1985 की वो एक्शन फिल्म, फ्लॉप होने की मांगी गई मन्नत, मगर निकली ब्लॉकबस्टर, हिला डाला बॉक्स ऑफिस
Last Updated:
Amitabh Bachchan Blockbuster Film : बॉलीवुड में गुटबाजी का चलन बहुत पुराना है. 80 के दशक में बॉलीवुड में अमिताभ बच्चन की तूती बोलती थी. मनमोहन देसाई और प्रकाश मेहरा जैसे बड़े डायरेक्टर-प्रोड्यूसर के साथ उनकी एक के बाद एक सुपहिट फिल्में आ रही थीं. अमिताभ का झुकाव राजनीति की ओर हुआ तो विरोध और ज्यादा बढ़ गया. इसी दौर में उन्होंने एक ऐसी फिल्म में काम करना शुरू किया, जिसके फ्लॉप होने की कामना बॉलीवुड का एक खेमा कर रहा था. ज्यादातर फिल्मी पंडितों ने इस फिल्म को बकवास कहा. यह भी कहा कि फिल्म डिजास्टर साबित होगी मगर हुआ इसके ठीक उलट. मूवी ब्लॉकबस्टर साबित हुई.
1980 के दशक में अमिताभ बच्चन का स्टारडम पीक पर था. मनमोहन देसाई और प्रकाश मेहरा जैसे इंडस्ट्री के बड़े दिग्गज डायरेक्टर-प्रोड्यूसर के साथ वो लगातार काम कर रहे थे. 1982 में उनकी नमक हलाल, बेमिसाल, सत्ते पे सत्ता, शक्ति और खुद्दार जैसी फिल्में आईं. फिर आया साल 1983. इसी साल 8 अक्टूबर को अमिताभ बच्चन की एक ऐसी फिल्म का मुहुर्त हुआ जिसके फ्लॉप होने की कामना बॉलीवुड का एक खेमा करने लगा. फिल्म को लेकर तरह-तरह की बातें कही जाने लगी. कहा गया कि फिल्म डिजास्टर साबित होगी. यह भी कहा गया कि मनमोहन देसाई अपने हर फॉर्मूले का इस्तेमाल कर चुके हैं. अब उनके तरकश में कोई नया तीर नहीं बचा है. भाग्य का खेल देखिए कि यही फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई. यह फिल्म ‘मर्द’ थी जो कि 8 नवंबर 1985 में रिलीज हुई थी. आइये जानते हैं इस फिल्म से जुड़े कुछ दिलचस्प फैक्ट्स……
मनमोहन देसाई भी कच्चे खिलाड़ी नहीं थे. उन्होंने ऐसी मसाला फिल्म बनाई, जिसने इतिहास रच दिया. मर्द अमिताभ बच्चन की एक्शन-ड्रामा रोमांस फिल्म थी जिसे दीपावली के दिन रिलीज किया गया था. अमृता सिंह, दारा सिंह, निरुपा रॉय, प्रेम चोपड़ा, बॉब क्रिस्टो, सत्येन कप्पू जैसे सितारे नजर आए थे. डायरेक्टर-प्रोड्यूसर मनमोहन देसाई ने अपने राइटरों की टीम लगाई. प्रयागराज और पुष्पराज शर्मा ने फिल्म की स्टोरी लिखी. बाद में स्क्रीनप्ले केके शुक्ला ने पूरा किया. डायलॉग इंदर राज आनंद से लिखवाए. म्यूजिक अनु मलिक ने कंपोज किया था.
वैसे तो मनमोहन देसाई मल्टी स्टारर मसाला फिल्में बनाते थे लेकिन यह पहला मौका था जब उन्होंने अमिताभ के साथ सोलो फिल्म बनाई. मनमोहन देसाई की फिल्मों के डायलॉग कादर खान लिखा करते थे लेकिन यह पहला मौका था जब कादर इस फिल्म का हिस्सा नहीं थे. फिल्म अमेरिकन कॉमिक कैरेक्टर फैंटम पर बेस्ड थी. घोड़ा-डॉग इस फिल्म में एकसाथ थे. मर्द फिल्म की शूटिंग बैंगलुरु, मैसूर, ऊटी में हुई थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
फिल्म में अमिताभ बच्चन और प्रेम चोपड़ा के बीच शीशे का एक मजेदार सीन था. यह सीन दिलीप कुमार की 1960 की फिल्म कोहिनूर से कॉपी किया गया था. कोहिनूर में यह सीन दिलीप कुमार और जीवन के बीच हुआ था. ओरिजनल सीन 1933 की अमेरिकन फिल्म डक सूप में नजर आया था.
मर्द फिल्म के एक गाने ‘हम तो तंबू में बंबू लगाए बैठे’ को अश्लील माना गया. इस गाने को फिल्म से निकालने की गुजारिश कई डिस्ट्रीब्यूटर्स ने मनमोहन देसाई से की थी लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया. मनमोहन देसाई का कहना था कि यह एक फॉक सॉन्ग है. मर्द फिल्म की शूटिंग दो साल में पूरी हुई थी. दरअसल अमिताभ बच्चन को उन्हीं दिनों मायस्थेनिया ग्रेविस बीमारी हो गई थी. इसके चलते फिल्म की शूटिंग में विलंब हुआ.
फिल्म का प्रीमियर 6 नवंबर 1985 को हुआ था. इसी दिन पूरी इंडस्ट्री के लिए एक खबर आई. खबर आई कि संजीव कुमार का निधन हो गया है. वही संजीव कुमार जो एक्टिंग के स्कूल कहलाते थे. संजीव कुमार और अमिताभ बच्चन ने शोले, सिलसिला, त्रिशूल, काला पत्थर, खुद्दार, ईमान-धरम, आलाप जैसी फिल्मों में एकसाथ नजर आए थे. मनमोहन देसाई ने प्रीमियर रोक दिया. वो अमिताभ बच्चन के साथ संजीव कुमार के आखिरी दर्शन के लिए गए थे. बाद में स्क्रीनिंग कंप्लीट की गई.
इस फिल्म ने संगीतकार अनु मलिक की किस्मत भी खोल दी. दरअसल, मनमोहन देसाई और लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल के बीच मीटिंग तय हुई थी. जब वो ऑफिस पहुंचे तो लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने मीटिंग कैंसिल कर दी और किसी और दिन सिटिंग की बात कही. इससे मनमोहन देसाई ने खुद को अपमानित महसूस किया. उन्होंने अनु मलिक को साइन कर लिया.
फिल्म में ब्राउनी डॉग आकर्षण का केंद्र था. फिल्म को ब्लॉकबस्टर बनाने के लिए मनमोहन देसाई ने एक-एक करके कई मसाला एड किए थे. ब्राउनी डॉग के मालिक को 50 हजार रुपये दिए गए थे. निरूपा रॉय ने ही फिल्म में अमिताभ बच्चन की मां का रोल निभाया था. इससे पहले उन्होंने अमर अकबर एंथोनी, सुहाग, गंगा जमुना सरस्वती और दीवार में भी मां का किरदार निभाया था. फिल्म में अमृता सिंह ने शानदार एक्टिंग की. 2.8 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 16 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी.