‘कमरे में थे अकेले, तौलिया खींचा तो रिवॉल्वर चल गई’, SP चारु निगम ने बताया कैसे लगी इंस्पेक्टर के गोली
Last Updated:
Sultanpur Latest News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में रविवार की शाम एक इंस्पेक्टर के गोली लगने की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. जिसके बाद इस पूरे घटना के बारे में खुद एसपी चारू सिंह ने विस्तार से बताया. उन्होंने कहा की इंस्पेक्टर अरुण अपने कमरे में अकेले थे और वह तैयार हो रहे थे. इस दौरान उन्होंने अपनी रिवॉल्वर को तौलिया पर रख दी थी, जिसके बाद जब उन्होंने तौलिया खींची तो वह रिवाल्वर चल गई. आइए विस्तार से जानते हैं पूरा मामला.

एसपी ने बताया कि इंस्पेक्टर अरुण के पास के पास उनकी 32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर थी.
सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के अखंड नगर थाने में तैनात इंस्पेक्टर क्राइम अरुण द्विवेदी को रविवार शाम गोली लग गई है. इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसपी चारू निगम ने स्वयं सामने आकर पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट किया और इसे एक दुर्घटना बताया. एसपी चारू निगम ने रविवार रात को एक बयान जारी कर बताया कि शाम को सूचना मिली थी कि थाना अखंड नगर के इंस्पेक्टर क्राइम अरुण द्विवेदी को गोली लगी है. सूचना मिलते ही तत्काल सीओ कादीपुर को मौके पर भेजा गया और एसपी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं. घटना की जानकारी डीआईजी और एडीजी सहित उच्चाधिकारियों को भी तुरंत दी गई थी.
एसपी चारू निगम के अनुसार, घटना के समय इंस्पेक्टर अरुण द्विवेदी अपने कमरे में अकेले थे और सामान रख रहे थे. उनके पास उनकी 32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर थी, जिसे वे अक्सर अपने साथ रखते थे. शाम को तैयार होते समय उन्होंने रिवॉल्वर को एक तौलिये पर रखा था। जब उन्होंने तौलिया खींचा, तो रिवॉल्वर नीचे गिर गई और दुर्घटनावश गोली चल गई.
इंस्पेक्टर को कोई गंभीर आंतरिक चोट नहीं आई
गोली इंस्पेक्टर के सीने के पास लगी और दाहिने कंधे की हड्डी में जाकर अटक गई. थाने पर मौजूद सब-इंस्पेक्टर ने उन्हें तुरंत एक निजी वाहन से लखनऊ के लिए रवाना किया. उनका इलाज लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में चल रहा है. एसपी ने पुष्टि की कि इंस्पेक्टर अरुण द्विवेदी के ‘वाइटल्स’ स्थिर हैं और उन्हें कोई गंभीर आंतरिक चोट नहीं आई है. फील्ड यूनिट ने घटना स्थल का निरीक्षण कर लिया है और रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. रिवॉल्वर के चैम्बर में पांच राउंड और एक खाली खोखा मिला है.
एसपी ने इंस्पेक्टर अरुण द्विवेदी की बहादुरी की सराहना की
एसपी चारू निगम ने स्पष्ट किया कि यह एक दुर्घटना थी. उन्होंने घायल होने के बावजूद खुद बाहर निकलकर मदद मांगने और अस्पताल पहुंचने के लिए इंस्पेक्टर अरुण द्विवेदी की बहादुरी की सराहना भी की. उन्होंने बताया कि सोमवार को ऑपरेशन के बाद स्थिति और भी स्पष्ट हो जाएगी.
हॉस्पिटल से अरुण द्विवेदी की फोटो वायरल
वैसे लखनऊ हॉस्पिटल से अरुण द्विवेदी की जो फोटो सोशल मीडिया पर सामने आई है उसको लेकर तरह-तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. पुलिस अधिकारी भले ही इसे दुर्घटना बता रहे हैं लेकिन फोटो में गोली लगने के स्थान को देखकर लोग इसे साधारण घटना मानने को तैयार नहीं हैं. यही नहीं सवाल ये भी हो रहा कि बगैर स्थानीय सीएचसी पर प्रथम उपचार के इंस्पेक्टर को सीधे लखनऊ किस कारण से ले जाया गया.
र्व दर्जा प्राप्त मंत्री राणा अजीत सिंह मामले में कप्तान पर उठे सवाल
उधर बीते 15 मार्च से अखंड नगर थाना चर्चा में बना हुआ है. जब यहां जमीन के विवाद में पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री राणा अजीत सिंह उनके पुत्र समेत आठ की गिरफ्तारी हुई और फिर इस मामले में लगातार पुलिस का शिकंजा कसता गया. इसके बाद मामले ने राजनैतिक रूप भी लिया और भाजपा एमएलसी देवेंद्र सिंह ने पुलिस कप्तान पर सवाल उठाए. एक दिन पूर्व वे विजेथुआ महावीरन धाम दर्शन करने पहुंचे और वहां से शहर स्थित डाक बंगले पर भी पहुंचे थे.
About the Author
न्यूज18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और हरियाणा की पॉलिटिक्स और क्राइम खबरों में रुचि. वेब स्टोरी और AI आधारित कंटेंट में रूचि. राजनीति, क्राइम, मनोरंजन से जुड़ी खबरों को लिखने मे…और पढ़ें