10 मिनट में तैयार होगा होटल जैसा लेमन राइस, सादा चावल भूल जाएंगे आप, जब चखेंगे ये खट्टा-चटपटा साउथ इंडियन लेमन राइस

Share to your loved once


Lemon Rice Recipe: आप रोज वही सादा चावल खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया, हल्का और चटपटा ट्राई करना चाहते हैं, तो लेमन राइस आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन है. साउथ इंडिया की ये पॉपुलर डिश ना सिर्फ जल्दी बनती है, बल्कि इसका स्वाद भी ऐसा होता है कि एक बार खाने के बाद आप इसे बार-बार बनाना चाहेंगे. इसमें नींबू की हल्की खटास, मसालों का तड़का और करी पत्तों की खुशबू मिलकर ऐसा कमाल करती है कि साधारण चावल भी खास बन जाते हैं. सबसे अच्छी बात ये है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती, अगर आपके पास बचा हुआ चावल है, तो आप कुछ ही मिनटों में इसे टेस्टी लेमन राइस में बदल सकते हैं.

ऑफिस लंच, बच्चों के टिफिन या हल्के डिनर के लिए ये एकदम सही रहता है. चलिए अब जानते हैं इसकी आसान रेसिपी, जिससे आप घर पर ही होटल जैसा स्वाद पा सकते हैं.

लेमन राइस बनाने के लिए जरूरी सामग्री
-1 कप पका हुआ चावल
-1 नींबू का रस
-5–6 काजू (कटे हुए)
-3 छोटे चम्मच तेल
-1 छोटा चम्मच राई
-1 छोटा चम्मच उड़द दाल
-1 छोटा चम्मच चना दाल
-1 सूखी लाल मिर्च
-1 छोटा चम्मच हींग
-2 हरी मिर्च (कटी हुई)
-1 छोटा चम्मच अदरक (बारीक कटा)
-1/4 छोटा चम्मच हल्दी
-5–6 करी पत्ते
-नमक स्वाद के अनुसार

कैसे बनाएं परफेक्ट साउथ इंडियन लेमन राइस
1. सबसे पहले एक कड़ाही लें और उसमें तेल गर्म करें. तेल गर्म होते ही उसमें राई डालें और उसे चटकने दें. जैसे ही राई चटकने लगे, उसमें उड़द दाल और चना दाल डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें.

2. अब इसमें सूखी लाल मिर्च, हरी मिर्च, अदरक, हींग, हल्दी और करी पत्ते डालें. इन सभी को धीमी आंच पर कुछ सेकंड तक भूनें, ताकि मसालों की खुशबू अच्छे से निकल आए.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. अब गैस धीमी रखें और इसमें नमक डाल दें. दूसरी तरफ एक बड़े बाउल में पके हुए चावल लें. ध्यान रखें कि चावल ज्यादा चिपके हुए ना हों, हल्के खुले रहें तो बेहतर रहेगा.

4. अब चावल में नींबू का रस डालें और हल्के हाथ से मिक्स करें. इसके बाद तैयार तड़का चावल में डालें और अच्छे से मिलाएं, ताकि हर दाने में मसाला और नींबू का स्वाद आ जाए.

5. अंत में कटे हुए काजू डालकर एक बार फिर से हल्का सा मिक्स करें. आपका स्वादिष्ट लेमन राइस तैयार है. इसे आप गर्म या ठंडा दोनों तरीके से खा सकते हैं.

लेमन राइस को और टेस्टी बनाने के टिप्स
-चावल हमेशा ठंडे या बचे हुए लें, इससे वो चिपकते नहीं हैं
-नींबू का रस आखिर में डालें, इससे फ्लेवर फ्रेश रहता है
-काजू की जगह मूंगफली भी डाल सकते हैं
-हल्का सा नारियल का तेल डालेंगे तो साउथ इंडियन टेस्ट और बढ़ जाएगा

कब खाएं लेमन राइस?
ये डिश सुबह के नाश्ते, लंच बॉक्स या हल्के डिनर के लिए एकदम सही है. ट्रैवल के दौरान भी ये अच्छा ऑप्शन है क्योंकि ये जल्दी खराब नहीं होता.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP