खतरनाक चाइनीज मांझे का शिकार हुई लखनऊ की 6 साल की अबीहा फातिमा, गर्दन पर लगे 10 टांके
Last Updated:
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में एक बार फिर चाइनीज मांझे का खौफ देखने को मिला. पिता के साथ बाइक पर जा रही 6 साल की अबीहा फातिमा चाइनीज मांझे की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई. अबीहा के गर्दन पर 10 टांके लगे हैं. पिता ने मांग कि है कि इस खतरनाक मांझे पर तत्काल रोक लगनी चाहिए.

लखनऊ खतरनाक मांझे का शिकार हुई 6 साल की मासूम
लखनऊ. राजधानी लखनऊ में खतरनाक चाइनीज मांझे का इस बार शिकार एक 6 साल की मासूम बच्ची हुई है. कैसरबाग इलाके में रहने वाली 6 वर्षीय अबीहा फातिमा पिता की बाइक पर आगे बैठकर जा रही थी, तभी चार बत्ती चौराहे के पास चाइनीज मांझा उसकी गर्दन और हाथ में उलझ गया. अबीहा के पिता खलील अहमद ने बताया कि अचानक मांझा आकर बच्ची पर लिपट गया. जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी, तब तक अबीहा की गर्दन और हाथ पर गहरे घाव हो चुके थे. खून बहने लगा और मासूम दर्द से कराह उठी.
परिजनों ने तुरंत अबीहा को बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर 10 टांके लगाए. बच्ची की हालत अब स्थिर बताई जा रही है, लेकिन परिवार सदमे में है. खलील अहमद ने कहा कि ऐसी घटनाएं अब आम हो गई हैं, लेकिन प्रशासन को चाइनीज मांझे पर सख्ती से रोक लगानी चाहिए, क्योंकि यह बच्चों और राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है.
बैन के बावजूद बाजार में कैसे बिक रहा
बता दें कि पिछले कई दिनों से लगता खतरनाक मांझे की चपेट में लोग आ रहे हैं. चाइनीज मांझा बैन होने के बावजूद बाजार में उपलब्ध है और पतंगबाजों द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे पहले भी कई लोगों की गर्दन, चेहरा और हाथ कट चुके हैं, कुछ मामलों में मौत भी हुई है. पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे से मौत को हत्या के समान बताया था. साथ ही पुलिस को निर्देश दिए थे कि इस खतरनाक मांझे के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जाए, बावजूद इसके इस पर लगाम नहीं लग सकी है.
About the Author
अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें