गर्मी में घर पर बनाएं मलाईदार राजस्थानी मटका कुल्फी, जानिए आसान तरीका और होटल जैसा रिच स्वाद पाने का सीक्रेट
Matka Kulfi Recipe: गर्मी का मौसम आते ही हर किसी का मन कुछ ठंडा और मीठा खाने को करता है. तेज धूप, पसीना और बढ़ता तापमान शरीर को थका देता है, ऐसे में एक ठंडी कुल्फी न सिर्फ राहत देती है बल्कि मूड भी फ्रेश कर देती है. खास बात तब हो जाती है जब बात हो राजस्थानी मटका कुल्फी की. इसका गाढ़ा स्वाद, मलाईदार टेक्सचर और मिट्टी की मटकी की खुशबू इसे और भी खास बना देती है. बाजार में मिलने वाली कुल्फी में कई बार मिलावट का डर रहता है, लेकिन अगर यही कुल्फी घर पर बने तो स्वाद भी शुद्ध और भरोसा भी पूरा. राजस्थानी स्टाइल की मटका कुल्फी की खासियत इसका देसी अंदाज है. इसमें दूध को धीमी आंच पर पकाकर गाढ़ा किया जाता है, फिर उसमें मावा और मेवे मिलाकर एक रिच फ्लेवर तैयार किया जाता है. मटकी में जमाने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बनाना बिल्कुल मुश्किल नहीं है. थोड़ी सी तैयारी और सही तरीका अपनाकर आप भी होटल जैसी कुल्फी घर पर बना सकते हैं.
राजस्थानी मटका कुल्फी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस रेसिपी के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी
-1 किलो फुल क्रीम दूध
-250 ग्राम मावा
-1 बड़ा चम्मच कटे बादाम
-1 बड़ा चम्मच कटे काजू
-1 बड़ा चम्मच किशमिश
-आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
-4 छोटे चम्मच कस्टर्ड पाउडर
-आधा कप शक्कर
ये सभी चीजें मिलकर कुल्फी को गाढ़ा, मीठा और फ्लेवरफुल बनाती हैं.
कुल्फी बनाने का आसान तरीका
1. दूध को गाढ़ा करना
सबसे पहले एक भारी तले वाले बर्तन में दूध डालें और उसमें शक्कर मिलाकर मध्यम आंच पर उबालें. जब दूध गर्म हो जाए तो उसमें कटे हुए मेवे डाल दें. इसे लगभग 15 मिनट तक पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें ताकि दूध नीचे न लगे.
2. कस्टर्ड का घोल तैयार करें
अब उबलते दूध में से थोड़ा दूध निकालकर एक कटोरी में रखें और उसमें कस्टर्ड पाउडर डालकर अच्छे से मिला लें. ध्यान रखें कि इसमें गुठलियां न रहें.
3. मावा मिलाएं
अब मुख्य बर्तन में मावा डालें और लगातार चलाते हुए पकाएं. इससे मिश्रण और ज्यादा गाढ़ा और रिच हो जाएगा.
4. कस्टर्ड मिलाकर पकाएं
अब धीरे-धीरे कस्टर्ड का घोल डालें और लगातार चलाते रहें. इसे कुछ मिनट तक पकाएं जब तक मिश्रण हल्का गाढ़ा न हो जाए.
5. ठंडा और स्मूद करें
गैस बंद करके मिश्रण को ठंडा होने दें. फिर इसे मिक्सर में एक बार चला लें ताकि टेक्सचर स्मूद हो जाए.
6. मटकी में जमाएं
अब इस मिश्रण को छोटी-छोटी मटकियों में भरें और फ्रिज में 4–5 घंटे के लिए रख दें.
कुल्फी को और टेस्टी बनाने के टिप्स
-अगर आप ज्यादा रिच स्वाद चाहते हैं तो थोड़ा कंडेंस्ड मिल्क भी डाल सकते हैं
-केसर मिलाने से कुल्फी का फ्लेवर और बढ़ जाएगा
-मटकी न हो तो स्टील या प्लास्टिक मोल्ड का इस्तेमाल कर सकते हैं
-जमने के बाद ऊपर से पिस्ता डालकर सर्व करें
क्यों खास है मटका कुल्फी?
मटका कुल्फी सिर्फ एक मिठाई नहीं बल्कि देसी स्वाद का अनुभव है. मटकी में जमाने से इसमें हल्की मिट्टी की खुशबू आती है जो इसे अलग बनाती है. इसके अलावा यह पूरी तरह घर पर बनी होती है, इसलिए इसमें किसी तरह की मिलावट नहीं होती.