में 72 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम की जीत पक्की की. टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए गुजरात टाइटंस ने 6 विकेट के नुकसान पर 162 रन का स्कोर बनाया था. 163 रन के लक्ष्य का पीछा पंजाब की टीम ने 5 गेंदें रहते 165 रन बनाकर कर लिया. कोनोली के अलावा प्रभसिमरन सिंह ने 37 रन बनाकर इस जीत में अहम भूमिका निभाई.

टारगेट का पीछा करते हुए पंजाब को शुरुआत में ही प्रियांश आर्य के रूप में बड़ा झटका लगा, जो 7 रन बनाकर आउट हो गए. हालांकि, इसके बाद प्रभसिमरन और कोनोली ने पारी संभालते हुए पावरप्ले में कुछ आकर्षक शॉट खेले और दूसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की. प्रभसिमरन 37 रन बनाकर आउट हो गए. नंबर-4 पर आए कप्तान श्रेयस अय्यर ने आते ही तूफानी तेवर दिखाए, लेकिन 110 रन के टीम स्कोर पर वह आउट हो गए. अय्यर ने 18 रन बनाए. इस विकेट के साथ ही पंजाब की पारी लड़खड़ा गई और टीम ने 118 रन तक पहुंचते-पहुंचते कुल 6 विकेट गंवा दिए.

पंजाब किंग्स की जीत में चमके कूपर कोनोली.

प्रसिद्ध कृष्णा ने बढ़ाई पंजाब की धड़कनें
पारी का 12वां और 14वां ओवर लेकर आए प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन विकेट लेकर पंजाब के फैंस की धड़कनें बढ़ा दीं. ऐसा लगा कि यहां से गुजरात की टीम पासा पलटकर मैच जीत लेगी, लेकिन गिरते विकेटों के बीच कोनोली ने धैर्य बनाए रखा और अर्धशतक पूरा किया. उनके क्रीज पर रहने से पंजाब की जीत की उम्मीदें कायम थीं. सातवें विकेट के लिए कोनोली मार्को यानसेन के साथ 26 रन की साझेदारी कर मैच को और करीब लेकर गए. यानसेन के आउट होने के बाद आए जेवियर बार्टलेट ने छक्का लगाया और पंजाब को जीत की लाइन में खड़ा कर दिया. इसके बाद कोनोली ने दो चौके लगाकर पंजाब की जीत तय कर दी. आखिरी ओवर की पहली गेंद पर कोनोली के बल्ले से ही विनिंग शॉट निकला. उनकी पारी में 5 चौके और इतने ही छक्के शामिल रहे.

गुजरात की ऐसी रही बैटिंग
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 162 रन बनाए. इस टीम को साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 3.4 ओवरों में 37 रन की साझेदारी की. सुदर्शन 11 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद गिल ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 46 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. कप्तान 27 गेंदों में 6 छक्कों के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद बटलर ने ग्लेन फिलिप्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 36 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचाया.

बटलर ने 33 गेंदों में 38 रन टीम के खाते में जोड़े. इनके अलावा, ग्लेन फिलिप्स ने 25 रन और वाशिंगटन सुंदर ने 18 रन का योगदान दिया. पारी के अंतिम ओवर में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कुल 11 बॉल फेंकी. इस दौरान 4 वाइड और 1 नो-बॉल शामिल थी. इस पूरे ओवर में अर्शदीप ने 12 रन लुटाए. पंजाब किंग्स के लिए विजयकुमार वैशाक ने 34 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि युजवेंद्र चहल ने 2 विकेट निकाले. मार्को यानसेन ने एक शिकार किया.

About the Author

Shivam Upadhyay

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP