Hanuman Jayanti 2026: हनुमान जयंती पर भोग के लिए मिनटों में बनाएं रसीली बूंदी, बजरंगबली को प्रिय है यह प्रसाद, रेसिपी
Hanuman Ji Bhog Meethi Boondi Recipe: चैत्र मास की पूर्णिमा यानी हनुमान जयंती का पावन पर्व नजदीक है. संकटमोचन हनुमान जी को प्रसन्न करने के लिए भक्त तरह-तरह के जतन करते हैं, लेकिन बजरंगबली को सबसे प्रिय है ‘बूंदी’ का प्रसाद. मान्यता है कि मंगलवार या शनिवार को हनुमान जी को बूंदी का भोग लगाने से जीवन के सभी मंगल दोष और कष्ट दूर हो जाते हैं. इस साल 2026 में अगर आप भी बाजार की मिलावटी मिठाई के बजाय शुद्धता के साथ घर पर ही रसीली बूंदी बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके काम आने वाली है.
अक्सर लोगों को लगता है कि घर पर हलवाई जैसी गोल और रसीली बूंदी बनाना बहुत मुश्किल काम है, लेकिन यकीन मानिए यह सिर्फ 15-20 मिनट का काम है. इसके लिए आपको बहुत ज्यादा ताम-झाम की जरूरत नहीं है. घर पर बना प्रसाद न केवल शुद्ध होता है, बल्कि इसमें आपकी श्रद्धा भी शामिल होती है, जो भोग के स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है.
प्रसाद के लिए जरूरी सामग्री
बूंदी के लिए:
बेसन: 1 कप (छानकर इस्तेमाल करें)
केसरिया फूड कलर: 1/4 छोटी चम्मच
बेकिंग सोडा: 1/4 छोटी चम्मच
देसी घी: तलने के लिए (प्रसाद के लिए घी उत्तम है)
पानी: जरूरत के अनुसार
चाशनी (Sugar Syrup) के लिए:
चीनी: 1.5 कप
पानी: सवा कप
इलायची: 2 (कुटी हुई)
केसरिया फूड कलर: 1/4 छोटी चम्मच
बनाने की विधि: स्टेप-बाय-स्टेप गाइड-
स्टेप 1: चाशनी तैयार करें
सबसे पहले एक कड़ाही या गहरे बर्तन में डेढ़ कप चीनी और सवा कप पानी डालें. इसमें खुशबू के लिए कुटी हुई इलायची मिला दें. अब गैस की मीडियम आंच पर इसे तब तक चलाएं जब तक चीनी पूरी तरह घुल न जाए. चीनी घुलने के बाद इसे 5 मिनट तक और उबालें ताकि चाशनी थोड़ी चिपचिपी (शहद जैसी) हो जाए. अंत में थोड़ा केसरिया रंग डालकर मिक्स करें और गैस बंद कर दें. चाशनी को हल्का गर्म ही रहने दें.
स्टेप 2:बूंदी का घोल (Batter) बनाएं
एक बड़े बर्तन में बेसन और केसरिया रंग डालें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए एक स्मूद घोल तैयार करें. ध्यान रहे कि घोल में गुठलियां न पड़ें. अब इसमें बेकिंग सोडा डालें और करीब 5 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें. घोल ऐसा होना चाहिए जो चम्मच से गिराने पर एक धार में गिरे.
सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.
स्टेप 3: बूंदी तलने का तरीका
कड़ाही में देसी घी गर्म करें. जब घी अच्छी तरह गर्म हो जाए, तब एक छेद वाला बड़ा झारा (Ladle) लें और उसे कड़ाही से थोड़ा ऊपर पकड़ें. झारे पर बेसन का घोल डालें. बेसन की बूंदें अपने आप नीचे गिरकर गोल आकार लेने लगेंगी. इन्हें सुनहरा और कुरकुरा होने तक मध्यम आंच पर तलें.
स्टेप 4:चाशनी में भिगो दें
तली हुई कुरकुरी बूंदी को घी से निकालकर सीधे तैयार की गई हल्की गर्म चाशनी में डाल दें. बूंदी को चाशनी में अच्छी तरह डुबोकर कम से कम 1 घंटे के लिए छोड़ दें. इससे बूंदी अंदर तक चाशनी सोख लेगी और एकदम रसीली हो जाएगी.
आपकी हनुमान जयंती स्पेशल मीठी बूंदी तैयार है! इसे एक छलनी में निकालें ताकि अतिरिक्त चाशनी अलग हो जाए और फिर श्रद्धा के साथ बजरंगबली को भोग लगाएं.