आईपीएल से पहले जसप्रीत बुमराह कहां थे? कब खेलने उतरेंगे मुंबई इंडियंस के लिए पहला मैच
Last Updated:
मुंबई इंडियंस रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी. बुमराह शुक्रवार शाम को टीम से जुड़े और उम्मीद है कि वह शनिवार को अपना पहला प्रैक्टिस सेशन करेंगे. 32 साल के बुमराह हाल ही में भारत की टी20 वर्ल्ड कप अभियान में शानदार फॉर्म में थे. उन्होंने टीम की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी.

आईपीएल से पहले बुमराह कहां थे? कब खेलने उतरेंगे मुंबई के लिए पहला मैच
नई दिल्ली. भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 सीजन के पहले मैच से ठीक पहले मुंबई इंडियंस की टीम से दोबारा जुड़ गए हैं. मुंबई इंडियंस रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी. बुमराह शुक्रवार शाम को टीम से जुड़े और उम्मीद है कि वह शनिवार को अपना पहला प्रैक्टिस सेशन करेंगे.
शुक्रवार को उन्होंने टीम के साथ प्रैक्टिस नहीं किया था, क्योंकि उन्हें बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया था. उनके वर्कलोड पर खास नजर रखी जा रही थी. इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, “वह शुक्रवार रात को मुंबई इंडियंस से जुड़ गए हैं और शनिवार को प्रैक्टिस के लिए आएंगे.”
जसप्रीत बुमराह कहां थे?
32 साल के बुमराह हाल ही में भारत की टी20 वर्ल्ड कप अभियान में शानदार फॉर्म में थे. उन्होंने टीम की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए थे. इसके बाद मेडिकल स्टाफ ने उन्हें फिटनेस और कंडीशनिंग पर ध्यान देने के लिए कुछ समय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बिताने की सलाह दी थी. आईपीएल के बाद भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ एक छोटी सीरीज खेलनी है और फिर जुलाई में इंग्लैंड का दौरा करना है. ऐसे में बोर्ड उनके वर्कलोड को लेकर सतर्क है और पूरे आईपीएल के दौरान उनके संपर्क में रहेगा.
बुमराह का आईपीएल प्रदर्शन
बुमराह मुंबई इंडियंस के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक रहे हैं. उन्होंने टीम के लिए अब तक 186 विकेट लिए हैं. इस दो महीने के टूर्नामेंट में एक बार फिर टीम को उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी. पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को वानखेड़े में जोरदार ट्रेनिंग सेशन किया. इसमें पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, मौजूदा कप्तान हार्दिक पंड्या और टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नेट्स में लंबा समय बिताया. विदेशी खिलाड़ी विल जैक्स और मिचेल सैंटनर अभी तक टीम से नहीं जुड़े हैं. मुंबई इंडियंस इस बार अपने ओपनिंग मैच का रिकॉर्ड भी बदलना चाहेगी, क्योंकि टीम 2012 के बाद से अपना पहला आईपीएल मैच नहीं जीत पाई है.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें