रोहित-रिकेल्टन के तूफान में उड़ी KKR, MI ने रिकॉर्ड रन चेज के साथ किया आईपीएल 2026 का आगाज, मिटा 13 साल का ‘दाग’
Last Updated:
MI vs KKR IPL 2026 Highlights: आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइटराइडर्स को छह विकेट से शिकस्त देकर सीजन का विजयी आगाज किया. वानखेड़े स्टेडियम में रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन की तूफानी पारियों से मुंबई ने केकेआर से मिले 221 रन के लक्ष्य को 5 गेंद रहते हासिल कर लिया. 13 साल बाद यह मौका आया है, जब मुंबई इंडियंस ने आईपीएल का आगाज जीत से किया है. 2012 से 2025 तक मुंबई को आईपीएल के अपने शुरुआती मैच में हार का सामना करना पड़ा था.

मुंबई इंडियंस ने केकेआर को हराया.
नई दिल्ली. मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 की जबरदस्त शुरुआत की है. 5 बार की चैंपियन टीम ने सीजन के अपने ओपनिंग मुकाबले में रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन के तूफानी अर्धशतकों से कोलकाता नाइटराइडर्स को छह विकेट से धूल चटाई. वानखेड़े स्टेडियम में टॉस गंवाने के बाद केकेआर ने पहले बैटिंग करते हुए 220/4 रन स्कोर बनाया था. 221 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरे मुंबई इंडियंस के ओपनर्स ने पहले विकेट के लिए 148 रन की साझेदारी कर मैच को एकतरफा बना दिया और टीम की जीत सुनिश्चित की. मुंबई ने 5 गेंदें रहते 224/4 रन का स्कोर बनाकर जीत दर्ज की. यह मुंबई की आईपीएल में सबसे बड़ी जीत भी है. इसके साथ ही मुंबई इंडियंस ने 13 साल का दाग भी मिटा दिया. 13 साल बाद मुंबई को आईपीएल के अपने ओपनिंग मैच में जीत मिली है. मुंबई की टीम 2012 के बाद से किसी भी आईपीएल सीजन में अपना पहला मुकाबले जीतने में कामयाब नहीं हुई थी.
रोहित-रिकेल्टन ने मैच को बनाया एकतरफा
केकेआर ने अजिंक्य रहाणे की कप्तानी पारी (67) और अंगकृष अघुवंशी (51) के अर्धशतक के दम पर मुंबई के सामने बड़ा लक्ष्य रखा था, लेकिन रोहित और रिकेल्टन ने तूफानी बैटिंग से कोलकाता को इस मुकाबले से पूरी तरह बाहर कर दिया. मुंबई के ओपनर्स ने शुरुआत से ही विस्फोटक बैटिंग की और नौवें ओवर में ही बिना कोई नुकसान के 100 रन बोर्ड पर लगा दिए. इस दौरान रोहित ने 23 गेंदों में 50 बनाया, जबकि रिकेल्टन ने 24 गेंदों में अर्धशतक जमाया. दोनों बल्लेबाज फिफ्टी पूरी करने के बाद और घातक होकर केकेआर के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते नजर आए. केकेआर को जब तक पहला ब्रेक थ्रू मिला, तब तक मुकाबला उनसे हाथ से फिसल चुका था. मुंबई के ओपनर्स ने पहले विकेट के लिए 148 रन जोड़े.
मुंबई इंडियंस ने केकेआर को हराया.
रोहित की रिकॉर्ड पारी
रोहित ने इस मैच में सिर्फ 23 गेंदों में 50 रन पूरे किए, जो आईपीएल में उनका सबसे तेज अर्धशतक है. इससे पहले उन्होंने 25 गेंदों में अपनी फास्टेस्ट फिफ्टी बनाई थी, जो आईपीएल 2015 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आई थी. रोहित की पारी 78 रन पर खत्म हुई. उन्होंने 38 गेंदों में यह रन बनाए, जिसमें 6 चौके और इतने ही छक्के शामिल रहे. रोहित ने 200 से ऊपर के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की.
रोहित शर्मा ने आईपीएल में ठोकी अपनी सबसे तेज फिफ्टी.
रिकेल्टन ने भी की गेंदबाजों की धुनाई
रिकेल्टन भी मुकाबले में प्रचंड लय में नजर आए. रोहित के आउट होने के बाद रिकेल्टन ने शानदार बैटिंग जारी रखते हुए एक छोर संभाले रखा. हालांकि, वह शतक पूरा नहीं कर सके. साउथ अफ्रीका के इस बल्लेबाज ने 43 गेंदों में 81 रन बनाए. 188 के स्ट्राइक रेट से रिकेल्टन ने चार चौके और 8 छक्कों के साथ अपनी इस पारी को बुना. उनके अलावा सूर्यकुमार यादव ने 8 गेंद में 16, तिलक वर्मा ने 20 रन बनाए. कप्तान हार्दिक पंड्या ने 11 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाए. विनिंग रन उनके बल्ले से ही आए. नमन धीर 5 रन पर नाबाद रहे. केकेआर की गेंदबाज इस मुकाबले में पूरी तरह बेसर दिखी.
रेयान रिकेल्टन ने बनाए 81 रन.
रहाणे-रघुवंशी की मेहनत गई बेकार
पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने मुमबई को 221 रन का लक्ष्य दिया था. मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था. पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर को फिन एलन और अजिंक्य रहाणे ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी थी. उसके बाद अंगकृष रघुवंशी ने अर्धशतक जड़कर टीम को 200 के पार पहुंचाया, लेकिन रोहित-रिकेल्टन ने एक झटके में केकेआर के बल्लेबाजों की मेहनत पर पानी फेर दिया.
रहाणे ने तोड़ा गौतम गंभीर का रिकॉर्ड.
केकेआर के ओपनर्स ने पहले विकेट के लिए 5.2 ओवर में 69 रन जोड़े थे. एलन पहले विकेट के रूप में 17 गेंदों पर 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 37 रन की पारी खेलकर आउट हुए. इसके बाद रहाणे और कैमरन ग्रीन के बीच दूसरे विकेट के लिए 21 गेंदों पर 40 रन की साझेदारी हुई. टीम का स्कोर जब 109 था, उस समय ग्रीन 10 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद रहाणे ने तीसरे विकेट के लिए अंगकृष रघुवंशी के साथ 36 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 145 तक पहुंचा दिया. रहाणे तीसरे विकेट के रूप में 40 गेंदों पर 5 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 67 रन की शानदार पारी खेलकर आउट हुए.
रघुवंशी ने बनाए 51 रन.
रहाणे का विकेट गिरने के बाद रघुवंशी और रिंकू सिंह ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 30 गेंदों पर 60 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 205 तक पहुंचा दिया. इसी स्कोर पर चौथे विकेट के रूप में रघुवंशी 29 गेंदों पर 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 51 रन की पारी खेलकर आउट हुए. रिंकू सिंह 21 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 33 और रमनदीप सिंह 4 गेंदों पर 4 रन बनाकर नाबाद रहे. केकेआर ने 4 विकेट पर 220 रन बनाए. मुंबई की तरफ से शार्दुल सबसे सफल गेंदबाज रहे. शार्दुल ने 4 ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट लिए. हार्दिक पांड्या को 1 विकेट मिला.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें