टी20 में अमेलिया केर ने रोहित शर्मा को छोड़ा पीछे, तूफानी शतक से बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
Last Updated:
Amelia Kerr t20 world record: न्यूजीलैंड ने सीनियर महिला क्रिकेटर अमेलिया केर ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया. अमेलिया केर टी20 फॉर्मेट में महिला और पुरुष दोनों को मिलाकर लगातार 11 बार 30 या उससे ज्यादा रनों की पारी खेलने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गई है. इस मामले में अब भारत के दिग्गज रोहित शर्मा भी पीछे छूट गए हैं.

अमेलिया केर ने तोड़ा रोहित शर्मा का रिकॉर्ड
नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के स्टार महिला क्रिकेटर अमेलिया केर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5वें टी20 में शतकीय पारी के साथ ही इतिहास रच दिया. अमेलिया केर ने 55 गेंद में 105 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 19 चौके और 1 छक्का भी लगाया. इसके साथ ही अमेलिया ने टी20 क्रिकेट में लगातार 11वीं बार 30 या उससे अधिक रनों की पारी खेलकर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
अमेलिया महिला और पुरुष दोनों को मिलाकर दुनिया की पहली ऐसी क्रिकेटर बनी हैं, जिन्होंने टी20 में ये अनोखा कारनामा किया है. इस मामले में उन्होंने श्रीलंका की चमारी अटापट्टू और रोमानिया की रेबेका ब्लेक का रिकॉर्ड तोड़ा है. इन दोनों ही खिलाड़ियों ने टी20 में लगातार 9-9 बार 30 प्लस स्कोर बनाने का कारनामा किया है.
रोहित शर्मा ने 7 बार बनाया है 30 प्लस स्कोर
वहीं मेंस क्रिकेट में रोहित शर्मा की बात करें तो उन्होंने टी20 क्रिकेट में लगातार 7 बार 30 या उससे अधिक रनों की पारी खेलने का कारनामा किया है. रोहित के अलावा पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान और भारत के युवा विस्फोटक ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने भी टी20 में लगातार 7 बार 30 या उससे ज्यादा रनों की पारी खेलकर सनसनी मचाई है और वह रोहित शर्मा के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं.
अमेलिया के शतक से न्यूजीलैंड ने जीता मुकाबला
वहीं मुकाबले की बात करें तो 5वें टी20 में अमेलिया की शतकीय पारी से न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 92 रन से रौंदा. मैच में न्यूजीलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के खेल में 4 विकेट के नुकसान पर 194 रन का स्कोर खड़ा किया था. अमेलिया के अलावा न्यूजीलैंड के लिए मैच में ब्रुक हॉलिडे और 26 और जॉर्जिया प्लिमर ने 27 रनों का योगदान दिया था.
न्यूजीलैंड के इस स्कोर के जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान 102 रन ही बना पाई. बल्लेबाजी में साउथ अफ्रीका की तरफ से एनेरी डेर्कसेन ने सबसे ज्यादा 23 रनों की पारी खेली. वहीं गेंदबाजी में कीवी टीम की तरफ से लीया ताहुहू ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके. इसके अलावा सोफी डिवाइन और अमेलिया केर के नाम भी 2-2 विकेट रहे. इस तरह 5वें टी20 में जीत के साथ न्यूजीलैंड ने 4-1 से सीरीज अपने नाम किया.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें