गर्मी में एसी-कूलर भले फेल हो जाएं… पर ये ड्रिंक नहीं देगा धोखा! न लू लगेगी न थकान, पेट हमेशा रहेगा ठंडा

Share to your loved once


Summer Recipe: निमाड़ में जब गर्मी अपने चरम पर होती है और तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच जाता है, तब लोग महंगे AC और कूलर से ज्यादा भरोसा एक देसी पेय पर करते हैं. इसका नाम सत्तू है. गांव से लेकर शहर तक सत्तू को गर्मी का सबसे बड़ा इलाज माना जाता है, जो शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ भरपूर ताकत भी देता है.

गर्मी के दिनों में लोग खुद को ठंडा रखने के लिए तरह-तरह के ड्रिंक पीते हैं, लेकिन सत्तू को यहां टॉनिक से कम नहीं माना जाता. यह एक पारंपरिक पेय है, जो शरीर को अंदर से ठंडा रखता है और लू से बचाने में मदद करता है. यही वजह है कि निमाड़ के लोग इसे रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल करते हैं.

दरअसल, सत्तू भुने चने से बनाया जाता है, जिसमें कई बार जौ और मक्का भी मिलाया जाता है. इन अनाजों को पीसकर बारीक पाउडर तैयार किया जाता है, जिसे पानी में घोलकर शरबत की तरह पिया जाता है. इसके अलावा सत्तू के लड्डू, पराठे और अन्य व्यंजन भी बनाए जाते हैं. सत्तू के फायदे भी कम नहीं हैं.

सत्तू में भरपूर फाइबर
यह शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ तुरंत ऊर्जा देता है. इसमें भरपूर फाइबर होता है, जिससे पाचन तंत्र दुरुस्त रहता है. साथ ही यह लंबे समय तक पेट भरा रखता है, जिससे वजन कंट्रोल करने में भी मदद मिलती है. इतना ही नहीं, इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे डायबिटीज के मरीजों के लिए भी इसे फायदेमंद माना जाता है. गर्मियों में यह शरीर को हाइड्रेट रखने में भी अहम भूमिका निभाता है.

ऐसे करें सत्तू का सेवन
अगर इसे पीने के तरीके की बात करें तो सत्तू का नमकीन शरबत सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है, जिसमें ठंडे पानी के साथ काला नमक, भुना जीरा और नींबू मिलाया जाता है. वहीं, मीठा सत्तू भी बनाया जाता है, जिसमें गुड़ या शहद मिलाकर पिया जाता है. इसके अलावा सत्तू के पराठे और लड्डू भी काफी पसंद किए जाते हैं.

सुबह खाली पेट सेवन सबसे बढ़िया
समाजसेवी लव जोशी बताते हैं कि निमाड़ में सत्तू सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा है. खेतों में काम करने वाले किसान हों या सफर करने वाले लोग, हर कोई सत्तू का सेवन करता है. यहां के बुजुर्गों का मानना है कि जो रोज सत्तू पीता है, उसे गर्मी छू भी नहीं सकती. सत्तू का सेवन सुबह खाली पेट करना, सबसे ज्यादा फायदेमंद है. वहीं, दोपहर की तेज गर्मी में यह तुरंत राहत देता है और अगर आप शारीरिक मेहनत करते हैं, तो उसके बाद सत्तू पीने से शरीर को तुरंत ऊर्जा मिलती है.

ऐसे में अगर आप भी इस भीषण गर्मी से बचना चाहते हैं, तो महंगे ड्रिंक्स छोड़कर इस देसी सत्तू को अपनाइए क्योंकि ये सस्ता भी है, सेहतमंद भी है और निमाड़ का आजमाया हुआ नुस्खा भी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP