फिल साल्ट ने हवा में उड़कर लपका हैरतअंगेज कैच… ईशान किशन को शतक से रोका, डेब्यूटेंट को मिला बड़ा विकेट
Last Updated:
Ishan Kishan Misses Century: ईशान किशन आईपीएल 2026 के पहले मैच में शतक से चूक गए. ईशान को फिल सॉल्ट ने शतक से रोक दिया.डेब्यूटेंट अभिनंदन सिंह की गेंद पर फिल सॉल्ट ने ईशान का बाउंड्री के नजदीक शानदार कैच लपका. सॉल्ट ने दौड़ते हुए अपनी दायीं ओर डाइव लगाकर एक हाथ से बेहतरीन कैच लपककर ईशान को 80 के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया.

ईशान किशन का सॉल्ट ने शानदार कैच लपका.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में युवा तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह ने अपनी रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से महफिल लूट ली. उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खतरनाक बल्लेबाज ईशान किशन को उस वक्त आउट किया जब वह 38 गेंदों में 80 रनों की तूफानी पारी खेलकर मैच को आरसीबी की मुट्ठी से दूर ले जा रहे थे. अभिनंदन की एक बाहर की तरफ जाती फुल टॉस गेंद पर ईशान ने कड़ा प्रहार किया, लेकिन वहां मौजूद फिल साल्ट ने बाउंड्री लाइन पर चीते जैसी फुर्ती दिखाते हुए एक हाथ से अद्भुत कैच लपक कर सबको हैरान कर दिया.
ईशान किशन (Ishan Kishan) का यह विकेट मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ, क्योंकि वह 8 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के जड़कर क्रीज पर अंगद की तरह पैर जमा चुके थे. जैसे ही गेंद हवा में गई, ऐसा लगा मानो यह बाउंड्री के पार जाएगी, लेकिन साल्ट ने अपने दाईं ओर लंबी दौड़ लगाकर हवा में गोता लगाया और एक असंभव से दिखने वाले कैच को हकीकत में बदल दिया. इस विकेट के साथ ही अभिनंदन सिंह ने अपने आईपीएल करियर का एक यादगार आगाज किया और आरसीबी के फैंस को जश्न मनाने का बड़ा मौका दे दिया.
ईशान किशन का सॉल्ट ने शानदार कैच लपका.
आईपीएल 2026 के उद्घाटन मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की कप्तानी करते हुए ईशान किशन ने इतिहास रच दिया. नियमित कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में टीम की कमान संभालते ही ईशान, दिग्गज विराट कोहली के साथ एक बेहद खास क्लब में शामिल हो गए हैं. ईशान किशन अब भारत के उन चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में तीसरे स्थान पर आ गए हैं जिन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत का नेतृत्व करने के बाद आईपीएल टीम की भी कप्तानी की है. कोहली ने साल 2008 में अंडर-19 टीम को विश्व विजेता बनाया था और लंबे समय तक आरसीबी की कप्तानी संभाली, और अब ईशान ने शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैदान पर उतरकर इसी प्रतिष्ठित ‘एलिट लिस्ट’ में अपनी जगह पक्की कर ली है.
आईपीएल के पहले ही मुकाबले में ईशान किशन ने बल्ले और कप्तानी, दोनों से धमाका कर दिया. 80 रनों की तूफानी पारी खेलकर उन्होंने आईपीएल के इतिहास में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. ईशान अब ‘बतौर कप्तान डेब्यू मैच में सबसे ज्यादा रन’ बनाने वाले चुनिंदा दिग्गजों की खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं. इस मामले में संजू सैमसन (119 रन) और मयंक अग्रवाल (नाबाद 89 रन) के साथ अब ईशान का नाम भी सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है. उन्होंने श्रेयस अय्यर और फाफ डु प्लेसिस जैसे कप्तानों के क्लब में एंट्री मारकर यह साबित कर दिया है कि वह बड़ी जिम्मेदारी के बीच भी विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने का दम रखते हैं.
आईपीएल के इतिहास में कई ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी रहे हैं जिन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की कप्तानी की और बाद में आईपीएल का हिस्सा बने, लेकिन उन्हें किसी आईपीएल टीम का नेतृत्व करने का मौका नहीं मिला है. इस लिस्ट में मोहम्मद कैफ (2000), अंबाती रायुडू (2004), अशोक मेनारिया (2010), उन्मुक्त चंद (2012), पृथ्वी शॉ (2018), प्रियम गर्ग (2020), यश धुल (2022) और आयुष म्हात्रे (2026) जैसे नाम शामिल हैं. इन दिग्गजों ने अपनी बल्लेबाजी और अनुभव से आईपीएल में अपनी छाप तो छोड़ी है, लेकिन इनमें से कइयों को बतौर कप्तान ‘डेब्यू’ का इंतजार बरकरार है.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें