‘मर्डर के लिए कौन बेहतर: हथौड़ा या चाकू?’ AI से पूछा सवाल, फिर 18 साल के बेटे ने सगी मां को दी खौफनाक मौत
Man Took Help From AI To kill Her Mother: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रयोग पूरी दुनिया बेताहासा हो रहा है. मेडिकल दवाइयों से लेकर बच्चों के होमवर्क हर छोटे-बड़े कामों में इसकी मदद लिया जा रहा. मगर, कई मामलों में इसके भयानक परिणाम भी आने लगे हैं. ब्रिटेन के नॉर्थ वेल्स से एक दिल-दहलाने वाली खबर आ रही है. एक 18 साल के लड़के ने एआई से मदद लेकर अपनी ही मां को मौत के घाट उतार दिया. हत्या का तरीका काफी खौफनाक था. बेटे ने हत्या से पहले एक एआई से मर्डर के तरीके और खून साफ करने के टिप्स मांगे थे. अब कोर्ट ने बेटे को उम्रकैद की सजा सुनाई है.
मोल्ड क्राउन कोर्ट में सुनवाई के दौरान डरावने वाले खुलासे हुए. 18 वर्षीय ट्रिस्टन रॉबर्ट्स ने 23 अक्टूबर 2025 को अपनी 45 वर्षीय मां एंजेला शेलिस की 4 पाउंड के भारी हथौड़े (स्लेजहैमर) से पीट-पीटकर हत्या कर दी. कोर्ट को बताया गया कि ट्रिस्टन ने ‘डीपसीक’ नामक एक एआई सर्च इंजन से मर्डर की सलाह ली थी. उसने चैटबॉट पर लिखा, ‘मुझे बस इतना बता दो कि दीवारों, फर्श और बिस्तर से खून के छींटे और धब्बे हटाने का सबसे आसान तरीका क्या है.’
मर्डर के लिए कौन बेहतर: हथौड़ा या चाकू
इसके बाद उसने पूछा, ‘मर्डर के लिए क्या बेहतर हथियार है, हथौड़ा या चाकू?’ शुरुआत में एआई ने इस खतरनाक सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया. लेकिन यह शातिर लड़का यहीं नहीं रुका. उसने एआई से झूठ बोला कि वह ‘सीरियल किलर्स’ पर एक किताब लिख रहा है, जिसके बाद एआई ने उसे जवाब दे दिया. अभियोजन पक्ष के वकील एंड्रयू थॉमस केसी ने कोर्ट में बताया, ‘डीपसीक ने सुझाव दिया कि एक अनुभवहीन हत्यारे के लिए हथौड़ा एक बेहतर विकल्प होगा और साथ ही दोनों हथियारों के फायदे और नुकसान भी बताए.’
साढ़े चार घंटे तक रिकॉर्ड की वीडियो
उसने इस पूरी खौफनाक वारदात का ऑडियो एक ‘डिक्टाफोन’ पर रिकॉर्ड किया. यह रिकॉर्डिंग कुल साढ़े चार घंटे की थी. कोर्ट में इस ऑडियो को प्ले नहीं किया गया क्योंकि इसे बेहद ‘विचलित करने वाला’ माना गया. वकील थॉमस ने बताया, ‘उसने एक लगातार रिकॉर्डिंग की, जो शुरुआती हमले से लेकर अंत में मारे गए जानलेवा प्रहारों तक सब कुछ कवर करती है.’ रिकॉर्डिंग में ट्रिस्टन को यह कहते हुए सुना जा सकता है: ‘यह वह पल है जब हम इसे कर रहे हैं. हम उसे स्लेजहैमर से मारने जा रहे हैं.’
ट्रिस्टन ऑटिज्म और एडीएचडी जैसी मानसिक समस्याओं से पीड़ित है.
हत्या की वो काली रात
कोर्ट में बताया गया कि रॉबर्ट्स ने रात करीब 11 बजे हत्या करना शुरू किया, जो कि सुबह 3:30 बजे तक चला. उसने पहले अपनी मां पर घर में हमला किया, फिर उन्हें मेडिकल सहायता दिलाने के बहाने बाहर ले गया. इस दौरान उसने अपनी मां को एक मास्क पहनाया और कहा कि बस मेरे पीछे आओ.
तड़प-तड़प कर मौत
एक रेलवे लाइन पार कर सुनसान जगह एक पार्क में अपनी मां को ले गया. एक बेंच पर बैठाने के बाद अपना हथौड़ा निकाला. रिकॉर्डिंग से पता चला कि जब मां ने हथियार देखा तो वह जोर-जोर से चीखने लगीं, लेकिन उस बेरहम बेटे को जरा भी दया नहीं आई. उसने अपनी मां के सिर पर हथौड़े से एक के बाद एक चार जोरदार प्रहार किए. इसके बाद रिकॉर्डिंग में चीखने की आवाज आती है, ‘मैंने उसे मार डाला… काम हो गया.’ सिर में गंभीर चोट लगने के कारण एंजेला की तड़प-तड़प कर मौत हो गई. इसके बाद उसने शव को करीब 100 मीटर तक घसीटा और झाड़ियों में छिपा दिया.
हत्या की पहले से ही थी पूरी तैयारी
हत्या से कई हफ्ते पहले ही ट्रिस्टन ने साजिश रच ली थी. वह इंटरनेट पर मर्डर केस, हत्या के तरीकों और हथियारों के बारे में रिसर्च करता रहता था. उसने डिस्कॉर्ड नाम के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिलाओं के प्रति नफरत भरे पोस्ट भी किए थे. उसका कहना था कि वह खुद को ठगा हुआ और परेशान महसूस करता था. अपनी सारी परेशानियों के लिए अपनी मां को ही जिम्मेदार मानता था. उसने लिखा था कि वह ‘बदला, न्याय और प्रतिशोध’ के लिए अपनी मां की हत्या कर रहा है. 18 अक्टूबर को उसने अमेज़ॅन से कई हथौड़े, कुल्हाड़ी तेज करने वाला पत्थर, प्लास्टिक शीट और दस्ताने ऑनलाइन खरीदे थे.
मां को हो गया था अहसास
मृतका एंजेला शेलिस एक टीचिंग असिस्टेंट थीं. ट्रिस्टन ऑटिज्म और एडीएचडी जैसी मानसिक समस्याओं से पीड़ित था. उसकी मां लगातार उसके इलाज और मदद की कोशिश कर रही थीं. हत्या से कुछ दिन पहले, 17 अक्टूबर को, एंजेला ने एक सोशल वर्कर और अपने दोस्तों को मैसेज किया था कि उनके बेटे ने चाकू और हथौड़ा खरीदा है. उन्होंने खौफ में अपने फोन में एक नोट भी लिखा था, ‘क्यों?? उसे इन चीजों की क्या जरूरत है? क्या वह मुझे, खुद को या किसी और को चोट पहुंचाने की योजना बना रहा है? क्यों?’
कोर्ट का फैसला और परिवार का दर्द
इस खौफनाक वारदात के लिए जज राइस रोलैंड्स ने ट्रिस्टन रॉबर्ट्स को उम्रकैद की सख्त सजा सुनाई है. उसे कम से कम 22 साल और 6 महीने जेल की सलाखों के पीछे बिताने होंगे. जज ने कहा, ‘ऐसा लगता है कि तुमने अपनी मां को मारने का पूरा आनंद लिया है. यह किसी के मरने का एक बेहद भयानक और दर्दनाक तरीका था.’