Dahi Bhalla Recipe । हेल्दी दही भल्ला रेसिपी
Dahi Bhalla Recipe: दही भल्ला का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. खट्टा मीठा दही, नरम वड़े और ऊपर से चटनी का स्वाद हर किसी को पसंद आता है. लेकिन जब बात सेहत की आती है, तो लोग इसे खाने से बचते हैं क्योंकि इसमें वड़ों को डीप फ्राई किया जाता है, जिससे इसमें तेल और कैलोरी दोनों ज्यादा हो जाते हैं. ऐसे में अगर वही दही भल्ला बिना तेल के, हल्का और हेल्दी तरीके से बन जाए, तो यह किसी वरदान से कम नहीं है. आजकल लोग फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं, इसलिए ऐसी रेसिपी की डिमांड भी बढ़ रही है जो स्वाद में भी अच्छी हो और सेहत के लिए भी सही हो.
इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए स्टीम्ड दही भल्ला एक शानदार ऑप्शन बनकर सामने आया है. इसमें वड़ों को तलने की जगह भाप में पकाया जाता है, जिससे ये हल्के, सॉफ्ट और आसानी से पचने वाले बनते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें स्वाद बिल्कुल भी कम नहीं होता, बल्कि सही तरीके से बनाने पर यह उतना ही टेस्टी लगता है जितना पारंपरिक दही भल्ला.
दाल भिगोने और पीसने का सही तरीका
इस रेसिपी की शुरुआत उड़द दाल से होती है. सबसे पहले दाल को अच्छी तरह धोकर 7 से 8 घंटे या रात भर के लिए पानी में भिगो दें. जब दाल फूल जाए, तो उसका पानी निकाल दें. अब मिक्सर में दाल के साथ थोड़ी सी हरी मिर्च और अदरक डालकर पीस लें. ध्यान रखें कि ज्यादा पानी न डालें, पेस्ट गाढ़ा और स्मूद होना चाहिए. यही पेस्ट आगे चलकर सॉफ्ट भल्ले बनाने में मदद करता है.
फेंटने से बनेंगे सॉफ्ट और स्पंजी भल्ले
दाल पीसने के बाद उसे अच्छे से फेंटना बहुत जरूरी होता है. इस स्टेप को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. एक बड़े बाउल में दाल निकालें और एक ही दिशा में 5 से 7 मिनट तक लगातार फेंटते रहें. इससे दाल में हवा भर जाती है और उसका टेक्सचर हल्का हो जाता है. जब पेस्ट हल्का और फूला हुआ दिखने लगे, तो समझ जाएं कि यह तैयार है. इसी वजह से भल्ले स्टीम होने के बाद भी स्पंजी बनते हैं.
स्टीमिंग के लिए ऐसे करें तैयारी
चूंकि इस रेसिपी में तेल का इस्तेमाल नहीं हो रहा है, इसलिए वड़ों को भाप में पकाया जाएगा. इसके लिए आप इडली स्टैंड या छोटी कटोरियों का इस्तेमाल कर सकते हैं. कटोरियों को हल्का सा ग्रीस कर लें ताकि वड़े चिपके नहीं. अब तैयार बैटर को इनमें डाल दें, ठीक वैसे ही जैसे इडली बनाते समय करते हैं.
भाप में पकाने का आसान तरीका
अगर आपके पास स्टीमर है तो उसमें पानी डालकर गर्म करें. अगर नहीं है, तो एक बड़े बर्तन में पानी उबालें और उसके ऊपर जाली रखकर कटोरियां रख दें. अब ढक्कन लगाकर 10 से 12 मिनट तक मध्यम आंच पर स्टीम करें. भाप में पकने से वड़े बहुत हल्के और मुलायम बनते हैं और इनमें तेल बिल्कुल भी नहीं होता.
गुनगुने पानी में भिगोने से बढ़ेगा स्वाद
जब वड़े तैयार हो जाएं, तो उन्हें सांचों से निकाल लें. अब एक बर्तन में गुनगुना पानी लें और उसमें नमक, हींग और हरा धनिया डालें. इन वड़ों को इस पानी में 10 से 15 मिनट तक डुबोकर रखें. इससे वड़े और ज्यादा नरम हो जाते हैं और उनमें हल्की खुशबू भी आ जाती है.
सर्व करने का सही तरीका
अब वड़ों को पानी से निकालकर हल्का सा दबाएं ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए. एक प्लेट में रखें और ऊपर से गाढ़ा फेंटा हुआ दही डालें. इसके बाद इमली की चटनी, हरी चटनी, भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च और काला नमक डालें. अब आपके हेल्दी और बिना तेल वाले दही भल्ले पूरी तरह तैयार हैं.
View this post on Instagram