रोहित शेट्टी फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, राजस्थान में बैठकर रची गई थी साजिश, आकाश निगम ने ली थी सुपारी
श्रीगंगानगर. राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में बीती रात हुई पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ अब बड़े आपराधिक नेटवर्क की ओर इशारा कर रही है. घायल बदमाश आकाश निगम के तार कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने के साथ ही मुंबई में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं. पुलिस जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि आकाश निगम और उसके सहयोगी शिवा गुर्जर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की सुपारी लेने में शामिल थे.
पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान पैर में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की रात सादुलशहर क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान आकाश निगम सवार वाहन को रोका गया. पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग भी कर दी. जवाबी कार्रवाई में आकाश निगम के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया. उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
पुलिस गैंग के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है
आईजी ओमप्रकाश ने कहा कि जांच से साफ हो रहा है कि आकाश निगम रोहित शेट्टी फायरिंग मामले में शामिल था. आरजू बिश्नोई के निर्देश पर उसे श्रीगंगानगर भेजा गया था. हम पूरे कनेक्शन की तह तक पहुंच रहे हैं. वहीं श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर ने बताया कि आकाश निगम फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग में शामिल होने के बात सामने नहीं आई है., हालांकि फयारिंग करने की सुपारी लेने की बात जरूर सामने आई है. आकाश निगम के स्वस्थ होने के बाद उसे गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की जाएगी.