भारत-ऑस्ट्रेलिया बॉर्डर गावस्कर सीरीज की तारीखों का ऐलान, जानें कब और कहां होंगे आमने-सामने, नोट कर लें पूरा शेड्यूल

Share to your loved once


नई दिल्ली.  भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के पांच में से एक टेस्ट मैच की मेजबानी गुवाहाटी का बारसपारा स्टेडियम 2027 में करेगा.  बीसीसीआई ने टीम के घरेलू सीजन का कैलेंडर जारी किया जिसमें पांच टेस्ट, नौ वनडे और आठ टी20 मैच शामिल हैं. वनडे मैचों पर निश्चित रूप से सबकी नजर रहेगी क्योंकि विराट कोहली और रोहित शर्मा की दिग्गज जोड़ी के उन सभी मैचों में खेलने की उम्मीद है. यह दोनों स्टार बल्लेबाज अब केवल वनडे प्रारूप में ही खेलते हैं.

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज जनवरी, फरवरी और मार्च 2027 में खेली जाएगी. इसकी शुरुआत 21 जनवरी को नागपुर में होगी. इसके बाद दूसरा टेस्ट मैच चेन्नई में (29 जनवरी से दो फरवरी) और आठ दिन के अंतराल के बाद तीसरा टेस्ट 11 से 15 फरवरी तक गुवाहाटी में खेला जाएगा. रांची में चौथा टेस्ट 19 से 23 फरवरी के बीच खेला जाएगा, जबकि अहमदाबाद में अंतिम टेस्ट 27 फरवरी से शुरू होगा.

भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें अगले साल जनवरी-फरवरी में 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेंगी.

पांच स्थानों में से नागपुर (जहां आखिरी बार 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच हुआ था), चेन्नई (जहां आखिरी बार 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच हुआ था), रांची (जहां आखिरी बार 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच हुआ था) और अहमदाबाद (जहां आखिरी बार 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच हुआ था) को रोटेशन नीति के अनुसार मेजबानी मिली है.

लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि गुवाहाटी को फिर से मेजबानी कैसे मिली जबकि उसने नवंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक टेस्ट मैच आयोजित किया था. गौर करने वाली बात यह है कि मुंबई और कोलकाता इस महत्वपूर्ण सीरीज का हिस्सा नहीं हैं.  यह पता नहीं चल पाया कि बंगाल क्रिकेट संघ या मुंबई क्रिकेट संघ ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच की मेजबानी करने में असमर्थता व्यक्त की थी या नहीं.

भारत के घरेलू सत्र में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट मैच की सीरीज आकर्षण का मुख्य केंद्र होगी. इसके अलावा भारत वेस्टइंडीज, श्रीलंका और जिम्बाब्वे की मेजबानी भी करेगा. जिम्बाब्वे 2002 के बाद पहली बार भारत में द्विपक्षीय सीरीज खेलेगा. जब उसने द्विपक्षीय सीरीज के लिए आखरी बार भारत का दौरा किया था तब भारतीय टीम के कप्तान सौरव गांगुली थे.

इस सत्र में 17 शहरों में 22 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे, जिनमें वेस्टइंडीज की टीम सबसे पहले भारत दौरे पर आएगी। उसका भारत दौरा इस साल 27 सितंबर से शुरू होगा. इस दौरे में तीन मैचों की वनडे और उसके बाद पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज शामिल होगी.

वनडे मैच तिरुवनंतपुरम (27 सितंबर), गुवाहाटी (30 सितंबर) और न्यू चंडीगढ़ (03 अक्टूबर) में खेले जाएंगे. इसके बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच लखनऊ (06 अक्टूबर), रांची (09 अक्टूबर), इंदौर (11 अक्टूबर), हैदराबाद (14 अक्टूबर) और बेंगलुरु (17 अक्टूबर) में खेले जाएंगे. इसके बाद भारत दिसंबर में श्रीलंका की मेजबानी करेगा, जिसमें तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेली जाएगी.

वनडे मैच दिल्ली (13 दिसंबर), बेंगलुरु (16 दिसंबर) और अहमदाबाद (19 दिसंबर) में जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच राजकोट (22 दिसंबर), कटक (24 दिसंबर) और पुणे (27 दिसंबर) में खेले जाएंगे. जिम्बाब्वे जनवरी 2027 में तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारत का दौरा करेगा. इस सीरीज के मैच कोलकाता (03 जनवरी), हैदराबाद (06 जनवरी) और मुंबई (09 जनवरी) में खेले जाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP