आईपीएल के लिए श्रेयस अय्यर की पंजाब किंग्स का मास्टर प्लान रेडी, कोच पोंटिंग ने भरा टीम में जोश
Last Updated:
Punjab Kings: पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने आईपीएल 2026 से पहले खिलाड़ियों को शारीरिक, तकनीकी और मानसिक रूप से तैयार करने की बात कही है. आईपीएल 2025 की रनरअप टीम 28 मार्च से शुरू हो रहे नए आईपीएल सीजन में अपने अभियान की शुरुआत गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच से करेगी.

आईपीएल 2026 जीतने के लिए पंजाब किंग्स है तैयार.
नई दिल्ली. मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों को शारीरिक, तकनीकी और मानसिक रूप से तैयार रहने के साथ-साथ पिछले साल के शानदार प्रदर्शन से आत्मविश्वास लेने की सलाह दी है. पंजाब किंग्स पिछले साल दस साल बाद आईपीएल फाइनल में पहुंची थी, लेकिन फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार गई थी, जिससे टीम का आईपीएल चैंपियन बनने का सपना अधूरा रह गया. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम ने जिस शानदार खेल दिखाया था, उसी को जारी रखते हुए पंजाब किंग्स इस साल आईपीएल की सबसे मजबूत टीमों में से एक बन सकती है.
फ्रेंचाइजी की ओर से जारी बयान में पोंटिंग ने कहा, ‘यह ट्रेनिंग है, यह तैयारी है. यह 31 तारीख को होने वाले पहले मैच के लिए खुद को शारीरिक, तकनीकी और मानसिक रूप से तैयार करने की बात है.’ पंजाब किंग्स 31 मार्च को मुल्लांपुर में अपने पहले मैच में गुजरात टाइटन्स से भिड़ेगी. पोंटिंग ने कहा, ‘मैं चाहता हूं कि आप पीछे देखें और सोचें कि आपने पिछले साल टीम में क्या योगदान दिया और वही हमें एक अच्छी टीम बनाता है.’
आईपीएल 2026 जीतने के लिए पंजाब किंग्स है तैयार.
ऑस्ट्रेलियाई कोच ने अपने खिलाड़ियों से कहा कि टीम की योजना पर टिके रहना जरूरी है, और अगर असफलता भी मिले तो निराश होने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा, ‘हम सब गलतियां करते हैं, यह ठीक है. इस दौरान मुझसे भी गलतियां होंगी, आप सब भी गलतियां करेंगे, कैच छोड़ेंगे, खराब शॉट खेलेंगे, खराब ओवर फेंकेंगे.’ पोंटिंग ने कहा, ‘लेकिन जब तक आप अपनी रणनीति पर कायम हैं, अगर आप कोई गलती करते हैं, तो मेरी नजर में वह गलती नहीं है. खेल में ऐसा होता रहता है, यह खेल का हिस्सा है.’
शानदार रहा था 2025
फाइनल छोड़ दें तो पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल 2025 शानदार रहा था. टीम ने पिछले सीजन के लीग स्टेज में अपनी दमदार बल्लेबाजी के दम पर 19 पॉइंट्स हासिल किए थे. बल्लेबाजों ने मैदान पर रनों का अंबार लगा दिया था. कप्तान श्रेयस अय्यर ने 17 पारियों में 50.33 की औसत से 604 रन बनाए. वे टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे. प्रभसिमरन सिंह ने 17 पारियों में 549 रन कूटकर ओपनिंग में जान फूंकी. दूसरे ओपनर प्रियांश आर्या ने भी 475 रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी से सबको प्रभावित किया. मिडिल ऑर्डर में नेहल वढेरा (369 रन) और शशांक सिंह (289 रन) ने टीम को मजबूती दी. वहीं, गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने कमाल किया और 17 मैचों में 21 विकेट चटकाए. पंजाब किंग्स को इस बार भी खिलाड़ियों से ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें