सेहत और स्वाद से भरपूर है यह लालमोहन, कम बजट में ऐसे तैयार करें ये खास मिठाई – News18 हिंदी
Suji Lal Mohan Recipe: अक्सर घरों में अचानक मेहमानों के आने पर मीठे को लेकर उलझन हो जाती है. ऐसे में पारंपरिक सूजी का लालमोहन एक शानदार और झटपट तैयार होने वाला विकल्प है. मावा या खोया न होने पर भी सूजी (रवा) से बनी यह मिठाई स्वाद में लाजवाब और सेहत के लिहाज से हल्की होती है. फाइबर और प्रोटीन से भरपूर सूजी से बना यह लालमोहन बच्चों और बड़ों, दोनों को समान रूप से पसंद आता है. सबसे पहले सूजी को घी में हल्का भून लें, फिर इसमें दूध, चीनी और इलायची पाउडर मिलाकर गाढ़ा होने तक पकाएं. मिश्रण ठंडा होने पर इसे अच्छी तरह गूंथकर छोटे-छोटे बॉल्स बना लें. इन बॉल्स को मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तलें. दूसरी ओर, चीनी, पानी, केसर और इलायची के साथ एक तार की चाशनी तैयार करें. तले हुए गुलाब जामुन को चाशनी में एक घंटे के लिए छोड़ दें. इसको बनाने के लिए ये खास टिप्स भी अपनाएं. हमेशा ताजी सूजी का ही चुनाव करें. बॉल्स को तलते समय आंच मध्यम रखें ताकि वे अंदर तक पक सकें. चाशनी में डुबोने से पहले सुनिश्चित करें कि चाशनी हल्की गुनगुनी हो.
