Non-Veg के शौकीनों! ट्राई करें देहरादून की ये फेमस स्ट्रीट डिश, पहाड़ों में घूमने का मज़ा होगा डबल!
Last Updated:
देहरादून की पहाड़ियों में ठंड के मौसम में लोग नॉनवेज खाने के शौकीन होते हैं. यहां का सबसे फेमस व्यंजन मटन भुटवा है, जो बकरे की आंतों और मसालों से तैयार किया जाता है. कुलदीप सिंह के ठेले पर यह डिश 30 सालों से लोगों को लुभा रही है और स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों की भी पहली पसंद बनी हुई है.
देहरादून के वेंडर कुलदीप सिंह के अनुसार, पहाड़ों पर सर्दी ज्यादा होने की वजह से लोग नॉनवेज खाना ज्यादा पसंद करते हैं. यहां की सबसे ज्यादा मांग वाली डिश मटन भुटवा है, जो बकरे की आंतों (तौलिए) और अन्य आंतरिक अंगों से बना मसालेदार व्यंजन है और स्थानीय भाषा में इसे भुटवा कहा जाता है.
कुलदीप सिंह बताते हैं कि बचपन में उन्होंने इसे अपने घर में तैयार होते देखा और खाना भी पसंद किया. देहरादून आकर बसने के बाद उन्होंने इसे पकाने का सोचा और 30 साल पहले यहां अपने ठेले की शुरुआत की, जिसमें उन्होंने भुटवा समेत कई तरह के व्यंजन बनाकर परोसे.
भुटवा केवल उत्तराखंड के गढ़वाल रीजन में ही नहीं, बल्कि कुमाऊनी क्षेत्र में भी काफी पसंद किया जाने वाला व्यंजन है. इसका स्वाद खास इसलिए होता है क्योंकि इसे तैयार होने में बहुत समय लगता है और हर कोई इसे सही तरह से नहीं बना सकता.
Add News18 as
Preferred Source on Google
भुटवा तभी बनाया जा सकता है जब इसे अच्छे से साफ किया जाए और मसालों का सही ज्ञान हो. कुलदीप सिंह बताते हैं कि इसे बकरे की आंतों से तैयार किया जाता है, इसलिए जरूरी है कि इसे चूने आदि से अच्छे से धोया जाए. इसे धोने में लगभग आधा घंटा से एक घंटे का समय लगता है.
कुलदीप सिंह बताते हैं कि इसे चूने से धोने के बाद गर्म पानी में भी धोया जाता है और फिर किसी छलनी वाले बर्तन में रख लिया जाता है. इसके बाद प्रेशर कुकर को चूल्हे पर रखकर उसमें तेल डालकर गर्म किया जाता है.
कुलदीप सिंह बताते हैं कि तेल गर्म होने पर उसमें साबुत गर्म मसाला डाला जाता है. थोड़ी देर बाद सभी जरूरी मसाले जैसे लहसुन, अदरक-प्याज का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर आंच को धीमा कर दिया जाता है.
इसे लगातार चलाते रहना चाहिए क्योंकि जलने का खतरा बना रहता है. लगभग 3 मिनट पकाने के बाद, अपनी पसंद के अनुसार पानी डालकर 5 सीटी लगा दीजिए. यदि आप ग्रेवी वाला भुटवा चाहते हैं तो अधिक पानी डालें, अन्यथा ड्राई भुटवा के लिए कम पानी डालकर सीटी लगा लीजिए. तैयार होने के बाद इसमें कटा हुआ हरा धनिया और हरी मिर्च भी डाली जा सकती है.
कुलदीप सिंह बताते हैं कि पिछले 20 सालों में उन्होंने देखा है कि पुराने लोग भी इसे पसंद करते हैं. देहरादून के स्थानीय लोग और मसूरी जाते हुए यात्री अक्सर यहां रुकते हैं और पहाड़ की इस डिश का स्वाद लेना पसंद करते हैं. इसकी कीमत 100 रुपए प्रति प्लेट है.