नवरात्रि व्रत में दूध और चावल से बनाएं दूद फरा, नोट करें छत्तीसगढ़िया स्पेशल रेसिपी
Last Updated:
Dood Fara Recipe: सबसे पहले चावल के आटे को गुनगुने पानी से गूंथ लें और मुलायम आटा तैयार करें. इसके बाद छोटे-छोटे फरे बनाएं. एक पैन में दूध को उबाल लें और उसमें इलायची पाउडर डालें. उबाल आने पर इसमें फरे डालकर धीमी आंच पर पकाएं.
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ की पारंपरिक रसोई में कई ऐसे व्यंजन हैं, जो व्रत के दौरान स्वाद और सेहत दोनों का ख्याल रखते हैं. इन्हीं में से एक है दूद फरा, जो नवरात्रि के समय व्रती लोगों के लिए हल्का, सात्विक और ऊर्जा देने वाला खास पकवान है. दूध और चावल के आटे से बनने वाली यह डिश स्वाद में मीठी और पौष्टिक होती है, जिसे माता को भोग लगाकर प्रसाद के रूप में भी ग्रहण किया जाता है. दूद फरा में दूध के साथ चावल के आटे के नरम फरे पकाए जाते हैं. इसमें काजू, बादाम, किशमिश और छुहारा डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. वहीं गुड़ और इलायची इसे पारंपरिक मिठास देते हैं. नवरात्रि के व्रत में यह डिश हल्की और पचने में आसान मानी जाती है. पूजा के बाद इसे माता दुर्गा को अर्पित कर प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है, जिससे दिनभर की थकान भी दूर होती है.
सेहत और स्वाद का संगम
दूध और चावल का आटा शरीर को ऊर्जा देता है जबकि मेवे प्रोटीन और जरूरी पोषक तत्वों की पूर्ति करते हैं. यह डिश लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी मददगार है.
परंपरा का खास स्वाद
नवरात्रि के दौरान यह छत्तीसगढ़िया रेसिपी घरों में पारंपरिक मिठास और भक्ति का माहौल बना देती है. इसे बनाना आसान है और हर उम्र के लोग इसे पसंद करते हैं.
दूद फरा बनाने की रेसिपी
सबसे पहले चावल के आटे को गुनगुने पानी से गूंथकर मुलायम आटा तैयार करें. फिर छोटे-छोटे फरे बनाएं. एक पैन में दूध उबालें और उसमें इलायची पाउडर डालें. उबाल आने पर फरे डालकर धीमी आंच पर पकाएं. जब फरे फूलकर ऊपर आने लगें, तब काजू, बादाम, किशमिश और छुहारा डालें. अंत में स्वादानुसार गुड़ मिलाकर कुछ देर और पकाएं. इस तरह तैयार है स्वादिष्ट दूद फरा, जिसे नवरात्रि व्रत में प्रसाद के रूप में परोसा जा सकता है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.