नवरात्रि में कुछ मीठा और खास चाहिए? मखाना खीर की ये रेसिपी दिल और सेहत दोनों जीत लेगी
Makhana Kheer Recipe: नवरात्रि का माहौल हो और घर में मीठा न बने, ऐसा हो ही नहीं सकता. इन दिनों लोग व्रत रखते हैं और खाने में कुछ हल्का, शुद्ध और पेट के लिए आसान चीजें ढूंढते हैं. ऐसे में मखाना की खीर एकदम परफेक्ट ऑप्शन बनकर सामने आती है. खास बात ये है कि इसमें चावल की जरूरत नहीं पड़ती, फिर भी इसका स्वाद उतना ही रिच और मलाईदार होता है. अगर आप रोज-रोज साबूदाना या आलू से बनी चीजें खाकर बोर हो चुके हैं, तो मखाने की खीर एक शानदार बदलाव दे सकती है. मखाना वैसे भी व्रत में खूब खाया जाता है, क्योंकि ये हल्का होता है और जल्दी पच जाता है. ऊपर से दूध, ड्राय फ्रूट्स और इलायची का फ्लेवर इसे और भी टेस्टी बना देता है.
अच्छी बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा टाइम नहीं लगता और घर की किचन में मौजूद सामान से ही ये आसानी से तैयार हो जाती है. इस आर्टिकल में हम आपको मखाना खीर बनाने का सबसे आसान तरीका, कुछ जरूरी टिप्स और इसके फायदे भी बताएंगे, ताकि आपकी खीर हर बार परफेक्ट बने.
क्यों खास है मखाना खीर?
मखाना खीर सिर्फ स्वाद में ही नहीं, सेहत के मामले में भी जबरदस्त है. इसमें कैल्शियम, प्रोटीन और फाइबर अच्छी मात्रा में मिलता है. ये पेट को हल्का रखती है और ज्यादा भारी भी नहीं लगती. व्रत के दौरान शरीर को एनर्जी देने के लिए ये एक बढ़िया डिश है.
मखाना खीर बनाने के लिए क्या चाहिए
-2 कप मखाना
-1 लीटर फुल क्रीम दूध
-चीनी स्वाद के हिसाब से
-2-3 बड़े चम्मच देसी घी
-आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
-कटे हुए बादाम, काजू, पिस्ता और किशमिश
घर पर ऐसे बनाएं टेस्टी मखाना खीर
-सबसे पहले गैस पर कड़ाही रखें और उसमें थोड़ा सा देसी घी डालकर गर्म करें. जब घी गर्म हो जाए तो उसमें मखाने डालकर हल्का ब्राउन होने तक भून लें. ध्यान रखें कि मखाने जलें नहीं, इसलिए उन्हें लगातार चलाते रहें.
-भूनने के बाद मखानों को प्लेट में निकालकर ठंडा कर लें. अगर आप खीर को ज्यादा क्रीमी बनाना चाहते हैं, तो आधे मखानों को हल्का दरदरा पीस लें.
-अब एक गहरे पैन में दूध डालकर उबाल लें. जब दूध उबलने लगे तो आंच धीमी कर दें और उसमें भुने हुए मखाने डाल दें. इसे 10-15 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें और बीच-बीच में चलाते रहें ताकि दूध नीचे न लगे.
-जब मखाने नरम हो जाएं और दूध थोड़ा गाढ़ा दिखने लगे, तब उसमें चीनी और इलायची पाउडर डालें. इसे 2-3 मिनट और पकाएं ताकि सब कुछ अच्छे से मिक्स हो जाए.
-अब इसमें ड्राय फ्रूट्स डालें और अच्छी तरह मिलाएं. आपकी मखाना खीर तैयार है. इसे आप गर्म भी खा सकते हैं और ठंडी भी सर्व कर सकते हैं.
परफेक्ट खीर बनाने के आसान टिप्स
-मखानों को अच्छे से भूनना जरूरी है, तभी उनका स्वाद अच्छा आएगा
-दूध को धीमी आंच पर पकाएं, इससे खीर ज्यादा क्रीमी बनेगी
-दरदरे मखाने डालने से खीर की टेक्सचर बेहतर होती है
-ज्यादा मीठा पसंद है तो चीनी थोड़ा बढ़ा सकते हैं
मखाना खीर खाने के फायदे
मखाना खीर शरीर को तुरंत एनर्जी देती है. ये पाचन को ठीक रखने में मदद करती है और नींद भी बेहतर करती है. अगर आप वजन कंट्रोल करना चाहते हैं, तो ये मीठा होने के बाद भी एक अच्छा ऑप्शन है.