बोर्ड ऑफिस आए और ये चूड़ा-घुघनी, दहीबड़ा नहीं चखा तो बेकार है विजिट, 41 साल पुरानी दुकान, पैक हो जाता मंत्री आवास

Share to your loved once


होमफोटोलाइफ़फूड

बिहार बोर्ड ऑफिस आए और ये चूड़ा-घुघनी, दहीबड़ा नहीं चखा तो बेकार है विजिट!

Last Updated:

Bihar Board Office Famous Food Stall: बिहार बोर्ड ऑफिस के सामने पिछले 41 सालों से एक दुकान सजती है जहां चूड़ा-घुघनी और दही बड़ा मिलता है. यहां का स्पेशल चूड़ा-घुघनी ऐसा है कि मुंह में जाते ही मजा आ जाए. कई पीढ़ियों से लोग यहां का स्वाद चख रहे हैं और एक बार खाने वाला बार-बार आता है. लेमन टी का भी ऑप्शन यहां मिलता है.

अगर आप भी टॉपर वेरिफिकेशन या फिर किसी दूसरे काम से पटना स्थित बिहार बोर्ड के ऑफिस आ रहे हैं हैं और कुछ चटपटा और मजेदार खाने का मन करे तो भटकने की जरूरत नहीं. इधर-इधर ना जाएं और ना कंफ्यूज हों. बिहार बोर्ड ऑफिस के सामने एक ऐसी दुकान सजती है जहां 41 सालों से वही स्वाद परोसा जा रहा है. पहली ही बाइट में दिल खुश हो जाएगा. यही कारण है कि बिहार के बाहर वाले भी अगर किसी काम से पटना आते हैं तो एक बार यहां का स्वाद जरूर चखकर जाते हैं. कई मंत्री तो पैक करवाकर अपने आवास पर भी मंगवाते हैं.

जी हां, सोशल मीडिया पर फेमस इस दुकान का स्पेशल चूड़ा घुघनी, दही वड़ा और कड़क नींबू चाय का स्वाद कई पीढ़ियों ने चखा है. इस दुकान पर जो अंकल जी रहते हैं उनका नाम सोनपुर प्रसाद है. पिछले 41 सालों से इसी अंदाज में लोगों के स्वाद की बल्ले बल्ले करवा रहे हैं. यहां दूर दूर से लोग आते हैं. बोर्ड ऑफिस में जिनको काम होता है वो लोग तो आते ही हैं. उनके अलावा खेतान मार्केट, सचिवालय, हाई कोर्ट, बैंक, एग्जिबिशन रोड सहित पटना के दूर-दूर से लोग लंच टाइम में यहां पहुंच जाते हैं.

यहां मिलने वाले तीन आइटम में पहला है, नमकीन चूड़ा और घुघनी का कॉम्बिनेशन. काले चने, हरी मिर्च और प्याज से बनी घुघनी, उसमें क्रिस्पी चूड़ा और बादाम का मिक्सचर, ऊपर से चार-पांच तरह के मसाले. घुघनी में ग्रेवी से सनी हुई दो-चार मिर्च सबको मिलना तय है. घुघनी और मिक्सचर का स्वाद बेहद क्रिस्पी लगता है. ये सभी स्वाद में चार-चांद लगा देते हैं. एक बार अगर चख लिया तो यकीन मानिए उंगलियां चाटते रह जाएंगे.

Add News18 as
Preferred Source on Google

सिर्फ इतना ही नहीं, यहां के दही बड़े का तो क्या ही कहना. सफेद दही में नहाया हुआ बड़ा, उस पर इमली की खट्टी-मीठी चटनी और मसालों का तड़का लगता है. रूई से भी ज्यादा सॉफ्ट, मुंह में डालते ही घुल जाता है. मसाले में गोलकी मिर्च, काला नमक और जीरा को भूनकर घर पर ही बनाया हुआ पाउडर का छिड़काव होता है. यह सब जब प्लेट में सजकर आता है, तो पूरा मुंह पानी से भर जाता है. इसके अलावा, यहां की नींबू चाय भी थकान दूर करने में माहिर है. चूड़ा-घुघनी के साथ नींबू चाय भी लोग बेहद पसंद करते हैं.

कीमत की बात करें तो अगर आप एक पीस दहीवड़ा लेते हैं तो भरपूर दही के साथ वड़ा मिलेगा और साथ में चटनी, मसाला और नमक. इसके लिए आपको 20 रुपये देने होंगे. वड़ा की क्वांटिटी बढ़ेगी तो दाम भी प्रति पीस के हिसाब से बढ़ता जायेगा. गर्मियों में इसकी डिमांड खूब होती है. लोग धूप में थके हारे यहां पहुंचते हैं और पेड़ की छांव में ठंडी-ठंडी दही से अपने तन-बदन को ठंडा कर जाते हैं.

इसके बाद मिक्सचर चूड़ा-घुघनी भी स्वाद का राजा है. यह 35 रुपए प्रति प्लेट मिलता है. प्लेट के सबसे निचले लेयर में घुघनी फिर मिक्सर से भरपूर नमकीन चूड़ा और ऊपर से फिर से घुघनी. साथ में ग्रेवी वाली हरी मिर्च मिलना तय है. इसके बाद भी अगर ग्रेवी कम पड़ जाए तो उपर से भी मिलेगी. इसके अलावा अगर आप चाय पीते हैं तो इसकी कीमत मात्र 8 रुपए है. यह बहुत लाइट फूड है. इसको आप ब्रेकफास्ट, लंच या स्नैक्स में भी खा सकते हैं. सुबह से ही दुकान खुल जाती है और देर शाम तक चलती रहती है. लोगों का आना लगातार जारी रहता है. लंच और स्नैक्स टाइम लोगों की ज्यादा भीड़ लगती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP