तमिलनाडु चुनाव 2026 ओपिनियन पोल: DMK और AIADMK के बीच कौन मार रहा है बाजी? एक्टर विजय की पार्टी TVK बनेगी गेम चेंजर या सिर्फ ‘वोट कटवा!
Last Updated:
तमिलनाडु चुनाव 2026 से पहले आए ताजा ओपिनियन पोल्स ने सियासी तस्वीर को बेहद दिलचस्प और उलझा हुआ बना दिया है. कुछ सर्वे DMK को हल्की बढ़त देते हैं, तो कुछ में AIADMK आगे दिख रही है. वहीं, अभिनेता विजय की पार्टी TVK पहली बार मैदान में है. वह क्या ‘गेम चेंजर’ बनेगी या ‘वोट कटवा’ की भूमिका निभा रही हैं. समझते हैं ओपिनियन पोल के रुझान.

तमिलनाडु चुनाव 2026 में सियासी घमासान.
तमिलनाडु की राजनीति इस वक्त अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर खड़ी है. 23 अप्रैल 2026 को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ओपिनियन पोल्स ने सियासी हलचल को और तेज कर दिया है. एक तरफ मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की DMK सरकार है, जो अपने काम और योजनाओं के दम पर वापसी का दावा कर रही है, तो दूसरी तरफ AIADMK है, जो सत्ता में वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक रही है. इन दोनों के बीच साउथ सुपरस्टार विजय की पार्टी TVK ने मुकाबले को और भी रोचक बना दिया है. विजय की एंट्री ने इस बार के चुनाव को सीधा दो पार्टियों के बीच मुकाबला नहीं रहने दिया है. बल्कि कई सीटों पर समीकरण बदल दिए हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि DMK और AIADMK के बीच बाजी कौन मार रहा है. क्या TVK गेम चेंजर बनेगी या सिर्फ वोट काटकर किसी एक का खेल बिगाड़ेगी?आइए समझते हैं ओपिनियन पोल्स की पूरी तस्वीर.
तमिलनाडु में चुनावी माहौल अब पूरी तरह गरमा चुका है. तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी और और 4 मई को वोटों की गिनती तय है, इसके पहले ओपिनियन पोल्स ने सियासी पारा और बढ़ा दिया है. ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस बार चुनाव में सत्ताधारी द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) या विपक्षी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (AIADMK) कौन आगे रहेगा?
हाल के तीन सर्वे VoteVibe का Vote Tracker, IANS-Matrize, और Agni News Services तीनों के सर्वे में कोई ठोस परिणाम नहीं देखने को मिल रहा है. ताजा सर्वे बताते हैं कि इस बार का चुनाव सीधा और आसान नहीं है, बल्कि बेहद करीबी और अनिश्चित मुकाबला बन चुका है. वोट शेयर में मामूली अंतर भी सीटों के नतीजों को पूरी तरह बदल सकता है. दिलचस्प बात यह भी है कि अभिनेता विजय की एंट्री ने चुनाव में नया एंगल जरूर जोड़ा है, लेकिन अभी तक वह गेम चेंजर साबित होते नहीं दिख रहे. कुल मिलाकर, तमिलनाडु इस बार एक हाई-वोल्टेज और अनप्रेडिक्टेबल चुनाव की ओर बढ़ रहा है.