What is Jan Vishwas Bill: क्या है जन विश्वास बिल? लोकसभा में होगा पेश, 78 कानूनों में बदलाव की पूरी डिटेल

Share to your loved once


What is Jan Vishwas Bill: क्या छोटे-छोटे नियम उल्लंघनों के लिए जेल जाना जरूरी है? क्या हर तकनीकी गलती को अपराध मान लेना सही है? यही सवाल लंबे समय से भारत की कानूनी व्यवस्था पर उठते रहे हैं, जहां मामूली चूक भी कई बार आपराधिक मुकदमे का रूप ले लेती है. इसी को देखते हुए ‘जन विश्वास बिल’ एक बड़े बदलाव की तरह सामने आ रहा है. यह न सिर्फ जेल की सजा को सीमित करने की बात करता है, बल्कि ‘इंस्पेक्टर राज’ जैसे विवादित सिस्टम पर भी लगाम लगाने की कोशिश करता है. यह बिल इस सोच को मजबूत करता है कि शासन डर पर नहीं, भरोसे पर चलना चाहिए. सरकार का मानना है कि कानून का उद्देश्य सुधार होना चाहिए, न कि हर गलती पर दंड देना.

सूत्रों के मुताबिक पीयूष गोयल लोकसभा में इस बिल को पेश करने की तैयारी में हैं और स्पीकर से विशेष अनुमति भी ली गई है, क्योंकि यह कार्यसूची में शामिल नहीं था. आज इसे सदन में पेश किया जाएगा और सोमवार को इस पर चर्चा हो सकती है. यह विधेयक 2023 के जन विश्वास अधिनियम का विस्तार माना जा रहा है और इसका लक्ष्य भारत की कानूनी और प्रशासनिक व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना है.

जन विश्वास (संशोधन) विधेयक क्या है और इसे क्यों लाया गया?

जन विश्वास बिल एक सुधारवादी विधेयक है, इसका मुख्य उद्देश्य छोटे और तकनीकी उल्लंघनों को अपराध की श्रेणी से बाहर करना है. पहले कई ऐसे कानून थे, इनमें मामूली नियम तोड़ने पर भी जेल की सजा का प्रावधान था. इससे व्यापारियों, उद्यमियों और आम नागरिकों पर अनावश्यक दबाव पड़ता था. इस बिल के जरिए सरकार एक ऐसी व्यवस्था बनाना चाहती है जहां कानून आसान हों, पालन आसान हो और लोगों को बिना वजह आपराधिक मामलों में न फंसना पड़े.

’जेल की सजा खत्म’ का असली मतलब क्या है?

इसका मतलब यह नहीं है कि सभी अपराधों पर सजा खत्म हो जाएगी. यह केवल छोटे, तकनीकी और प्रक्रियात्मक उल्लंघनों पर लागू होगा. ऐसे मामलों में अब जेल की जगह जुर्माना, चेतावनी या सुधार नोटिस दिया जाएगा. पहली बार गलती करने पर नरमी बरती जाएगी, जबकि बार-बार गलती करने पर दंड बढ़ सकता है. इससे लोगों को सुधार का मौका मिलेगा और कानून का डर कम होकर जिम्मेदारी बढ़ेगी.

इस बिल में कितने कानूनों और प्रावधानों में बदलाव होगा?

शुरुआत में यह बिल 16-17 कानूनों के करीब 355 प्रावधानों में बदलाव का प्रस्ताव लेकर आया था. लेकिन बाद में सिलेक्ट कमिटी ने इसे और व्यापक बनाते हुए 78 कानूनों में 689 प्रावधानों को डी-क्रिमिनलाइज करने की सिफारिश की. इसका मतलब है कि 1000 से ज्यादा आपराधिक प्रावधान हटाए जा सकते हैं. यह भारत की कानूनी व्यवस्था में एक बड़े संरचनात्मक बदलाव की ओर इशारा करता है.

’इंस्पेक्टर राज’ पर यह बिल कैसे लगाम लगाएगा?

’इंस्पेक्टर राज’ का मतलब है अधिकारियों के पास जरूरत से ज्यादा अधिकार होना, इससे वे छोटे मामलों में भी कार्रवाई कर सकते हैं. जब हर उल्लंघन अपराध होगा, तो निरीक्षण करने वाले अधिकारियों के पास ज्यादा शक्ति होगी. लेकिन जब इन मामलों को अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया जाएगा, तो उनकी मनमानी पर रोक लगेगी. साथ ही, नियुक्त अधिकारी मामलों का निपटारा अदालत के बाहर ही करेंगे, जिससे काम ज्यादा साफ-सुथरा होगा और भ्रष्टाचार की संभावना कम होगी.

इस बिल से व्यापार और आम जीवन पर क्या असर पड़ेगा?

यह बिल कारोबार करना और रोज़मर्रा की जिंदगी जीना आसान बनाने में मदद करेगा. व्यापारियों को छोटी गलतियों के लिए कोर्ट के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी. आम नागरिकों के लिए भी नियमों का पालन आसान होगा और उन्हें अनावश्यक कानूनी परेशानियों से राहत मिलेगी. इससे निवेश का माहौल बेहतर होगा और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.

किन-किन कानूनों में बदलाव प्रस्तावित हैं?

इस बिल में कई अहम कानूनों में बदलाव की बात है, जैसे मोटर व्हीकल एक्ट, बिजली एक्ट, लीगल मेट्रोलॉजी एक्ट, आरबीआई एक्ट, ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, MSME डेवलपमेंट एक्ट आदि. इन सभी में छोटे उल्लंघनों को अपराध की श्रेणी से हटाकर जुर्माने में बदलने का प्रस्ताव है. इससे विभिन्न क्षेत्रों में नियमों का पालन अधिक व्यावहारिक बन सकेगा.

अभी इस बिल की स्थिति क्या है?

मार्च 2026 तक की स्थिति के अनुसार यह बिल अभी कानून नहीं बना है. इसे पहले लोकसभा में पेश किया गया था और फिर सिलेक्ट कमिटी को भेजा गया. कमिटी ने विस्तृत रिपोर्ट देने के बाद सरकार ने इसे वापस ले लिया ताकि सिफारिशों को शामिल कर इसे और मजबूत बनाया जा सके. अब उम्मीद है कि इसे संशोधित रूप में फिर से पेश किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP