दुनिया के वो 5 शानदार फील्डर…जिन्होंने एक सीरीज में लपके सबसे ज्यादा कैच, 106 साल से नहीं टूटा ग्रेगरी का महारिकॉर्ड
Last Updated:
Most catches in a series in Test: मैदान पर चीते जैसी फुर्ती और बाज जैसी नजर. क्रिकेट में अक्सर बल्लेबाज और गेंदबाज सुर्खियां बटोरते हैं, लेकिन इन 5 जांबाज फील्डर्स ने ‘कैच’ के दम पर इतिहास बदल दिया. जैक ग्रेगरी के सदी पुराने रिकॉर्ड से लेकर स्टीव स्मिथ के करिश्मे तक, और इस लिस्ट में शामिल इकलौते भारतीय ‘सुपरमैन’ केएल राहुल की दास्तां. उन 5 दिग्गजों के बारे में जानिए, जिन्होंने एक टेस्ट सीरीज में सबसे कैच लपककर दुनिया को हैरान कर दिया.

एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा कैच लपकने के मामले में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की संख्या ज्यादा है.
नई दिल्ली. क्रिकेट के खेल में अक्सर सारा ध्यान शतक जड़ने वाले बल्लेबाज या पंजा खोलने वाले गेंदबाज पर होता है. लेकिन एक पुरानी कहावत है कैच पकड़ो मैच जीतो. मैदान पर उड़ते हुए कैच लपकना और नामुमकिन को मुमकिन बनाना ही एक औसत खिलाड़ी को ‘मैच विनर’ बनाता है. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में कुछ ऐसे फिल्डर्स हुए हैं जिन्होंने स्लिप या गली में खड़े होकर ऐसी दीवार खड़ी की जिसे भेदना बल्लेबाजों के लिए नामुमकिन हो गया. आज हम बात कर रहे हैं दुनिया के उन 5 जांबाज फील्डरों की, जिन्होंने एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा कैच लपकने का विश्व रिकॉर्ड बनाया. खास बात यह है कि इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा है, लेकिन एक भारतीय ‘सुपरमैन’ भी इसमें अपनी जगह बनाने में कामयाब रहा है.
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज जैक ग्रेगरी (Jack Gregory) इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं. उन्होंने यह कारनामा आज से करीब एक सदी पहले 1920/21 की एशेज सीरीज में किया था. इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में ग्रेगरी ने 5 मैचों की 10 पारियों में कुल 15 कैच लपके थे. उनका औसत प्रति पारी 1.5 कैच का था और एक पारी में उन्होंने अधिकतम 3 कैच लपकने का कमाल किया था.100 साल से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी एक सीरीज में सबसे ज्यादा कैच का यह रिकॉर्ड आज भी अटूट खड़ा है.
एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा कैच लपकने के मामले में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की संख्या ज्यादा है.
स्मिथ ने 4 मैचों की 8 पारियों में 14 कैच लपककर सबको हैरान कर दिया
मॉडर्न क्रिकेट के महानतम बल्लेबाजों में शुमार स्टीव स्मिथ फील्डिंग में भी उतने ही घातक हैं. 2025/26 की हालिया एशेज सीरीज में स्मिथ ने फील्डिंग का एक नया स्तर पेश किया. उन्होंने महज 4 मैचों की 8 पारियों में 14 कैच लपककर सबको हैरान कर दिया. उनका औसत 1.75 कैच प्रति पारी रहा, जो ग्रेगरी से भी बेहतर था. एक पारी में उन्होंने अधिकतम 3 कैच लपके और साबित किया कि स्लिप में उनसे सुरक्षित हाथ किसी और के नहीं हैं.
केएल राहुल ने 14 कैच लपके
भारत के स्टाइलिश बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) का इस सूची में होना हर भारतीय प्रशंसक के लिए गर्व की बात है. 2018 की पटौदी ट्रॉफी (भारत का इंग्लैंड दौरा) के दौरान राहुल ने स्लिप में अपनी फुर्ती का लोहा मनवाया. उन्होंने 5 मैचों की 9 पारियों में 14 कैच लपके. राहुल ने एक पारी में अधिकतम 4 कैच लपकने का शानदार कारनामा भी किया, जो इस लिस्ट में शामिल खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा है. उनका औसत प्रति पारी 1.555 रहा। वह एक सीरीज में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले भारतीय फील्डर हैं.
ग्रेग चैपल का नाम फील्डिंग के दिग्गजों में शामिल है
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ग्रेग चैपल का नाम फील्डिंग के दिग्गजों में हमेशा शामिल रहता है. 1974/75 की एशेज सीरीज में उन्होंने अपनी स्लिप फील्डिंग से अंग्रेजों के पसीने छुड़ा दिए थे. चैपल ने 6 मैचों की 11 पारियों में कुल 14 कैच अपने नाम किए. उनका औसत प्रति पारी 1.272 रहा और एक पारी में उन्होंने अधिकतम 4 कैच लपकने का रिकॉर्ड बनाया था. चैपल की मौजूदगी मैदान पर गेंदबाजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं थी.
ब्रायन लारा के हाथ चुंबकीय थे!
विंडीज के ‘प्रिंस’ कहे जाने वाले ब्रायन लारा न केवल बल्ले से जादूगर थे, बल्कि उनके हाथ भी चुंबकीय थे. उन्होंने 1990 के दशक में एक सीरीज के दौरान महज 4 मैचों की 7 पारियों में 13 कैच लपके थे. लारा का प्रति पारी औसत 1.857 था, जो इस पूरी लिस्ट में सबसे शानदार है. उन्होंने एक पारी में अधिकतम 4 कैच लपककर अपनी फील्डिंग स्किल्स का परिचय दिया था.
केएल राहुल का वो ऐतिहासिक दौरा
2018 का इंग्लैंड दौरा भारतीय टीम के लिए मुश्किलों भरा था, लेकिन केएल राहुल ने स्लिप में जो मुस्तैदी दिखाई, उसने सबको प्रभावित किया. अक्सर भारतीय फील्डर्स को स्लिप में संघर्ष करते देखा गया है, लेकिन राहुल ने जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड जैसे गेंदबाजों की गेंदों पर लगे बाहरी किनारों को बड़ी खूबसूरती से लपका. एक पारी में 4 कैच लेना यह बताता है कि उनकी एकाग्रता उस सीरीज में किस स्तर पर थी.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें