Easy breakfast recipes | indian healthy breakfast idea | सूजी से बनने वाली रेसिपी | नाश्ते के लिए आइडिया |

Share to your loved once


Last Updated:

Easy Suji Snacks Recipe: सुबह का नाश्ता हो या शाम की छोटी भूख, सूजी हमेशा ही एक बेहतरीन विकल्प साबित होती है. इसलिए आप बाहर का जंक फूड खाने के बजाय घर पर ही सूजी से वड़ा, डोसा और बॉल्स जैसी कई वैरायटी तैयार कर सकते हैं. हम आपको कुछ ऐसी ही सरल और बेहतरीन डिश बताएंगे, ये रेसिपीज न केवल बनाने में आसान हैं, बल्कि इनमें तेल का इस्तेमाल भी कम होता है. अगर आपके पास उबले हुए आलू और सूजी रखी है, तो आप मिनटों में रेस्टोरेंट जैसा स्वाद घर पर ला सकते हैं. आइए जानते हैं सूजी से बनने वाली इन 5 शानदार डिशेज को बनाने का सबसे सरल तरीका.

कुरकुरा और स्वादिष्ट सूजी वड़ा (Suji Vada): सूजी का वड़ा बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में एक चम्मच तेल गरम करें. इसमें थोड़ा सा जीरा और कुटी हुई लाल मिर्च डालें. अब एक गिलास पानी और स्वादानुसार नमक डालकर उबाल आने दें. इसमें धीरे-धीरे सूजी डालकर एक गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें. इसके बाद दो मीडियम साइज के उबले हुए आलू लें और उन्हें अच्छी तरह मैश कर लें. इस आलू को सूजी के गाढ़े पेस्ट में मिलाएं. अब हाथों में हल्का सा तेल लगाकर इसे वड़े का शेप दें और घी या रिफाइंड तेल में सुनहरा होने तक डीप फ्राई कर लें. आपका गरमा-गरम वड़ा तैयार है, जिसे आप पुदीने की चटनी या केचप के साथ मजे से खा सकते हैं.

स्टफ्ड सूजी डोनट (Suji Donut): इसे बनाने के लिए एक कप सूजी, दही और आवश्यकतानुसार पानी मिलाकर एक स्मूथ घोल तैयार कर लें. इसमें स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा इनो (Eno) भी डालें ताकि डोनट सॉफ्ट बनें. अब आलू का चोखा बनाने के लिए कड़ाही में थोड़ा तेल लेकर जीरा, राई दाना और कड़ी पत्ता का तड़का लगाएं. इसमें दो उबले आलू मैश करके डालें और नमक व कुटी लाल मिर्च मिलाकर बेहतरीन चोखा तैयार करें. इसके बाद छोटी कटोरियों में हल्का तेल लगाकर एक चम्मच सूजी का घोल डालें, फिर ऊपर से आलू के चोखे की टिक्की रखें और फिर से सूजी का घोल ऊपर से डाल दें. इसे धीमी आंच पर 4 से 5 मिनट तक स्टीम करें. आप देखेंगे कि आपके सुंदर और फूले-फूले डोनट बनकर तैयार हैं.

झटपट सूजी डोसा (Suji Dosa): सूजी का डोसा बनाना बहुत आसान है. इसके लिए एक कप सूजी, दही और थोड़ा सा इनो लेकर मिक्सर में अच्छे से पीस लें और स्वादानुसार नमक भी डाल दें. डोसे का आलू मसाला तैयार करने के लिए कड़ाही में एक चम्मच तेल गरम करें और उसमें जीरा, राई दाना, लहसुन-अदरक का पेस्ट, कड़ी पत्ता और एक कटा हुआ प्याज भून लें. इसके बाद इसमें कद्दूकस किए हुए उबले आलू, नमक, मिर्च और गरम मसाला डालकर चोखा तैयार कर लें. अब तवे पर पहले से तैयार सूजी का पेस्ट फैलाकर कुरकुरा डोसा बनाएं और उसके बीच में आलू रखकर रोल कर लें.

Add News18 as
Preferred Source on Google

वेजीटेबल सूजी अप्पे (Suji Appe): अप्पे बनाने के लिए सूजी और दही का एक गाढ़ा घोल तैयार करें. इसमें थोड़ा सा इनो और नमक मिलाएं. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें बारीक कटी शिमला मिर्च, गाजर और प्याज डाल दें. अब एक अलग तड़का पैन में राई दाना और कड़ी पत्ता का तड़का तैयार करें और इसे सूजी के घोल में मिला दें. अब अप्पे मेकर को हल्का तेल लगाकर चिकना करें और चम्मच की मदद से सभी खानों में थोड़ा-थोड़ा मिश्रण डाल दें. इसे ढककर थोड़ी देर के लिए छोड़ दें. जब एक तरफ से हल्का सिक जाए, तो इसे धीरे से पलट दें और दूसरी तरफ से भी कुरकुरा होने तक पकाएं.

मसालेदार सूजी बॉल्स (Suji Balls): सबसे पहले कड़ाही में एक चम्मच तेल गरम करके राई दाना, जीरा और कुटी हुई लाल मिर्च का तड़का लगाएं. इसमें दो गिलास पानी और स्वादानुसार नमक डालकर उबालें. अब इसमें आवश्यकतानुसार सूजी मिलाएं और तब तक चलाएं जब तक वह गाढ़ा डो न बन जाए. इसे ठंडा होने दें और फिर हाथों से छोटी-छोटी गोल बॉल्स बनाकर स्टीम कर लें. जब बॉल्स अच्छे से स्टीम हो जाएं, तो कड़ाही में देसी घी या मक्खन गरम करें. इसमें जीरा, लाल मिर्च और कड़ी पत्ता का तड़का लगाकर बॉल्स को अच्छे से टॉस करें. यह डिश इतनी स्वादिष्ट लगती है कि एक बार बनाने के बाद आप इसे बार-बार खाना चाहेंगे. एक्सपर्ट की प्रो-टिप, गृहणी मीनाक्षी जोशी बताती हैं कि जब भी आप सूजी का कोई भी घोल बनाएं, तो उसे इस्तेमाल करने से पहले कम से कम 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे सूजी पानी सोखकर अच्छे से फूल जाती है, जिससे आपकी डिशेज (खासकर डोसा और इडली) ज्यादा सॉफ्ट और जालीदार बनती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP