अफवाह क्या न कराए! बस्ती में 500 लीटर की टंकी लेकर पेट्रोल भराने पहुंचा युवक, चित्रकूट में भी टूट पड़े लोग

Share to your loved once


Last Updated:

बस्ती और चित्रकूट में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों के बीच पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ रही है. बस्ती में एक व्यक्ति 500 लीटर की पानी की टंकी लेकर तेल भरवाने पहुंच गया, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है. प्रशासन ने दोनों जिलों में आपूर्ति सामान्य बताते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जमाखोरी से बचने की अपील की है.

पेट्रोल-डीजल की अफवाह से बस्ती-चित्रकूट में भीड़, टंकी लेकर पहुंचा शख्सZoom

बस्ती में पेट्रोल पंप पर 500 लीटर टंकी लेकर पहुंचा शख्स

बस्ती. इन दिनों पेट्रोल-डीजल को लेकर लोगों में अफवाहों के कारण अनावश्यक भीड़ देखने को मिल रही है. बस्ती जिले में एलपीजी सिलेंडर के बाद अब पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. हालात यह हो गए कि लोग गैलन, बाल्टी और डिब्बे लेकर पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंच रहे हैं. इसी बीच एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जहां एक व्यक्ति करीब 500 लीटर की पानी की टंकी सिर पर उठाकर पेट्रोल पंप पर पहुंच गया. इतनी बड़ी टंकी देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए और हंसी भी नहीं रोक पाए. लोग चर्चा करने लगे कि अगर टंकी में तेल भर भी गया तो वह व्यक्ति इसे ले कैसे जाएगा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

बस्ती के भादवाल पेट्रोल पंप पर हुई इस घटना के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है. एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है. उन्होंने बताया कि जिले में 185 पेट्रोल पंप हैं और सभी जगह आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है. अभी तक जमाखोरी या कालाबाजारी की कोई सूचना नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है और धैर्य बनाए रखें. प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को भी निर्देश दिया है कि यदि कोई व्यक्ति बड़े गैलन या ड्रम लेकर आए तो उसे जरूरत के अनुसार ही तेल दिया जाए. आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू किया गया है और जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

चित्रकूट में पेट्रोल-डीजल की बिक्री अस्थायी रूप से बंद रही

उधर चित्रकूट जनपद में भी पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह से लोगों में घबराहट फैल गई. चार पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति प्रभावित होने की खबर के बाद लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए लंबी कतारों में लग गए. ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी गैलन और डिब्बे लेकर पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे. शहर के शंभू पेट्रोल पंप और कलेक्ट्रेट रोड स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल खत्म होने की बात सामने आई, जबकि एक अन्य पेट्रोल पंप पर सर्वर की समस्या के कारण पेट्रोल-डीजल की बिक्री अस्थायी रूप से बंद रही. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह स्थिति अस्थायी है और जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित आपूर्ति की जा रही है. अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल जमा न करने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि यदि लोग संयम बनाए रखें तो स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रहेगी.

About the Author

Monali Paul

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP