कैमरून ग्रीन को बॉलिंग क्यों नहीं दी? रहाणे का चौंकाने वाला खुलासा, ‘- ये सवाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछिए’
Last Updated:
Ajinkya Rahane statement: मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कैमरून ग्रीन की गेंदबाजी को लेकर बड़ा बयान दिया है. रहाणे ने साफ कहा कि ग्रीन से गेंदबाजी न कराने का फैसला उनका नहीं था, बल्कि यह सवाल ‘क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया’ से पूछा जाना चाहिए. मांसपेशियों में खिंचाव के बावजूद 67 रनों की पारी खेलने वाले रहाणे ने स्वीकार किया कि उनकी युवा गेंदबाजी को अभी बहुत कुछ सीखना है, लेकिन टीम के बल्लेबाजी प्रदर्शन से वह काफी संतुष्ट हैं.

कैमरन ग्रीन से रहाणे ने नई कराई गेंदबाजी.
नई दिल्ली. कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने आईपीएल के अपने पहले ही मुकाबले में मुंबई इंडियंस के हाथों मिली हार के बाद कई बड़े सवालों के जवाब दिए. मैच के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की थी कि आखिर केकेआर के सबसे महंगे ऑलराउंडर्स में से एक कैमरून ग्रीन से रहाणे ने गेंदबाजी क्यों नहीं कराई? इस पर रहाणे ने गेंद सीधे ‘क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया’ के पाले में डाल दी. जब मैच के बाद प्रजेंटेशन में केविन पीटरसन ने रहाणे से ग्रीन की गेंदबाजी को लेकर सवाल किया, तो रहाणे का जवाब काफी तल्ख और सीधा था. रहाणे ने कहा, ‘यह सवाल आपको क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछना चाहिए.’ रहाणे के इस बयान से साफ है कि ग्रीन को लेकर बोर्ड की तरफ से कुछ सख्त हिदायत या ‘वर्कलोड मैनेजमेंट’ के निर्देश हैं. हालांकि, रहाणे ने यह उम्मीद जताई कि ग्रीन जल्द ही गेंदबाजी शुरू करेंगे, जिससे टीम का बैलेंस बेहतर हो सके.
37 की उम्र पार करने के बाद भी अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) जिस तरह की आक्रामक बल्लेबाजी (40 गेंद, 67 रन) कर रहे हैं, उस पर पीटरसन ने जब उनसे उनकी उम्र और फॉर्म पर सवाल किया, तो रहाणे ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘मैं अभी भी जवान हूं, केपी!’ उन्होंने कहा कि वह अपनी मौजूदा बल्लेबाजी से बेहद खुश हैं और इसे आगे भी जारी रखना चाहते हैं.
कैमरन ग्रीन से रहाणे ने नई कराई गेंदबाजी.
मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा (78 रन) और रेयान रिकलटन (81 रन) के अर्धशतकों के साथ पहले विकेट के लिए 148 रन की साझेदारी से कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हराकर टूर्नामेंट के 13 सत्र से चले आ रहे पहले मैच में हार के सिलसिले को खत्म किया. मुंबई इंडियंस हमेशा आईपीएल में धीमी शुरुआत करने वाली टीम रही है. टीम ने आईपीएल में आखिरी बार अपना पहला मैच अप्रैल 2012 में जीता था जिसमें उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को आठ विकेट से हराया था. टीम ने 2013 से लेकर 2020 के बीच पांच बार खिताब जीता लेकिन पहले मैच में हार का सिलसिला जारी रहा.
युवा गेंदबाजी और हार से सीख
रहाणे ने स्वीकार किया कि मुंबई इंडियंस ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और केकेआर का गेंदबाजी आक्रमण थोड़ा अनुभवहीन साबित हुआ. उन्होंने कहा, ‘हमारे पास एक यंग बॉलिंग अटैक है, यह उनके लिए एक लर्निंग कर्व है. हमारे गेंदबाजों को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा. हालांकि, कार्तिक त्यागी ने काफी समय बाद वापसी करते हुए शानदार गेंदबाजी की, जो हमारे लिए एक बड़ा पॉजिटिव है.’
मैदान पर संघर्ष और भविष्य की राह
मैच के दौरान रहाणे काफी दर्द में दिखे. उन्होंने बताया कि उनके पैरों की पिंडलियों (Calves) में काफी क्रैम्प्स थे, जिससे बल्लेबाजी करना काफी मुश्किल हो रहा था. रहाणे ने अंत में कहा कि बैटिंग में हमने शानदार काम किया है, लेकिन गेंदबाजी में सही बैलेंस ढूंढना अभी बाकी है.
लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर निकले रहाणे
अजिंक्य रहाणे को दूसरी पारी में मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा. रहाणे की गैरमौजूदगी में भारत के ऑलराउंडर रिंकू सिंह ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली. रिंकू को आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले उप-कप्तान बनाया गया था.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें