विराट कोहली का धमाका देख लिया, अब रोहित शर्मा की बारी…आज शाम मुंबई और कोलकाता के बीच होगा घमासान
Last Updated:
MI Vs KKR IPL 2026 : आज शाम मुंबई इंडियंस की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के अभियान की शुरुआत करेगी. पिछले सीजन में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस क्वालिफायर 2 में पंजाब किंग्स से हारकर तीसरे स्थान पर रही थी. इस बार टीम को भरोसा है कि वह छठी बार खिताब जीतने के लिए पूरी तरह तैयार है.

कोहली के धमाके के बाद रोहित की बारी…आज शाम मुंबई और कोलकाता के बीच होगा घमासान
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत बेहद शानदार हुई. पहले मुकाबले में फैंस को विराट कोहली की ताबड़तोड़ पारी देखने को मिली. दूसरे दिन पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ना है. पूर्व कप्तान रोहित शर्मा से उनके चाहने वाले आज के मैच में विराट कोहली जैसी ही पारी देखना चाहेंगे. मुंबई इंडियंस ने 2013 से 2020 के बीच पांच बार ट्रॉफी जीती थी, लेकिन अब काफी समय से वह खिताब से दूर है.
पिछले सीजन में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस क्वालिफायर 2 में पंजाब किंग्स से हारकर तीसरे स्थान पर रही थी. इस बार टीम को भरोसा है कि वह छठी बार खिताब जीतने के लिए पूरी तरह तैयार है. रिफ्रेश्ड रोहित शर्मा एक बार फिर रन बनाने के लिए उत्साहित हैं, वहीं मुंबई इंडियंस की ऑलराउंड ताकत इस सीजन में भी उन्हें मजबूत टीम बनाती है.
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में कप्तान अजिंक्य रहाणे और युवा अंगक्रिश रघुवंशी के साथ स्थानीय रंग देखने को मिलेगा, लेकिन मैच शुरू होने से पहले ही टीम के सामने कई अहम सवाल हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए सबसे बड़ी चुनौती सही गेंदबाजी संयोजन चुनने की होगी, जो नीलामी के बाद उनकी योजना से अलग नजर आ रहा है. मुस्तफिजुर रहमान को बीसीसीआई के निर्देश पर टीम से रिलीज कर दिया गया है, वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाज आकाश दीप और हर्षित राणा चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं.
वानखेड़े स्टेडियम पिच रिपोर्ट
वानखेड़े स्टेडियम की पिच पर हमेशा रन बनते रहे हैं. इस मैदान पर आखिरी टी20 मैच में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रन बनाए थे, जबकि इंग्लैंड ने पीछा करते हुए 246 रन बना लिए थे. वानखेड़े स्टेडियम हाई-स्कोरिंग वेन्यू है, जहां बल्लेबाजों को अच्छी बाउंस और पेस मिलती है. लाइट्स के नीचे रन चेज करना अक्सर फायदेमंद रहता है.
मुंबई मौसम रिपोर्ट
रविवार शाम मुंबई में मौसम साफ, गर्म और उमस भरा रहेगा. तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा और 73% आर्द्रता होगी. बारिश की कोई संभावना नहीं है.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें