घर पर बनाएं होटल जैसा खुशबूदार आलू मटर पुलाव, जानिए दानेदार चावल और रिच फ्लेवर पाने का सीक्रेट तरीका

Share to your loved once


Aloo Matar Pulao Recipe: कई बार ऐसा होता है कि जब हम किसी होटल, रेस्टोरेंट या शादी समारोह में खाना खाते हैं तो वहां का पुलाव बहुत ही स्वादिष्ट लगता है. खासकर आलू मटर पुलाव की खुशबू और उसका हल्का मसालेदार स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है, लेकिन जब वही पुलाव घर पर बनाने की कोशिश की जाती है तो अक्सर उसका स्वाद वैसा नहीं बन पाता जैसा बाहर मिलता है. कई लोगों को लगता है कि शायद होटल वाले इसमें कोई खास चीज डालते होंगे, इसलिए उनका पुलाव ज्यादा टेस्टी बनता है. असल में फर्क किसी महंगे मसाले का नहीं बल्कि बनाने के तरीके का होता है, अगर चावल सही तरीके से भिगोए जाएं, मसालों का सही इस्तेमाल हो और पकाने की प्रक्रिया थोड़ी बदल दी जाए तो घर पर भी बिल्कुल होटल जैसा आलू मटर पुलाव बन सकता है.

इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें चावल के दाने अलग-अलग रहते हैं और हल्की खुशबू हर निवाले में महसूस होती है, अगर आप भी चाहते हैं कि घर पर बना पुलाव देखकर और खाकर लोग पूछें कि यह किस होटल से आया है, तो आज हम आपको आलू मटर पुलाव बनाने का एक आसान तरीका बता रहे हैं. इस तरीके को अपनाकर आप बिना ज्यादा मेहनत के बेहद स्वादिष्ट पुलाव तैयार कर सकते हैं.

होटल जैसा पुलाव बनाने के लिए जरूरी चीजें
स्वादिष्ट आलू मटर पुलाव बनाने के लिए कुछ बेसिक चीजों की जरूरत पड़ती है.
-बासमती चावल – लगभग 800 ग्राम
-आलू – 5 मध्यम आकार
-हरे मटर – 300 ग्राम
-प्याज – 5 (पतले स्लाइस)
-अदरक और लहसुन
-हरी मिर्च
-टमाटर

खड़े मसाले
-छोटी इलायची
-बड़ी इलायची
-दालचीनी
-तेज पत्ता
-लौंग
-काली मिर्च
-सौंफ
-साबुत जीरा
-साबुत धनिया

इन मसालों की वजह से पुलाव में शानदार खुशबू आती है और स्वाद भी गहरा हो जाता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

पुलाव के लिए चावल कैसे तैयार करें
1. अच्छे पुलाव के लिए सही चावल चुनना बहुत जरूरी है. इसके लिए बासमती चावल सबसे बढ़िया माने जाते हैं.
2. सबसे पहले चावल को हल्के हाथ से 2-3 बार धो लें ताकि धूल और अतिरिक्त स्टार्च साफ हो जाए. इसके बाद चावल को करीब आधे घंटे तक पानी में भिगोकर रख दें.
3. भिगोने का फायदा यह होता है कि चावल के दाने अच्छे से फूल जाते हैं और पकने के बाद एक-दूसरे से चिपकते नहीं हैं. यही वजह है कि होटल या शादी के पुलाव में दाने अलग-अलग नजर आते हैं.

खास स्वाद के लिए मसालेदार स्टॉक बनाएं
-अगर आप चाहते हैं कि पुलाव में होटल जैसी खुशबू आए तो एक छोटा सा स्टेप जरूर अपनाएं.
-एक बर्तन में करीब 4 कटोरी पानी लें. उसमें नमक और सारे खड़े मसाले डाल दें. इसके साथ एक प्याज, थोड़ा अदरक, लहसुन और साबुत धनिया भी डाल दें.
-अब इस पानी को अच्छी तरह उबाल आने तक पकाएं. जब पानी में मसालों की खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें और इस पानी को छान लें. यही मसालेदार पानी पुलाव बनाने में इस्तेमाल किया जाएगा.
-यह तरीका पुलाव को अलग ही स्वाद देता है.

आलू और मटर कैसे तैयार करें
अब पुलाव के लिए आलू और मटर तैयार करें. सबसे पहले आलू को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें. छोटे टुकड़े जल्दी पकते हैं और पुलाव में अच्छे लगते हैं. इसके साथ हरे मटर तैयार रखें और प्याज को पतले स्लाइस में काट लें. अब सारी चीजें पकाने के लिए तैयार हैं.

ऐसे बनाएं स्वादिष्ट आलू मटर पुलाव
-सबसे पहले कढ़ाई या प्रेशर कुकर में घी गर्म करें.
-घी गर्म होने के बाद उसमें कटे हुए प्याज डालें और तेज आंच पर भूनें. जब प्याज सुनहरे हो जाएं तो उन्हें निकालकर अलग रख लें.
-अब उसी घी में बड़ी इलायची, छोटी इलायची, लौंग और तेज पत्ता डालें. इसके बाद कटे हुए आलू डालकर कुछ मिनट तक भूनें.
-फिर इसमें हरी मिर्च, टमाटर और हरे मटर डाल दें और हल्का सा भून लें.
-अब पहले से तैयार मसालेदार स्टॉक इसमें डालें और स्वाद के हिसाब से नमक मिलाएं. जब उबाल आने लगे तो भीगे हुए चावल डाल दें.
-अब बर्तन को ढककर करीब 5-6 मिनट तक पकाएं. जब चावल पूरी तरह पक जाएं तो ढक्कन हटा दें और ऊपर से पहले से तले हुए प्याज डाल दें. बस, आपका खुशबूदार आलू मटर पुलाव तैयार है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP