देवर से संबंध बनाने से इंकार किया, तो पति ने पत्नी को दी ‘थर्ड डिग्री’, सिर मुंडवाया और भूखा रखकर पीटा
Last Updated:
Etah News: एटा में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज और देवर से अवैध संबंध बनाने के दबाव का विरोध करने पर पति ने पत्नी पूजा को ‘थर्ड डिग्री’ टॉर्चर दिया. आरोपी ने महिला को रस्सियों से बांधकर 3 घंटे पीटा, उसके बाल काट दिए और अधमरी हालत में सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गया. पीड़िता का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है. पुलिस ने आरोपी पति योगेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पति ने पत्नी को रस्सियों से बांधकर 3 घंटे पीटा (फोटो-AI)
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां एक पति ने अपनी ही पत्नी को ऐसी ‘थर्ड डिग्री’ दी जिसे सुनकर रूह कांप जाए. दहेज की मांग और देवर के साथ अवैध संबंध बनाने के दबाव को लेकर पति ने अपनी पत्नी के हाथ-पैर बांधे, उसे तीन घंटे तक बेरहमी से पीटा और फिर उसके सिर के बाल भी काट दिए. इतना ही नहीं, जब महिला बेसुध हो गई, तो पति उसे मरा हुआ समझकर गांव के बाहर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया.
दहेज और अवैध संबंधों का दबाव
जानकारी के अनुसार, पीड़िता पूजा की शादी साल 2022 में फिरोजाबाद के थाना एका क्षेत्र के अंतर्गत गांव खतौली जयसिंहपुर (हटौली) के रहने वाले योगेश उर्फ कन्हैया के साथ हुई थी. पूजा का एक 3 साल का बेटा भी है. आरोप है कि शादी के बाद से ही पति योगेश, सास दाग श्री और देवर रंजीत व दानवीर उसे अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे.
पीड़िता का आरोप है कि बीते सोमवार को पति ने उस पर अपने भाई (देवर) के साथ अवैध संबंध बनाने का दबाव डाला. जब पूजा ने इसका कड़ा विरोध किया, तो पति के अंदर का जानवर जाग उठा और उसने बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं.
3 घंटे तक चला टॉर्चर का खेल
पूजा ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि पति ने उसे रस्सियों से बांध दिया और करीब 3 घंटे तक लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई की. इस दौरान उसे खाना-पीना तक नहीं दिया गया और घर वालों से बात करने पर भी पाबंदी लगा दी गई. दरिंदगी यहीं नहीं रुकी, आरोपी पति ने अपमानित करने के लिए पूजा के सिर के बाल भी काट दिए. जब पूजा पूरी तरह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई, तो आरोपी पति उसे रिजोर थाना क्षेत्र में एक ट्यूबवेल के पास सड़क किनारे डालकर भाग निकला.
मेडिकल कॉलेज में जिंदगी की जंग
परिजनों को जब पूजा सड़क किनारे बेसुध हालत में मिली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. आनन-फानन में उसे वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है.
पुलिस दर्ज किया मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए रिजोर थाना पुलिस ने पीड़िता के भाई की तहरीर पर आरोपी पति योगेश के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि ‘महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और परिजनों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं और मामले की जांच गहनता से की जा रही है.’
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें