अनुभव पर भारी युवा जोश…वैभव सूर्यवंशी ने जडेजा की गेंदों पर लगाए लंबे- लंबे छक्के, नेट्स में हैरान रह गए जड्डू
Last Updated:
Vaibhav suryavanshi sixes against Ravindra Jadeja: आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स के कैंप में रवींद्र जडेजा और 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के बीच की शानदार केमिस्ट्री चर्चा में है. नेट्स पर अभ्यास के दौरान वैभव ने जडेजा की गेंदों पर निडर होकर बड़े शॉट्स लगाए और मजाकिया अंदाज में उन्हें चुनौती भी दी. 2008 के चैंपियन जडेजा अब युवा वैभव के लिए एक मेंटर की भूमिका में नजर आ रहे हैं. अनुभव और युवा जोश का यह संगम राजस्थान रॉयल्स के लिए सुखद संकेत है.

वैभव सूर्यवंशी ने नेट्स में जडेजा की गेंदों पर खूब चौके और छक्के लगाए.
नई दिल्ली. आईपीएल की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि यहां कल के उभरते सितारे आज के महान नायकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते हैं. आईपीएल 2026 के आगाज से पहले राजस्थान रॉयल्स के खेमे से एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है, जिसने क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया है. जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में जब टीम इंडिया के दिग्गज रवींद्र जडेजा और 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का सामना हुआ, तो मैदान पर अनुभव और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला. वैभव नेट्स में जडेजा की गेंदों पर लंबे लंबे छक्के जड़ते नजर आ रहे हैं.
राजस्थान रॉयल्स द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि जडेजा अपनी फिरकी से वैभव को अभ्यास करा रहे हैं. 600 से अधिक अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले जडेजा के सामने बल्लेबाजी करना किसी भी युवा के लिए गर्व की बात होती है, लेकिन वैभव के आत्मविश्वास ने सबको हैरान कर दिया. अभ्यास के दौरान जब जडेजा ने एक गेंद ऑफ-स्टंप से काफी बाहर फेंकी, तो वैभव ने तुरंत मजाकिया अंदाज में कहा, ‘पाजी, बाहर है!’ उनकी इस मासूमियत और टशन पर जडेजा भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए. वीडियो में दोनों के बीच हंसी-मजाक का दौर चलता रहा. जहां एक तरफ वैभव ने जडेजा की गेंदों पर बड़े शॉट्स लगाए, वहीं दूसरी तरफ जडेजा ने वैभव को चकमा देने के बाद विकेट का जश्न मनाते हुए मैदान पर दौड़ लगा दी.